Vande Bharat Hits Cow: वंदे भारत एक्सप्रेस से गाय के टकराने का एक और मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश में ग्वालियर स्टेशन के पास गुरुवार शाम नई शुरू हुई भोपाल-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस से एक गाय टकरा गई। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि टक्कर के बाद सेमी-हाई-स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
वंदे भारत से टकराई गाय (File photo)
पटरियों पर अचानक आ गई
हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदे भारत ट्रेन से शाम करीब सवा छह बजे गाय टकरा गई। गाय ग्वालियर जिले के डबरा की ओर जाने वाली पटरियों पर अचानक आ गई। अधिकारी ने पीटीआई के हवाले से बताया कि इस घटना के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक स्टॉप पर रुकी रही। तकनीकी स्टाफ की मदद से इसे ठीक किया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रेन को देखने के लिए लोगों का हुजूम लग गया। जानकारी मिलते ही आरपीएफ पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा था।
11 वंदे भारत ट्रेनें शुरू की गईं
बता दें कि एक अप्रैल 2023 को पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सौगात दी थी। ट्रेन को शुरू हुए अभी पूरा एक महीना भी नहीं हुआ कि इस तरह का हादसा हो गया। इस घटना से सेमी-हाई-स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन का नोज कोन क्षतिग्रस्त हो गया।
वंदे भारत ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली तक का सफर करीब 7.45 घंटे में पूरा करती है। गुरुवार को भी ट्रेन अपने निर्धारित समय पर नई दिल्ली स्टेशन से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। ग्वालियर के डबरा स्टेशन के पास ट्रेक पर खड़ी एक गाय टकरा गई। करीब 15 मिनट तक ट्रेन एक ओवर ब्रिज के नीचे खड़ी रही।
