PIB Fact Check Bhakra Dam: नेपाल त्रासदी में अब तक 547 लोगों की मौत की हुई है। वहीं इस आई आपदा में अब 1000 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इन सभी के बीच सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर इन दिनों एक वीडियो जमकर शेयर किया जा रहा है, जिसने आम लोगों के बीच बेवजह का डर पैदा कर दिया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भाखड़ा नांगल बांध की मुख्य दीवार 1.77 इंच तक झुक चुकी है।
'दिल्ली डूबने' के खौफनाक दावे पर PIB ने खोला सच (फाइल फोटो)
वीडियो में यह भी डरावना दावा किया गया है कि अगर यह बांध टूटता है, तो दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहर पानी में डूब जाएंगे और भारी तबाही मच जाएगी। जब यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैली, तो भारत सरकार की आधिकारिक एजेंसी यानी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि यह पूरा दावा पूरी तरह से भ्रामक और गलत है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: नेपाल त्रासदी के बीच पीएम आपदा कोष में एक माह की सैलरी डोनेट करेंगे मिनिस्टर्स; सरकार ने लिए 2 और बड़े फैसले
PIB फैक्ट चेक में क्या आया सामने?
PIB फैक्ट चेक के अनुसार, 27 अगस्त को दर्ज किए गए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक बांध की दीवार का वास्तविक झुकाव (Deflection) 1.77 इंच नहीं, बल्कि सिर्फ 0.86 इंच है। इतने बड़े कंक्रीट संरचना वाले बांधों में इतना मामूली झुकाव एक सामान्य प्रक्रिया मानी जाती है। इसके अलावा, बांध की मजबूती को नापने वाले सभी तकनीकी पहलू-जैसे तनाव (Stress), खिंचाव (Strain), पानी का दबाव (Pore Pressure) और पानी का रिसाव (Seepage)-तय की गई सुरक्षित सीमाओं के बिल्कुल अंदर हैं।
बिना सच्चाई जानें किसी खबर को ना करें शेयर
तकनीकी आंकड़ों से साफ है कि बांध को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और यह पूरी तरह से मजबूत और सुरक्षित है। इसलिए बांध टूटने या दिल्ली में बाढ़ आने जैसी बातें केवल अफवाह हैं। PIB ने आम लोगों से अपील की है कि वे इंटरनेट पर डर और भ्रम फैलाने वाले ऐसे सनसनीखेज दावों पर बिल्कुल यकीन न करें। किसी भी खबर को शेयर करने से पहले उसकी पूरी सच्चाई जान लें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।
