Bengal Govt Formation: भाजपा विधायक दल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार की शाम कोलकाता स्थित राजभवन में राज्यपाल आर एन रवि से मुलाकात की। इस दौरान, सुवेंदु अधिकारी ने सरकार बनाने का दावा किया पेश। सुवेंदु अधिकारी भाजपा की प्रदेश इकाई के दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी और तापस रॉय सहित कई शीर्ष नेताओं के साथ लोकभवन पहुंचे।
भाजपा विधायक दल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से की मुलाकात
बंगाल में भाजपा के पहले CM बनेंगे सुवेंदु
इससे पहले, अधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इसी के साथ ही शनिवार को होने वाले शपथग्रहण समारोह में सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह पहला मौका है जब बंगाल में भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेगा।
शपथग्रहण समारोह में कौन-कौन होगा शामिल?
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 9 मई को शपथग्रहण समारोह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
'सभी वादों को करेंगे पूरा'
राज्य के नामित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में नई और पहली भाजपा सरकार सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी, पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने आने वाली सरकार की प्राथमिकताएं रेखांकित कीं और कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है और राज्य अब "भरोसे" के दौर की ओर बढ़ेगा। पार्टी विधायकों और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, "भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है।"
इससे पहले 55 वर्षीय भाजपा नेता को शाह और प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।
