Post-poll violence in Bengal: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में मंगलवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम न्यू टाउन इलाके में विजय जुलूस के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत हो गई। इससे पहले बीरभूम के नानूर में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी।
बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा।
टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि न्यू टाउन में, कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बहस के बाद मंडल की पिटाई की, जब उसी समय भल्लीगुड़ी क्षेत्र में भाजपा का विजय जुलूस निकाला जा रहा था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इलाके में टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया। अधिकारी ने बताया कि स्थिति सामान्य करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा। इससे पहले नानूर इलाके में एक झड़प में शेख की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
शेख की मौके पर ही मौत हो गई
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीएमसी के नानूर अंचल समिति के सदस्य अबीर शेख की नानूर जिले के संतोषपुर गांव में ’दूसरे गुट’ से हुई बहस के दौरान हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि शेख की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, घायल हो गया। उन्होंने बताया कि जहां तनाव का माहौल है, वहां पुलिस बल को तुरंत भेजा गया है। नानूर से टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायक बिधान माझी ने दावा किया कि शेख पार्टी के सक्रिय सदस्य थे और इलाके में भाजपा के गुंडों ने उनकी हत्या कर दी। हालांकि, भाजपा नेता श्यामपद मंडल ने कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी सदस्य इस हमले में शामिल नहीं था और पुलिस को आरोपियों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
बुजुर्ग महिला पर बेरहमी से हमले का दावा
टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने शव का एक वीडियो साझा करते हुए शीर्षक में लिखा, 'भयानक, दिल दहला देने वाला।’ X पर एक पोस्ट में घोष ने कहा, 'व्यापक हिंसा में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या।’ टीएमसी ने अपने आधिकारिक 'एक्स’ हैंडल पर कहा, 'बीरभूम के नानूर में हमारे पार्टी कार्यकर्ता की निर्मम हत्या। मोदी का परिवर्तन का विचार शुरू हो गया है। मृतक का नाम अबीर एसके।’ पार्टी ने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि अलीपुरदुआर कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक बुजुर्ग महिला पर बेरहमी से हमला किया। टीएमसी ने महिला की कथित तस्वीर संलग्न करते हुए कहा, 'उन्हें सिर समेत कई जगह चोटें आई हैं।’ हालांकि, ’पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।
(एजेंसी इनपुट)
