Bankipur By Election Result: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर की जीत हुई । पीके की इस शानदार जीत पर जनशक्ति जनता दल सुप्रीमो और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने खुशी जाहिर की है।
Bankipur By Election Result: प्रशांत किशोर को मिली बढ़त पर तेज प्रताप ने जताई खुशी। PTI
उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से आपकी ऐतिहासिक और शानदार जीत पर प्रशांत किशोर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत आपकी अथक मेहनत, समर्पण और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।"
संदेश में उन्होंने आगे लिखा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि आप जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहें और बांकीपुर नई ऊंचाइयों को छुए। अंत में एक बार फिर शानदार जीत की शुभकामनाएं देते हुए "जय बिहार, जय हिंद और वंदे मातरम्" के नारों के साथ संदेश का समापन किया गया। समर्थक और शुभचिंतक सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
जीत के बाद क्या बोले प्रशांत किशोर?
जीत के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह परिणाम भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी एक संदेश है। उन्होंने कहा कि बिहार को एक अच्छा मुख्यमंत्री चाहिए और राज्य से पलायन रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, "यह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का प्रयास है। एक अच्छे आदमी को मुख्यमंत्री बनाइए। बिहार में रोजगार हो, बच्चे बाहर न जाएं। जिन्होंने मुझे वोट दिया उनका धन्यवाद और जिन्होंने नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए और काम करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "30 दिन में 30 साल का गढ़ ढह गया है। मोदी जी को बिहार के लोगों ने भी वोट दिया है। जैसे गुजरात की चिंता है, वैसे ही बिहार की भी चिंता हो। ऐसा कार्यक्रम बने जिससे पलायन रुके।"
क्यों हुआ था उपचुनाव?
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराया। चुनाव में जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला।
