सनातन और हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करने वाले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के एक बयान पर बवाल मचा है। आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम से तुलना करते हुए श्रीकृष्ण का अपमान किया। इतना ही नहीं, उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने, बंसी बजाने और उनके वृंदावन धाम पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। बागेश्वर बाबा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि हिंदू एकता की बात करने वाले किसी कथावाचक की ऐसी भाषा कैसे हो सकती है।
बागेश्वर बाबा धीरेन्द्र शास्त्री (फोटो- bageshwardhamsarkarofficial)
ये भी पढ़ें- खसम पूजन दिवस से नशा, नींद और नारी तक... बागेश्वर बाबा के बयान क्यों बन रहे विवाद के कारण
भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी
भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "...तु्म्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं। खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव। कमर कहीं लचकाएं। फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं। जबकि हमारे वाले तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं। उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे। तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े।"
बंसी बजाने का भी उड़ाया मजाक
धीरेंद्र शास्त्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने माइक पर गाते हुए कहा, "बंसी का बजाना तो खेल भी है, लेकिन धनुष चलाना कोई खेल नहीं, तुम्हारे ठाकुर जी जो बंसी बजाते हैं वो कोई बड़ा काम नहीं है। बंसी तो यहां मंच पर मौजूद एक व्यक्ति भी बजा रहा है।" उन्होंने मंच पर मौजूद बांसुरी बजाने वाले कलाकार की तरफ इशारा करते हुए कहा।
अब देते फिर रहे सफाई
बात तो दूर तक चली गई ...जब भद्द पिट गई तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सामने आकर स्पष्टीकरण देना पड़ा अब वो कह रहें उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा, "एक वीडियो है जिसमें, भावुक होकर हमने बड़े प्यार से श्री ठाकुर जी के सामने अपनी शिकायत रखी थी। हमने कहा था कि हमारे राम जी सीधे-सादे हैं, जबकि ठाकुर जी ऐसे नहीं हैं। कई लोगों ने इसका गलत मतलब निकाल लिया और अलग-अलग जगहों पर बेबुनियाद बातें करने लगे..."
