योग गुरु स्वामी रामदेव रविवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां एग्रिको मैदान में पतंजलि योग समिति की ओरे से आयोजित प्रांतीय महिला सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और सनातन धर्म को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने लोगों को नियमित योगाभ्यास करने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
बाबा रामदेव का बाबा बागेश्वर पर बड़ा हमला (फाइल फोटो)
वहीं, सनातन धर्म के नाम पर बढ़ते सामाजिक उन्माद और हिंसा को लेकर भी चिंता जताई, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनातन था, है और रहेगा। प्रांतीय महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने में मदद मिलती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 2027 चुनाव से पहले यूपी में 'राम कथा' की लहर; विवाद दरकिनार कर जुट रही भारी भीड़
उन्होंने लोगों से योग को केवल विशेष आयोजनों तक सीमित नहीं रखने, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की, उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण देन है, जिसे अपनाकर लोग अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।
सनातन धर्म को लेकर चल रही बयानबाजी पर भी रखी अपनी बात
सम्मेलन के दौरान बाबा रामदेव ने सनातन धर्म को लेकर देश में चल रही बयानबाजी पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने लोगों से सनातन के नाम पर सामाजिक उन्माद और हिंसा से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सनातन किसी व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है, सनातन था, है और आगे भी रहेगा। उन्होंने धर्म के नाम पर समाज में तनाव उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से सावधान रहने की आवश्यकता बताई।
बाबा रामदेव ने किसी का नाम लेकर सीधा आरोप नहीं लगाया
स्वामी रामदेव ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की कथित टिप्पणी के संदर्भ में भी अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिक्रिया दी। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम लेकर सीधा आरोप नहीं लगाया, उन्होंने कहा कि सनातन को लेकर देश में जिस प्रकार का माहौल बन रहा है, वह उचित नहीं है। वहीं, पिछले 12 वर्षों तक इस विषय पर चुप रहने और अब अचानक टिप्पणी करने से संबंधित सवालों पर उन्होंने सीमित प्रतिक्रिया दी। उनके बयान को सनातन धर्म के नाम पर साधु-संतों की राजनीतिक बयानबाजी और सामाजिक ध्रुवीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, स्वामी रामदेव ने किसी राजनीतिक दल या केंद्र सरकार पर सीधे तौर पर टिप्पणी नहीं की। एग्रिको मैदान में आयोजित प्रांतीय महिला सम्मेलन में पतंजलि योग समिति से जुड़ी महिलाओं, पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान योग, स्वास्थ्य, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
