40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया बाबा राम रहीम, सिरसा डेरे के लिए रवाना

Baba Ram Rahim : बाबा राम रहीम 40 दिन के पैरोल पर बाहर आ गया है। जानकारी के मुताबिक, जेल से बाहर आते ही बाबा राम रहीम अपने सिरसा डेरे के लिए रवाना हो गए।

Ram Rahim Baba: सुनारिया जेल में बंद बाबा राम रहीम 40 दिन के पैरोल पर बाहर आ गया है। मंगलवार सुबह सात बजे बाबा राम रहीम अपने काफिले के साथ सिरसा डेरे के लिए रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को राम रहीम का जन्मदिन है। बताया जा रहा है कि सिरसा डेरे में रक्षाबंधन के बाद जन्मदिन मनाया जाएगा। बता दें, साध्वी यौन उत्पीड़न केस में आरोप सिद्ध होने के बाद 2017 से राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे है। बता दें, पिछली बार 10 अप्रैल को 21 दिन की फरलो पर बाबा राम रहीम जेल से बाहर आया था। जेल में एक निश्चित समय बिताने और व्यवहार के बाद पैरोल और फरलो की प्रक्रिया अदालत में शुरू की जाती है। हालांकि, पैरोल की अवधि सजा में नहीं जोड़ी जाती है, जबकि फरलो की अवधि सजा में ही जोड़ी जाती है। 2025 में राम रहीम तीसरी बार जेल से बाहर आया है। फरवरी और अप्रैल में 21 और 21 दिन की फरलो मिल चुकी है। बाबा को साथ ही 2017 से अब 14वीं बार पैरोल या फरलो मिली है।

Ram Rahim Baba

40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया बाबा राम रहीम (ANI)

20 साल की सजा काट रहा है बाबा राम रहीम

बता दें, बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के मामले में 20 साल कारावास की सजा काट रहे है। उसे पिछले साल भी पांच अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले एक अक्टूबर को भी 20 दिन की पैरोल दी गई थी। सिंह को 2017 में अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार करने के मामले में दोषी ठहराया गया था। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने 2002 में डेरा के पूर्व प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले में डेरा प्रमुख तथा चार अन्य आरोपियों को ढुलमुल जांच का हवाला देते हुए पिछले वर्ष मई में बरी कर दिया था। इससे पहले, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की विशेष अदालत ने करीब 20 साल पुराने हत्याकांड में सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उसे सह-आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रचने का दोषी पाया गया था। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों में डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों की अच्छी खासी तादाद है। हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल और हिसार समेत कई जिलों में डेरा के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। इसका मुख्यालय भी सिरसा में है।

End of Feed