Ayodhya Ram Mandir Visitors: अयोध्या में राम मंदिर में स्थापित रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी पड़ी है। राम भक्तों से अयोध्या नगरी पट गई है। सरयू से लेकर हनुमान गढ़ी तक भगवान राम के भक्तों की भीड़ ही भीड़ दिख रही है। मिली जानकारी के अनुसार रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
हजारों कतार में खड़े
पीटीआई के अनुसार एक अधिकारी ने बताया कि अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के अगले दिन मंगलवार को दोपहर तक करीब ढाई से तीन लाख श्रद्धालु उनके दर्शन कर चुके हैं और इतने ही श्रद्धालु दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। सूचना निदेशक शिशिर ने कहा- "दोपहर तक ढाई से तीन लाख श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर चुके हैं और इतनी ही संख्या में श्रद्धालु शेष हैं। आठ हजार से अधिक पुलिसकर्मी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और सब कुछ नियंत्रण में है।"
अफवाहों का खंडन
पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार और प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद खुद मंदिर के अंदर हैं और व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। अयोध्या पुलिस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों का खंडन किया है कि भारी भीड़ के कारण मंदिर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
आज से ही हुई है आम लोगों की एंट्री
बता दें कि आम लोगों के लिए मंगलवार से ही अयोध्या में राम मंदिर का कपाट खुला है। स्थानीय और अन्य राज्य के लोगों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोमवार देर रात को ही मंदिर परिसर की ओर जाने वाले राम पथ पर मुख्य द्वार के समीप एकत्रित हो गए। प्राण प्रतिष्ठा के लिए फूलों से सजाए गए द्वार के समीप बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने पर पुलिस ने श्रद्धालुओं को बताया कि मंदिर मंगलवार से खुलेगा।भगवान राम के चित्र वाले झंडे लेकर और "जय श्री राम" के नारे लगाते हुए, श्रद्धालु कड़कड़ाती ठंड में भव्य मंदिर के दरवाजे खुलने से पहले घंटों तक इंतजार करते रहे।
