Gurugram: गुरुग्राम पुलिस के साथ मारपीट की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते दो माह में चार बार पुलिस मारपीट का शिकार हुई है। इसमें से मारपीट की दो घटना एक सप्ताह के अंदर ही हुई हैं। इस सप्ताह बीते सोमवार को एक नाइजीरियन ने गुरुग्राम पुलिस पर हमला किया था, वहीं इस बार एक साइबर केस में पूछताछ करने गए पुलिसकर्मियों पर आरोपी ने हमला बोल दिया। जिससे एक एएसआई और एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिसकर्मियों की शिकायत पर डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।
डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार साइबर थाने में तैनात एएसआई सतेंद्र सिंह और एक हेड कांस्टेबल एक केस के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए डीएलएफ फेज-2 के भीम नगर गए हुए थे। पुलिस के अनुसार यहां के रहने वाले भरत नाम के व्यक्ति से पूछताछ करनी थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जैसे ही भरत से केस के बारे में पूछताछ शुरू की तो वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। पुलिसकर्मी ने जब उसे मना किया तो आरोपी अपने घर के अंदर गया और वहां से एक डंडा ले आया।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी हुआ फरार
पुलिस शिकायत के अनुसार, आरोपी ने डंडे से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों ने वहां से भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई और डीएलएफ फेज-2 थाने पहुंच कर घटना की पूरी जानकारी दी। जिसके बाद थाना पुलिस आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह तब तक फरार हो चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बता दें कि बीते सोमवार को भी इसी थाना क्षेत्र में एक नाइजीरियन व्यक्ति ने नाकाबंदी कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। इस घटना में भी एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था। इस घटना के बाद से आरोपी नाइजीरियन फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
