Markapur bus accident: आंध्र प्रदेश के मार्कापुर में भयावह बस हादसा हुआ है। रायावरम के नजदीक यहां एक निजी बस एक टिपर ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और फिर आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस धूं-धूं कर जलने लगी। इस भयावह हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। हादसे में घायलों को उचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंदबाबू नायडू ने इस बस हादसे पर दुख जताया है।
तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी बस
मुख्यमंत्री नायडू ने मार्कापुरम जिले के रायवरम के पास हुई इस सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बात की और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने घायलों को दिए जा रहे चिकित्सा उपचार के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। जिला पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि लगभग 20 घायल लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की गहन जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बांग्लादेश में नदी में गिरी बस, 16 की मौत
बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां यात्रियों से भरी एक बस नदी में जा गिरी। जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी बेकाबू होकर पद्मा नदी में जा गिरी। इस हादसे में कई यात्रियों के अभी भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिनमें कई बच्चे और परिवार के सदस्य शामिल थे। ज्यादातर यात्री ईद की छुट्टियां बिताकर ढाका लौट रहे थे।
