Assam Flood: असम में बाढ़ से 1118 गांव जलमग्न, 4 लाख से अधिक लोग प्रभावित, कई लोगों की मौत, अमित शाह ने दिया मदद का आश्वासन

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jun 25, 2023, 10:16 PM IST

Assam Flood: पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ के भारी तबाही हुई है। चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 1118 गांव जलमग्न हो गया 8469 हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई। गृह मंत्री अमित शाह ने मदद का आश्वासन दिया।

Assam Flood: असम में बाढ़ आने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। असम के 9 जिले बाढ़ के चपेट में आ गए हैं। इन जिलों में करीब चार लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के मुताबिक बाढ़ से बक्सा, बारपेटा, दरांग, धुबरी, गोलपारा, कामरूप, लखीमपुर, नलबाड़ी और उदलगुरी जिलों में 4,07,700 लोग प्रभावित हुए हैं। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ का पानी अब धीरे धीरे घटने लगा है। एएसडीएमए के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की पहली लहर में तीन लोगों की जान गई है। अपडेटेड रिपोर्ट के मुताबिक गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी का जल स्तर बढ़ने से निचले इलाकों में जलभराव के चलते स्थानीय लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ब्रह्मपुत्र नदी के जल स्तर में अब थोड़ी कमी देखी जा रही है। आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Assam Flood, Amit Shah, Himanta Biswa Sarma

बाढ़ से असम में त्राहिमाम (तस्वीर-ANI)

असम में 1118 गांव जलमग्न, 8469.56 हेक्टेयर फसल बर्बाद

एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में 1,118 गांव जलमग्न हैं और 8,469.56 हेक्टेयर में लगी फसल नष्ट हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बक्सा, बारपेटा, सोनितपुर, धुबरी, कामरूप, कोकराझार, नलबाड़ी, दक्षिण सलमारा और उदलगुरी में भारी भूमि कटाव देखा गया है। करीमगंज में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के कारण भूस्खन की घटनाओं की भी खबर है। दरांग, सोनितपुर, कामरूप, गोलाघाट, नलबाड़ी, बारपेटा, बक्सा, बोंगाईगांव, धुबरी, गोलपारा, करीमगंज, कोकराझार, उदलगुरी और लखीमपुर में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एएसडीएमए ने कहा कि दरांग जिले में कई स्थानों पर शहरी इलाके जलमग्न हो गए हैं, तेजपुर और नेमातीघाट में ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रशासन इन जिलों में 101 राहत शिविर का संचालन कर रहा है, जहां 81,352 लोगों ने शरण ले रखी है और पांच जिलों में 119 राहत वितरण केंद्र चलाए जा रहे हैं।

End of Feed