Assam Bypolls: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को असम की नागांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने नागांव उपचुनाव के लिए देबाशीष शर्मा पर दांव लगाया है, जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं।
भाजपा ने नौगांव से उम्मीदवार का किया ऐलान (फाइल फोटो)
कब होगा उपचुनाव
नागांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान डाले जाएंगे, जबकि मतों की गणना 9 अक्टूबर को होगी।
भाजपा की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन के मुताबिक, पार्टी की केंद्रीय चुनाव कमेटी ने अगामी उपचुनाव के लिए देबाशीष शर्मा के नाम को भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मंजूरी प्रदान की है।
कौन हैं देबाशीष शर्मा?
देबाशीष शर्मा नागांव के पूर्व जिला आयुक्त हैं और उन्होंने 9 सितंबर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 23 फरवरी, 1967 को जन्मे देबाशीष शर्मा भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी हैं, जो असम-मेघालय कैडर में तैनात थे।
भाजपा में शामिल होने के बाद देबाशीष शर्मा ने कहा था कि वह लोगों की बेहतर सेवा करने के लिए एक मंच चाहते थे। हालांकि, जब उनसे टिकट के बारे पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि यह फैसला पार्टी द्वारा लिया जाएगा। मैं उम्मीदवार बनूंगा या नहीं, यह पार्टी पर निर्भर करता है। मैं तो सिर्फ एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में शामिल हुआ हूं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PM मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ फिर दोहराया भारत का रुख, 9/11 हमले के पीड़ितों को किया याद
नागांव सीट पर क्यों हो रहे चुनाव?
नागांव सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिन्होंने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर नागांव से जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए और हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में दिसपुर से अपनी किस्मत आजमाई, जहां उन्हें कामयाबी भी मिली।
