असम में कांग्रेस के चुनावी दौरे के दौरान पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर कथित हमले का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उनके काफिले पर पत्थरबाजी की गई। उनके साथ कांग्रेस सचिव मनोज चौहान, कांग्रेस उम्मीदवार सिवामोनी बोरा और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। गौरव गोगोई ने वीडियो साझा करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम पुलिस पर सवाल उठाए हैं।
भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव का गौरव गोगोई ने किया दावा।
‘ये हमारे काफिले पर हमले का साफ वीडियो’
गौरव गोगोई ने अपने पोस्ट में लिखा कि यह उनके काफिले पर हुए हमले का स्पष्ट वीडियो है। उन्होंने बताया कि काफिले में पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा कांग्रेस सचिव मनोज चौहान, कांग्रेस उम्मीदवार सिवामोनी बोरा, राज्य के नेता और वह खुद मौजूद थे।
उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री असम से बाहर गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र में पुलिस भेज सकते हैं, लेकिन अब असम में ही पत्थर फेंकने वालों को खोजने में असमर्थ हो जाएंगे।
चुनाव आयोग की कार्रवाई पर भी सवाल
गौरव गोगोई ने अपने पोस्ट में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग इस मामले में किसी अधिकारी के तबादले या निलंबन का आदेश नहीं देगा। उन्होंने असम के डीजीपी से भी मामले में कार्रवाई की मांग की है।
