भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को दो और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इन दो उम्मीदवारों के साथ ही भाजपा ने असम विधानसभा की 126 सीटों में से 90 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
असम विधानसभा चुनाव 2026
जिन दो नए नामों का एलान किया गया है, उनमें कृष्णा साहा को दलगांव से और जीवन गोगोई को सिसीबरगांव से मैदान में उतारा गया है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि लखीमपुर से भाजपा के सांसद प्रधान बरुआ की पत्नी को विधानसभा चुनाव में सिसीबरगांव से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। सिसीबरगांव सीट लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। हालांकि, पार्टी ने स्थानीय नेता जीवन गोगोई को उम्मीदवार बनाया है।
ऐसा है सीटों का समीकरण
भाजपा यहां असम गण परिषद (अगप)और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। अगप को 26 सीटें मिलीं,जबकि बीपीएफ को चुनाव पूर्व समझौते के तहत 11 सीटें मिलीं। शेष सीटें भाजपा के हिस्से में हैं।
भाजपा और अगप कर चुकी उम्मीदवारों के नामों का एलान
भाजपा और अगप दोनों ने चमारिया सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। भाजपा ने गुरुवार को असम के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को जलुकबाड़ी से और पार्टी के मौजूदा सांसद हितेंद्र नाथ गोस्वामी को प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई के खिलाफ जोरहाट से मैदान में उतारा गया है।
कौन मंत्री कहां से उम्मीदवार
जिन मंत्रियों को उनकी सीटों से फिर से उतारा गया है,उनमें गोलाघाट से अजंता नियोग, धेमाजी (एसटी) से रनोज पेगु, डूमडूमा से रूपेश गोवाला, तिंगखोन से बिनल बोरा, जगीरोड (एससी) से पीयूष हजारिका, नलबाड़ी से जयंत मल्ला बरुआ, ढेकियाजुली से अशोक सिंघल, पाथरकांडी से कृष्णेंदु पॉल और लखीपुर से कौशिक राय शामिल हैं।
हाल में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा क्रमशः दिसपुर और बिहपुरिया से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस में हाल में शामिल हुए अन्य नेताओं में शशिकांत दास को राहा (एससी) से मैदान में उतारा गया है, जबकि कमलाख्या पुरकायस्थ को करीमगंज (उत्तर) से कटिगोराह स्थानांतरित कर दिया गया है। हाल में भाजपा में शामिल हुए पूर्व अगप विधायक भूपेन रॉय अभयपुरी से चुनाव लड़ेंगे।
