Arvind Kejriwal Slams BJP: दिल्ली की सियासत में इन दिनों भूचाल आया हुआ है, 50 दिनों से अधिक समय तक जेल की सलाखों के पीछे रहने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 1 जून तक अंतरिम जमानत दे दी। जिसके बाद बाहर आते ही वो भाजपा पर लगातार हमलावर हैं। इसी बीच स्वाति मालीवाल प्रकरण में आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ गईं। केजरीवाल ने मालीवाल से मारपीट मामले में तो कुछ नहीं बोला, लेकिन वो भाजपा पर लगातार हमला बोल रहे हैं। इसी बीच उन्होंने ये आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी को कुचलने के लिए बीजेपी ने 'ऑपरेशन झाड़ू' शुरू किया है।
केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया ये गंभीर आरोप।
भाजपा पर 'ऑपरेशन झाड़ू' शुरू करने का आरोप
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) को कुचलने के लिए 'ऑपरेशन झाड़ू' शुरू किया है क्योंकि भाजपा 'आप' को एक चुनौती के रूप में देखती है। भाजपा मुख्यालय पर 'आप' के प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगे बड़ी चुनौतियां सामने आएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनका सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा।
हमारा कार्यालय भी छीन लिया जायेगा- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से चिंतित हैं। पार्टी बहुत तेजी से आगे बढ़ी है। उन्होंने पार्टी को कुचलने के लिए 'ऑपरेशन झाड़ू' शुरू किया है। आने वाले समय में हमारे बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी जाएगी, हमारा कार्यालय भी छीन लिया जायेगा और हम सड़क पर आ जायेंगे।'
उनका सामना करने के लिए तैयार रहने की अपील
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा, 'हमारे सामने आगे बड़ी चुनौतियां होंगी। कृपया उनका सामना करने के लिए तैयार रहें। एक बात याद रखें कि अतीत में हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हमारे ऊपर भगवान हनुमान का आशीर्वाद है। हम इनसे बच नहीं पाते... सत्य के मार्ग पर चलना है। हम समाज के लिए काम करना चाहते हैं।'
'हमें गिरफ्तार नहीं किया तो यह उनकी हार होगी'
आबकारी नीति मामले में अंतरिम जमानत पर बाहर आए केजरीवाल ने शनिवार को कहा था कि वह अन्य आप नेताओं के साथ 19 मई को भाजपा मुख्यालय जाएंगे 'ताकि प्रधानमंत्री जिसे चाहें उसे जेल भेज सकें।' दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, 'हम शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा मुख्यालय तक मार्च करेंगे और अगर पुलिस हमें रोकती है तो हम वहीं बैठ जाएंगे। हम आधे घंटे तक इंतजार करेंगे और देखेंगे कि क्या वे हमें गिरफ्तार करते हैं। अगर उन्होंने हमें गिरफ्तार नहीं किया तो यह उनकी हार होगी। आप हम सबको जेल भेज सकते हैं और खुद देख सकते हैं कि पार्टी खत्म होती है या और आगे बढ़ती है।'
तिहाड़ जेल में बंद रहने के समय को याद करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने वहां दो बार भगवद्गीता और एक बार रामायण पढ़ी।
(इनपुट- भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
