BJP ने पाक-बांग्लादेश के लोगों के लिए दरवाजे खोल दिए हैं, ये देश के लिए खतरनाक...CAA को लेकर केजरीवाल का केंद्र पर निशाना

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 13, 2024, 11:06 AM IST

केजरीवाल ने CAA को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी अपना नया वोट बैंक तैयार कर रही है। यहां के बच्चों की नौकरियां दूसरों को दी जाएंगी।

Arvind Kejriwal On CAA: दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने सीएए के जरिए पाकिस्तान, बांग्लादेश से आए लोगों के लिए दरवाजे खोल दिए हैं, यह देश के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि देश भर के लोग चाहते हैं कि सीएए वापस लिया जाए। लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ वोट देकर अपना गुस्सा जाहिर करें। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी अपना नया वोट बैंक तैयार कर रही है। यहां के बच्चों की नौकरियां दूसरों को दी जाएंगी।

Arvind Kejriwal

अरविंद केजरीवाल

केजरीवाल ने क्या-क्या कहा

केजरीवाल ने वीडियो संदेश में कहा- यह सीएए क्या है? केंद्र की बीजेपी सरकार का कहना है कि अगर तीन देशों बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक भारतीय नागरिकता लेना चाहेंगे तो उन्हें भी नागरिकता दी जाएगी। इसका मतलब है कि बड़ी संख्या में अल्पसंख्यकों को हमारे देश में लाया जाएगा। उन्हें नौकरियां दी जाएंगी और उनके लिए घर बनाए जाएंगे। भाजपा हमारे बच्चों को नौकरी नहीं दे सकती लेकिन वे पाकिस्तान से आए बच्चों को नौकरी देना चाहते हैं। हमारे कई लोग बेघर हैं लेकिन भाजपा पाकिस्तान से आए लोगों को यहां बसाना चाहती है। वे हमारी नौकरियां उनके बच्चों को देना चाहते हैं। वे पाकिस्तानियों को हमारे घरों में बसाना चाहते हैं। भारत सरकार का जो पैसा है, उसका इस्तेमाल हमारे परिवारों और देश के विकास के लिए किया जाना चाहिए। इसका उपयोग पाकिस्तानियों को बसाने के लिए किया जाएगा।

End of Feed