Arunachal Pradesh Assam Rifles Attack: पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप सुरक्षाबलों पर एक भीषण उग्रवादी हमले की खबर सामने आई है। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमा सीमा के पास मंगलवार को संदिग्ध उग्रवादी हमले में असम राइफल के एक जवान की जान चली गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना नामपोंग क्षेत्र में नामपोंग नाला के पास सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। '21 असम राइफल' के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे, जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम किया जा रहा है।
अरुणाचल प्रदेश में भारत-म्यांमार सीमा पर बड़ा उग्रवादी हमला, असम राइफल्स के गश्ती दल पर अंधाधुंध फायरिंग, 1 जवान शहीद, 4 घायल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संदिग्ध उग्रवादियों ने गश्ती दल पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें हवलदार जानखोकाई कुकी (42) की जान चली गई और चार अन्य जवान घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। उनकी स्थिति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।
एनएससीएन (के-वाईए) से जुड़े उग्रवादियों की संलिप्तता की आशंका
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाश अभियान तेज कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी में एनएससीएन (के-वाईए) से जुड़े उग्रवादियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। हालांकि, हमलावरों की पहचान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और असम राइफल की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
भारत-म्यांमा सीमा संवेदनशील बनी हुई
चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडू ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और उन्होंने चांगलांग थाना प्रभारी को मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, 'हमें भारत-म्यांमा सीमा पर हुई इस घटना के बारे में जानकारी मिली है और हमने चांगलांग थाना प्रभारी को इससे जुड़ी सूचनाएं एकत्र करने के लिए कहा है।' पूर्वोत्तर के इस क्षेत्र में सक्रिय विद्रोही गुटों की मौजूदगी और अंतरराष्ट्रीय सीमा के कारण चांगलांग जिले में भारत-म्यांमा सीमा संवेदनशील बनी हुई है।
