Army Helicopter Crashed: सेना के एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खामी के चलते जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में वन क्षेत्र में मजबूरन उतारा गया जिससे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में गंभीर रूप से घायल तकनीशियन की मौत हो गई वहीं पायलट और को-पायलट घायल हैं। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी।
Helicopter Crash in Kishtwar
नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हुआ ध्रुव
अभियान के तहत मिशन में तैनात उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव मारवाह इलाके में एक नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह इलाका इन दिनों भारी बर्फबारी के कारण जिला मुख्यालय से कट गया है। सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि घटना की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं। उधमपुर स्थित उत्तरी कमान ने एक बयान में कहा कि परिचालन मिशन पर गए आर्मी एविएशन एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर ने चार मई 2023 को पूर्वाह्न 11 बजकर 15 मिनट पर जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में मारुआ नदी के किनारे एहतियाती लैंडिग की।
मजबूरन हेलीकॉप्टर को उतारना पड़ा
बयान में कहा गया है कि पायलट ने हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को तकनीकी खामी के बारे में बताया था और हेलीकॉप्टर को ऐहतियातन उतारने की बात कही थी। बयान के मुताबिक, ऊबड़-खाबड़ मैदान में हेलीकॉप्टर को मजबूरन उतारा गया। तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और सेना के बचाव दल मौके पर पहुंचे।
सेना ने बताया कि घायलों को उधमपुर के कमान अस्पताल ले जाया गया है। स्थानीय लोग तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने घायलों को निकालने में मदद की। किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील अहमद पोसवाल ने बताया कि हेलीकॉप्टर का मलबा नदी के किनारे मिला। उन्होंने पहले कहा था कि दुर्घटना सुबह करीब दस बजकर 35 मिनट पर हुई।
बता दें कि ठंड के मौसम में इस इलाके के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर ही परिवहन का एकमात्र साधन है, और इन्हीं के जरिए वहां सामान भी भेजा जाता है। इससे पहले हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की संख्या को लेकर भ्रम था।
हादसों का सिलसिला
बता दें कि इससे पहले 16 मार्च 2023 को अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला में सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर हादसे में दोनों पायलट की मौत हो गई थी। मारे गए पायलटों की पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल वीवीबी रेड्डी और मेजर जयंत ए के रूप में हुई थी।
पिछले साल अक्तूबर में भी तवांग क्षेत्र में सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई थी। ये हेलीकॉप्टर अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला के पास ऑपरेशनल सॉर्टी के दौरान चीता हेलीकॉप्टर का एटीसी से संपर्क टूट गया था। बाद में पता चला कि हेलीकॉप्टर बोमडिला के पश्चिम में मंडला के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
