Arjun Ram Meghwal Harmonium Modi Song: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया विवादित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का आक्रामक हमला जारी है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) ने एक अनूठे और संगीतमय अंदाज में जवाब दिया है। 72 वर्षीय केंद्रीय मंत्री ने हारमोनियम बजाते हुए एक भजन शैली में गाना गाया है, जिसके बोल हैं- 'कहीं नहीं जाएंगे मोदी, कहीं नहीं जाएंगे मोदी...'
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हारमोनियम पर बजाया 'कहीं नहीं जाएंगे मोदी' भजन, खड़गे के तंज पर बीजेपी का संगीतमय जवाब
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट किया गया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
हारमोनियम की तान पर सरकार की योजनाओं का जिक्र
केंद्रीय कानून व संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पर इस गाने का वीडियो साझा करते हुए कैप्शन लिखा, 'कहीं नहीं जाएंगे मोदी, कहीं नहीं जाएंगे मोदी…'
इस गाने के जरिए मेघवाल ने मोदी सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं को रेखांकित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। गाने के बोल कुछ इस प्रकार हैं:
'कहीं नहीं जाएंगे मोदी, कहीं नहीं जाएंगे मोदी...
जाएंगे वो लोग जिन्होंने अपनी साख खो दी,
मुफ्त में राशन, गैस सिलेंडर, मुफ्त में दिए मकान,
सड़कें, बिजली, औषधि, जल और स्वच्छ भारत अभियान,
कहीं नहीं जाएंगे मोदी, जाएंगे वो लोग जिन्होंने अपनी साख खो दी...'
विवाद का मुख्य कारण: खड़गे का बयान
भाजपा नेताओं द्वारा इस नारे और गाने को आगे बढ़ाने की तात्कालिक वजह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का वह बयान है, जो उन्होंने एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान दिया था। खड़गे ने कहा था, 'मोदी का बाप भी जाएगा...'
इस बयान के बाद से ही पूरी भारतीय जनता पार्टी खड़गे और कांग्रेस पर हमलावर है और 'कहीं नहीं जाएंगे मोदी' अभियान चला रही है।
बनासकांठा में पीएम मोदी का रोडशो और जनता का समर्थन
हाल ही में गुजरात दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा (Banaskantha) में एक विशाल रोडशो किया था। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों लोगों के हाथों में 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' लिखे हुए तख्तियां देखे गए थे।
कार्यक्रम में बोलते हुए गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी (Harsh Sanghavi) ने कहा था, '140 करोड़ देशवासियों का प्यार प्रधानमंत्री जी के साथ है। खड़गे जी के बयान के जवाब में जनता खुद कह रही है कि 'मोदी कहीं नहीं जाएगा', और यह नारा बनासकांठा से लेकर कश्मीर और कन्याकुमारी तक गूंज रहा है।' इस दौरान पीएम मोदी ने भी जनता को आश्वस्त करते हुए कहा था कि वह अपने जीवन के 'अंतिम क्षण तक देशवासियों की सेवा करते रहेंगे।'
