Marathwada battles unprecedented rains- महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले चार दिनों में भीषण बारिश में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, कई गांव जलमग्न हो गए, मकान क्षतिग्रस्त हो गए और हजारों हेक्टेयर खेत में लगी फसलें बर्बाद हो गईं। राज्य मंत्रिमंडल ने मुंबई में एक बैठक में स्थिति की समीक्षा की जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों और अन्य प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मराठवाड़ा में भारी बारिश से मकान टूटे-फसलें बर्बाद (PTI)
एनडीआरएफ ने धाराशिव जिले में 27 लोगों को बचाया
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने धाराशिव जिले में 27 लोगों को बचाया है, जबकि 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मराठवाड़ा के कई इलाकों में 20 सितंबर से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण बांधों में पानी भर गया है, जिसके चलते उनसे पानी छोड़ना पड़ा है। एक राजस्व अधिकारी ने बताया, 20 सितंबर से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें लातूर में तीन, बीड में दो और छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़ और धाराशिव में एक-एक व्यक्ति की मौत बिजली गिरने, डूबने और अन्य कारणों से हुई है। अधिकारियों ने बताया कि धाराशिव में 159 गांव प्रभावित हुए और 186 पशु मारे गए, जबकि छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड जैसे अन्य जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
फडणवीस, शिंदे और अजित पवार करेंगे दौरा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उनके उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार और अन्य मंत्री बुधवार को मराठवाड़ा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई है और घरों व फसलों को नुकसान पहुंचा है। लातूर, धाराशिव, बीड और परभणी जिलों में भारी बारिश हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि परभणी के पाथरी इलाके में रात भर जलभराव रहा।
33,010 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर लगी फसलें बर्बाद
उन्होंने बताया कि अभूतपूर्व बारिश के कारण मराठवाड़ा क्षेत्र के बांधों में पानी भर गया है और उनसे लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। आठ जिलों वाले मराठवाड़ा क्षेत्र के धाराशिव में 33,010 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर लगी फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्री नुकसान का जायजा लेने के लिए बुधवार को मराठवाड़ा का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि फडणवीस दिन में बाद में लातूर के विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार धाराशिव और बीड जिलों का दौरा करेंगे। अधिकारी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबितकर और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक भी धाराशिव के विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे। पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे और कृषि मंत्री दत्ताराय भरणे जालना जिले के विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे। वे किसानों से मिलेंगे और उनकी फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे।
