Andhra Pradesh: देश भर में लोकसभा चुनाव-2024 के साथ ही आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी हुए। यहां पर तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने भाजपा और जनसेना पार्टी के साथ चुनाव लड़ा और बहुमत के साथ जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू तीसरी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। चंद्रबाबू नायडू 12 जून को तीसरी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू गन्नावरम एयरपोर्ट के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। जानकारी के अनुसार, चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी शामिल होंगे।
12 जून को चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के सीएम पद की शपथ लेंगे।
बता दें कि आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव में TDP को 135, जनसेना को 21 और BJP को 8 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा YSRCP को महज 11 सीटों पर ही जीत मिली। चुनाव के बाद चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में आंध्र प्रदेश ने बहुत कुछ झेला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य ने 30 वर्षों के बराबर नुकसान झेला है और उनका काम चीजों को सही करना है।
आंध्र प्रदेश की सरकार में भी BJP का अहम योगदान
वहीं एक तरफ जहां केंद्र सरकार में चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी एक अहम रोल निभा रही है तो वहीं आंध्र प्रदेश की सरकार में भी BJP का अहम योगदान रहेगा। दरअसल, केंद्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा को अपने सहयोगी दलों की जरूरत पड़ रही है। ऐसे में टीडीपी एक प्रमुख सहयोगी दल के रूप में केंद्र की सत्ता में बीजेपी का साथ देगी। वहीं आंध्र प्रदेश में भी टीडीपी ने जनसेना पार्टी और बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। ऐसे में आंध्र प्रदेश की सरकार में भी बीजेपी का अहम रोल होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
