Rajasthan Assembly Election 2023 : राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) अशोक गहलोत सरकार को घेरने और उस पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। भगवा पार्टी के दिग्गज नेता राजस्थान के अलग-अलग इलाकों से कांग्रेस सरकार पर निशाना साध रहे हैं। गुरुवार को भरतपुर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गहलोत सरकार को निशाने पर लिया तो आज शुक्रवार को गहलोत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निशाने पर रहे।
उदयपुर में गहलोत सरकार पर बरसे अमित शाह।
गहलोत सरकार पर जमकर बरसे शाह
मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर उदयपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सीएम गहलोत उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रेप और बेरोजगारी के मामले में राजस्थान का पहला नंबर है। यहां आतंकवादियों को छोड़ा जा रहा है। पैगंबर मोहम्मद विवाद मामले में दर्जी कन्हैया लाल की हत्या का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि यहां की पुलिस ने उसे सुरक्षा नहीं दी।
2023 की जीत से 2024 का रास्ता साफ होगा-शाह
शाह ने कहा कि कन्हैया लाल को पुलिस ने सुरक्षा नहीं दी और उसकी हत्या कर दी गई। यहां की पुलिस ने उसके हत्यारों को नहीं पकड़ा। वह हाथ पर हाथ रखकर बैठी रही। कन्हैया लाल के हत्यारों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पकड़ा। इन हत्यारों को फांसी होनी चाहिए। शाह ने कहा कि ऐसी सरकार को उखाड़ कर फेंक देना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी। 2023 की जीत से 2024 का रास्ता साफ होगा और मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।
तो कांग्रेस नेताओं को 'पेट में मरोड़’होती है-नड्डा
वहीं, गुरुवार को नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुनिया भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की जाती है और उन्हें नाम से बुलाया जाता है तो कांग्रेस नेताओं को 'पेट में मरोड़’होती है। नड्डा ने कहा, ‘जब विश्व स्तर पर उनकी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की) प्रशंसा होती है तो कांग्रेस उन्हें 'नीच', 'सांप', 'बिच्छू', 'चाय बेचने वाला' कहती है। देश में खाद्य महंगाई पर बात करते हुए नड्डा ने कांग्रेस नेताओं को 'अनपढ़' करार दिया। भाजपा प्रमुख ने भरतपुर में पार्टी के एक नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को तथा बाद में भरतपुर के नदबई में एक अन्य कार्यक्रम में लोगों को भी संबोधित किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
