International Yoga Day 2026: आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। इस वर्ष के योग दिवस का विषय है 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग'। पीएम मोदी ने जहां कोलकाता में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ योगा किया, वहीं सभी केंद्रीय मंत्रियों ने भी अलग-अलग शहरों में योगा कार्यक्रम में भाग लिया। पीएम मोदी ने कहा कि 21 जून का दिन विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन बन गया है। विश्व के अलग-अलग हिस्सों से योग की एक से एक अद्भुत तस्वीरें सामने आ रही हैं। भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक पूर्वोत्तर और पूर्व में बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक पूरा देश योग की ऊर्जा से चैतन्य से भरा हुआ नजर आ रहा है। देखिए किसने कहां योग किया।
केंद्रीय मंत्रियों ने किया योगा
राजनाथ सिंह ने किया शिलांग में योगा
शिलांग, मेघालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने योगाभ्यास किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, योग दिवस के अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से योग का अभ्यास करना आवश्यक है। योग का अभ्यास अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रहा है, और इसका श्रेय यदि किसी को जाता है, तो वह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र में इस प्रस्ताव को पारित करवाया और सभी ने इसे सहर्ष स्वीकार किया।
एस जयशंकर ने किया योगा
दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हजारों प्रतिभागियों के साथ योगासन किए।
गुजरात: अहमदाबाद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने योगाभ्यास किया।
दिल्ली: केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के दौरान हजारों प्रतिभागियों के साथ योगासन किए।
मध्य प्रदेश: भोपाल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योगाभ्यास किया।
दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिल्ली में आयोजित 12वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया।
गुवाहाटी: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया।
महाराष्ट्र: मुंबई में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने योगाभ्यास किया।
राजस्थान | बीकानेर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और अर्जुन राम मेघवाल ने योगाभ्यास किया।
महाराष्ट्र | केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, अन्नपूर्णा पटेल, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और शिवसेना नेता शायना एनसी ने मुंबई में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लेह में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में यहां स्पितुक के ’एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम’ में सैकड़ों योग प्रेमियों के साथ हिस्सा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में लद्दाख के उप-राज्यपाल वी.के. सक्सेना, लद्दाख के सांसद हनीफ़ा जान और लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद, कारगिल के मुख्य कार्यकारी पार्षद मोहम्मद जाफ़र अखून के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक और सैन्य अधिकारी, छात्र और आम लोग भी शामिल हुए।
क्षेत्र में सामूहिक योग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने हिमालय की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच कई तरह के आसन किए।
लद्दाख के सभी सात ज़िलों में योग दिवस पर ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, भिक्षुओं और सुरक्षा बलों के जवानों समेत समाज के हर वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। उपराष्ट्रपति ने योग को दुनिया भर में मिल रही बढ़ती स्वीकार्यता की सराहना की और स्वस्थ जीवनशैली व आंतरिक शांति को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका पर जोर दिया। राधाकृष्णन इस क्षेत्र के अपने तीन दिवसीय पहले दौरे के समापन के बाद शाम तक लद्दाख से रवाना होंगे।
