अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- अरुणाचल में विकास की अनदेखी की, मोदी सरकार ने 5 गुना बढ़ाई आर्थिक मदद

अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस पर विकास की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने 2014 से 2024 के बीच राज्य को 1,64,664 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में राज्य के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया और उसे जरूरत के मुताबिक आर्थिक मदद भी नहीं मिली। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए पहले के मुकाबले काफी ज्यादा पैसा दिया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 साल में राज्य में सड़क, रेल, हवाई सेवा और दूसरी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

Amit Shah

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में अमित शाह का संबोधन (X/@ANI)

अरुणाचल को लेकर अमित शाह का बड़ा दावा

ईटानगर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने केंद्र सरकार की ओर से अरुणाचल प्रदेश को दी गई आर्थिक सहायता के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के कार्यकाल में राज्य को 33,530 करोड़ रुपये दिए गए थे। वहीं, 2014 से 2024 के बीच एनडीए सरकार के कार्यकाल में यह राशि बढ़कर 1,64,664 करोड़ रुपये हो गई। शाह के मुताबिक, राज्य को मिलने वाले टैक्स में हिस्सेदारी चार गुना बढ़ी है, जबकि अलग-अलग योजनाओं के तहत मिलने वाली ग्रांट में 18 गुना बढ़ोतरी हुई है।

End of Feed