Rahul Gandhi allegations on CEC: 'वोट चोरी' पर कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाया। राहुल के इन आरोपों पर चुनाव आयोग के सूत्रों ने प्रतिक्रिया दी और उनके आरोपों को गलत और आधारहीन बताया। दरअसल, वोट चोरी पर दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने सीईसी पर 'वोट चोरी' करने वाले को बचाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने 'वोट हाईजैक' करने का दावा किया। दिल्ली में अपनी पीसी में राहुल ने महाराष्ट्र और कर्नाटक में कथित 'वोट चोरी' के दो मामलों का जिक्र भी किया।
सीईसी पर राहुल गांधी ने वोट चोरों को बचाने का आरोप लगाया। तस्वीर-PTI
राहुल के आरोप आधारहीन- ECI
राहुल गांधी के इन आरोपों पर ईसीआई के सूत्रों ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि कांग्रेस नेता के ये सभी आरोप और दावे गलत और आधारहीन हैं। आम व्यक्ति ऑनलाइन किसी वोट को डिलीट नहीं कर सकता। यही नहीं वोटर लिस्ट से यदि किसी वोटर का नाम हटाना है तो बिना उस व्यक्ति को सुनने का अवसर दिए बगैर मतदाता सूची से उसका नाम नहीं काटा जा सकता। सूत्रों ने कहा कि साल 2023 में आलंद विधानसभा में वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाने के कुछ असफल प्रयास हुए थे। इस मामले की जांच के लिए ईसीआई की तरफ से एफआईआर दर्ज हुआ। रिकॉर्ड्स के मुताबिक 2018 में आलंद विधानसभा सीट से भाजपा के सुभाद गुट्टेदार और 2023 में कांग्रेस के बीआर पाटिल विजयी हुए।
व्यवस्थित तरीके से की जा रही वोटों की चोरी-राहुल
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि व्यवस्थित तरीके और टारगेट कर 'वोटों की चोरी' की जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मतदाता सूची से वोटरों के नाम हटाए जाने की जांच राज्य की सीआईडी कर रही है। उसने इस बारे में 18 बार ECI को पत्र लिखकर जानकारी मांगी लेकिन चुनाव आयोग की तरफ से इसे नहीं दिया गया। राहुल ने कहा कि ये जानकारी यदि सीआईडी को नहीं मिलती है तो यह माना जाएगा कि इस 'वोट चोरी' के पीछे सीईसी हैं।
'मेरे आरोप तथ्यों पर आधारित हैं'
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सीईसी ज्ञानेश कुमार भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने और "लोकतंत्र की हत्या करने वालों" की रक्षा कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, 'मैं अपने लोकतंत्र, देश और संविधान से बहुत प्रेम करता हूं और ऐसी कोई बात नहीं करूंगा जो तथ्यों पर आधारित नहीं हो।' उनके मुताबिक, आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6018 मतदाताओं का नाम हटाने के लिए आवेदन दिए गए। उन्होंने कहा कि ऐसा कांग्रेस मतदाताओं को निशाना बनाकर किया गया।
