Akasa Air Tail Strik: कोलकाता एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह अहमदाबाद से आ रहे अकासा एयर के एक विमान का पिछला हिस्सा लैंडिंग के दौरान जमीन से टकरा गया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विस्तृत जांच के लिए विमान को कोलकाता हवाई अड्डे पर रखा गया है।
अकासा एयर का विमान जमीन से टकराया (प्रतीकात्मक तस्वीर)
टेल स्ट्राइक के बाद सभी यात्री सुरक्षित
अकासा एयर ने एक बयान में कहा कि अहमदाबाद से कोलकाता जा रही उड़ान संख्या क्यूपी 1925 ने कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरते समय दोबारा उड़ान भरी और इसके बाद सुरक्षित रूप से उतर गई। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतर गए। बयान में कहा गया, ''उड़ान के बाद की गई जांच में पता चला कि विमान का पिछला हिस्सा जमीन के संपर्क में आया था।''
मामले की हो रही जांच
एयरलाइन ने कहा, ''निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।'' उड़ान संचालित करने वाला विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था और उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम' पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह सुबह करीब 7.40 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा। विमान में सवार यात्रियों की संख्या का तत्काल पता नहीं चल सका।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: IndiGo की फ्लाइट में मचा हड़कंप, बीच हवा में आग की सूचना के बाद हैदराबाद में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
IndiGo में आग की सूचना
इससे पहले, दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में 11 अक्टूबर को एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने से हड़कंप मच गया था। इस घटना के तत्काल बाद सुरक्षा कारणों से विमान की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। बता दें कि विमान के केबिन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने लगा था, जिसके बाद क्रू मेंबर्स ने तत्काल कार्रवाई की और पायलटों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ा गया।
