Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद गुरुवार को सियासी हलचल तेज हो गईं। राजनीतिक गलियारों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के उपमुख्यमंत्री दावेदारों के नाम की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी के कई बड़े नेता चाहते हैं कि उपमुख्यमंत्री का पद सुनेत्रा पवार संभालें, जबकि एनसीपी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रफुल पटेल को दी जाए। हालांकि, एनसीपी की तरह से अभी तक इस पर कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार (फोटो साभार: @SunetraA_Pawar)
सुनेत्रा पवार से मिले प्रफुल पटेल
इस बीच, एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल पटेल और छगन भुजबल ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी नेता चाहते हैं कि प्रफुल पटेल अध्यक्ष, जबकि सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनें और जल्द से जल्द मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को प्रस्ताव भेजा जाए कि उपमुख्यमंत्री का पद सुनेत्रा पवार को दिया जाए। हालांकि, सुनेत्रा पवार ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है।
माना जा रहा है कि सुनेत्रा पवार अगर उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार होती हैं तो फिर भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ इस मुद्दे को लेकर बातचीत होगी। फिलहाल सुनेत्रा पवार बारामती में ही हैं और वह 12 दिनों तक यहीं रहने वाली हैं।
बारामती से कौन लड़ेगा चुनाव?
अजित पवार के निधन के बाद बारामती सीट खाली हो गई। ऐसे में बारामती सीट से पार्थ पवार या सुनेत्रा पवार में से किसे चुनावी मैदान में उतारा जाए? एनसीपी को इसका भी फैसला करना है। दरअसल, बारामती सीट पवार परिवार का गढ़ रही है। साल 1967 से शरद पवार बारामती सीट पर अजेय रहे और 1991 में उनके लोकसभा जाने के बाद अजित पवार ने यह विरासत संभाल रखी थी।
एनसीपी के दो धड़ों में बंटने के बावजूद अजित पवार बारामती सीट से अजेय रहे हैं। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिरकार पवार परिवार की विरासत को कौन संभालता है? और एनसीपी किस पर दांव लगाती है।
बता दें कि बुधवार को पुणे जिले के बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। सनद रहे कि जुलाई 2023 में अजित पवार तत्कालीन एकनाथ शिंदे नीत राज्य सरकार में शामिल हुए थे, जिसके कारण उनके चाचा शरद पवार द्वारा स्थापित राकांपा में फूट पड़ गई थी।
