एयर इंडिया ने अपने एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान की उड़ान पर रोक लगा दी है। यह कदम तब उठाया गया है जब एयरलाइन के एक पायलट ने विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित तकनीकी खराबी की आशंका जताई। इससे पहले, लंदन से बेंगलुरु आ रहा विमान (उड़ान संख्या एआई132) सोमवार सुबह बेंगलुरु में उतरा। विमानन एजेंसी ने इसकी जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि वह इस बात से अवगत है कि उसके एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी।
Air India
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पायलट से प्रारंभिक सूचना मिलने के तुरंत बाद संबंधित विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया है। साथ ही मामले की जानकारी विमानन नियामक DGCA को दे दी गई। इसके साथ ही विमान के मूल उपकरण निर्माता (OEM) को प्राथमिकता के आधार पर जांच के लिए शामिल किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि हमारे एक पायलट ने Boeing 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी है। एहतियात के तौर पर विमान को ग्राउंड किया गया है और OEM से जांच कराई जा रही है। DGCA को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि DGCA के पहले के निर्देश के बाद उसने अपने पूरे बोइंग 787 बेड़े के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच की थी, जिसमें उस समय कोई खामी नहीं पाई गई थी।
अहमदाबाद में 260 लोगों की हो गई थी मौत
यह मामला 12 जून को अहमदाबाद में हुए Boeing 787-8 विमान हादसे के बाद सामने आया है। उस दुर्घटना में कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 229 यात्री, 12 क्रू सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया था कि टेक-ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद विमान के दोनों इंजन लगभग एक-एक सेकंड के अंतर से बंद हो गए थे, जिससे विमान तेजी से ऊंचाई खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
