Ahmedabad: गुजरात में पिछले कुछ दिनों से मानसूनी बादल कुछ ज्यादा ही मेहरबान हैं। लगातार बारिश के चलते गर्मी से छुटकारा तो मिला है, लेकिन भारी बारिश अपने साथ ढेरों मुसीबतें भी लेकर आई है। अहमदाबाद में आज यानी शुक्रवार 24 जुलाई को सुबह 5 बजे से ही लगातार भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते 8 अंडरब्रिज बंद करने पड़े हैं।
अहमदाबाद सहित गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश
शहर में सबसे ज्यादा 2 इंच बारिश चांदखेड़ा में दर्ज की गई है। जबकि गोटा, मेमको, नरोडा और एयरपोर्ट इलाके में 1.5 इंच तक बारिश हुई। त्रागड़ रोड, IOC रोड और डी-कैबिन रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
जलभराव के कारण बंद 9 अंडरब्रिज खोले गए
अहमदाबाद शहर में जलभराव के कारण बंद किए गए 17 अंडरब्रिज में से 9 को खोल दिया गया है, जबकि 8 अंडरब्रिज अब भी बंद हैं। बंद अंडरब्रिज में मकरबा, परिमल, अखबारनगर, मणिनगर साउथ, कालीगाम, चांदलोड़िया, राणीप GST और चांदखेड़ा शामिल हैं।
पानी में फंसी बस से यात्रियों को बचाया गया
शहर में खोखरा जाडेजा कॉर्नर के पास पानी में फंसी बस से फायर ब्रिगेड ने 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। निकोल की मधुमालती आवास योजना में जलभराव से 1000 से ज्यादा निवासी प्रभावित हुए हैं। शेला स्थित आकाश रेजिडेंसी के पार्किंग क्षेत्र में पानी भरने से कई गाड़ियां डूब गईं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्टेडियम के पास गड्ढे में फंसी 4 कारें
अहमदाबाद के स्टेडियम क्षेत्र में कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास बड़ा गड्ढा बनने से चार कारें उसमें फंस गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और गाड़ियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। माना जा रहा है कि क्षेत्र में भारी बारिश के कारण ही सड़क धंसी है।
नवसारी में लोगों के घरों में घुसा पानी
लगातार भारी बारिश के बीच नवसारी के गणदेवी इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां घरों में पानी घुसने के बाद लोग ग्राउंड फ्लोर छोड़कर छतों और पहली मंजिल पर शरण लेने को मजबूर हैं। घरों के बाहर खड़ी गाड़ियां पानी में डूब गई हैं।
बिजली की आपूर्ति भी ठप
नवसारी में बिजली के मीटर भी जलमग्न होने के कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली नहीं होने से फोन चार्ज करने और खाना बनाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग सिर्फ दूध और ब्रेड के सहारे किसी तरह गुजारा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - 'मेरे सामने दो ही रास्ते थे...' धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बिना सोनम वांगचुक ने क्यों तोड़ा अनशन? खुद बताई वजह
दक्षिण गुजरात में भी लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है और इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सूरत, नवसारी और वलसाड के कई इलाकों में जलभराव और यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। नवसारी-वलसाड मार्ग पर लगभग 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जहां ट्रक ड्राइवर और अन्य वाहन चालक पिछले 14 घंटे से फंसे हुए हैं। वाहन चालकों का कहना है कि मौके पर खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और उन्हें आसपास के ढाबों में जाकर भोजन करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
