अभिनेता कमल हसन जल्द ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने खुद इसके बारे में जानकारी दी है। कमल हसन अभिनेता होने के साथ-साथ मक्कल नीधि मय्यम (MNM) पार्टी के अध्यक्ष भी हैं।
क्या कहा कमल हसन ने
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार कमल हासन ने रविवार को कहा कि वह कांग्रेस के राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेंगे। कमल हसन ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी द्वारा आमंत्रित किया गया है और वो 24 दिसंबर को दिल्ली में इस यात्रा में शामिल होंगे।
कौन-कौन हो चुके हैं शामिल
राहुल गांधी की इस यात्रा में अभी तक कई राजनीतिक और गैर राजनीतिक हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। इससे पहले राजस्थान में यात्रा के दौरान आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन राहुल गांधी के साथ मार्च में हिस्सा ले चुके हैं। राजन से पहले पूजा भट्ट, स्वरा भास्कर और अमोल पालेकर, पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, मेधा पाटकर इस मार्च में शामिल हो चुके हैं।
यात्रा का हाल
वर्तमान समय में भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से गुजर रही है। अब तक यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को कवर कर चुकी है। राजस्थान के बाद यह यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए जम्मू और कश्मीर की ओर बढ़ेगी। कांग्रेस का यह मार्च 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुआ था और फरवरी 2023 में जम्मू-कश्मीर में समाप्त होने की उम्मीद है।
