तृणमूल कांग्रेस सांसद और पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ थाने पहुंचे हैं। कोलकाता के गिरिश पार्क पुलिस स्टेशन में उन्होंने जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। अभिषेक बनर्जी ने जिन नेताओं के नाम जीरो एफआईआर में शामिल किए हैं उनमें मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांता मजूमदार और अन्य भाजपा नेताओं के नाम शामिल हैं।
अभिषेक बनर्जी ने दर्ज कराई जीरो एफआईआर।
20 नवंबर 2026 को दी गई इस शिकायत में उन्होंने भाजपा नेताओं पर पुलिस अधिकारियों को धमकाने, डराने, दबाव बनाने और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावित करने वाले आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया है। अभिषेक बनर्जी ने अपनी शिकायत में कहा है कि भाजपा नेताओं के बयानों से समाज में अशांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इन बयानों की जांच कराने और संबंधित नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
अपने खिलाफ दर्ज FIR का भी किया जिक्र
शिकायत में अभिषेक बनर्जी ने अपने खिलाफ गिरिश पार्क थाने में दर्ज एक मामले का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि केस नंबर 153/2026 में 31 अक्टूबर 2026 को FIR दर्ज की गई थी। यह मामला भाजपा सदस्य और अधिवक्ता नाजिया इलाही खान की शिकायत पर दर्ज हुआ था।
नाजिया इलाही खान ने आरोप लगाया था कि 29 अक्टूबर को अभिषेक बनर्जी ने ऐसे बयान दिए, जिनसे पुलिसकर्मियों को धमकाने और उनके आधिकारिक काम में बाधा डालने की कोशिश हुई। अभिषेक बनर्जी ने अपनी शिकायत में कहा कि वह पुलिस के समन पर जांच अधिकारी के सामने पेश हुए और उन्होंने कानून की प्रक्रिया से बचने की कोशिश नहीं की।
X पोस्ट को भी बनाया शिकायत का हिस्सा
अभिषेक बनर्जी ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार और भाजपा के अन्य नेताओं के बयानों का संकलन पोस्ट किया है। उन्होंने इस पोस्ट को शिकायत के साथ साक्ष्य के तौर पर शामिल करने की मांग की है।
