Bengal Chunav: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को भाजपा की तुलना 'सांप' से की। आगामी चुनाव के लिए 'आबार जितबे बांग्ला' अभियान के तहत अलीपुरद्वार में एक रैली को संबोधित करते हुए, अभिषेक बनर्जी ने मतदाताओं से कतार में खड़े होकर EVM के ज़रिए भाजपा को सबक सिखाने की अपील की।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी (फोटो साभार: @AITCofficial)
अभिषेक बनर्जी ने क्या कुछ कहा?
टीएमसी महासचिव ने कहा, ''भाजपा एक सांप की तरह है। अगर आप उसे अपने आंगन में एक या 18 सांप रहने देंगे, तो वह एक दिन जरूर डसेगा। इस बार चुनाव में यह सुनिश्चित करें कि अलीपुरद्वार में कोई सांप न बचे। मैं भाजपा से दस गुना ज्यादा जिद्दी हूं और ऐसे व्यवहार के आगे आखिरकार भाजपा को ही झुकना पड़ता है।''
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि आने वाले चुनावों में, उन्हें ईवीएम के जरिए सबक सिखाने के लिए कतार में खड़े हों। जो लोग संविधान बदलना चाहते हैं, उन्हें सत्ता से बाहर किया जाएगा।
TMC ने शुरू किया 'आबार जितबे बांग्ला' अभियान
अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना से अपना महीने भर चलने वाला 'आबार जितबे बांग्ला' अभियान की शुरुआत की थी, जो आगामी बंगाल चुनावों को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। इस यात्रा का मकसद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को उजागर करना और विभिन्न मुद्दों पर भाजपा को घेरना है।
इस अभियान की शुरुआत, राज्य की मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) को लेकर टीएमसी और भाजपा के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच हुई। दक्षिण 24 परगना में एक रैली को संबोधित करते हुए, बनर्जी ने भाजपा पर बंगाल को बदनाम करने का आरोप लगाया, जिसमें राज्य में "बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं" की मौजूदगी का दावा किया गया था।
