कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके मंगलवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार बधाइयां मिल रही हैं। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने भी अभिजीत दिपके को जन्मदिन की बधाई देते हुए भावुक संदेश लिखा। वहीं, दिपके ने भी अपने अंदाज में जन्मदिन की बधाइयों का जवाब दिया।
अभिजीत दिपके के बर्थडे पर आशुतोष रांका का खास अंदाज। ashutosh ranka insta handle
आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर अभिजीत दिपके को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि जब देश उम्मीद खोने लगा था, तब दिपके ने लोगों में नई उम्मीद जगाई। उन्होंने लिखा, "आपने इस देश और मुझे उस वक्त ऊपर उठाया, जब हम उम्मीद खोने लगे थे।" रांका ने आगे लिखा कि आने वाले समय में कई बड़ी चीजें और शानदार पल उनका इंतजार कर रहे हैं। अपने संदेश के अंत में उन्होंने अभिजीत दिपके को 'मेरे भाई' कहते हुए प्यार जताया।
दिपके का मजेदार अंदाज भी वायरल
जन्मदिन पर अभिजीत दिपके ने भी इंस्टाग्राम पर एक हल्के-फुल्के अंदाज में पोस्ट शेयर किया। उन्होंने एक मीम के साथ लिखा, "नो कॉल्स प्लीज।" मीम में दिपके की तस्वीर के साथ जन्मदिन की बधाई से जुड़ा संदेश नजर आया। उनके इस पोस्ट से साफ था कि जन्मदिन के मौके पर लगातार आने वाली फोन कॉल्स के बीच उन्होंने मजाकिया अंदाज में लोगों से फोन न करने की अपील की।
सीजेपी के दूसरे नेताओं ने भी दी बधाई
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने भी अभिजीत दिपके को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दिपके को एक ईमानदार और स्पष्ट सोच वाला व्यक्ति बताते हुए उनके साहस और संघर्ष का जिक्र किया। सीजेपी के तकनीकी प्रमुख रोहन ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और युवाओं को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित करने का श्रेय दिया।
NEET-UG आंदोलन से चर्चा में आए थे दिपके
अभिजीत दिपके सीजेपी के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर तब चर्चा में आए, जब संगठन ने NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन शुरू किया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए लंबे विरोध प्रदर्शन के बाद यह संगठन लगातार शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है।
इसके बाद सीजेपी ने अपने मुद्दों का दायरा बढ़ाते हुए अलग-अलग राज्यों में शिक्षा और अन्य सार्वजनिक मुद्दों को लेकर अभियान चलाने की बात कही। अगस्त में संगठन ने अपने राष्ट्रीय विस्तार की योजना भी सामने रखी थी।
असम में रांका की हिरासत लिया गया
अभिजीत दिपके के जन्मदिन से ठीक पहले सीजेपी एक बार फिर चर्चा में आया। 27 सितंबर को असम पुलिस ने गुवाहाटी में सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। संगठन ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। बाद में रांका ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी हिरासत खत्म हो गई है।
2 अक्टूबर को मुंबई में प्रदर्शन का ऐलान
सीजेपी की ओर से 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की घोषणा भी की गई है। अभिजीत दिपके ने इसे 'जेल भरो आंदोलन' बताया है। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और उनके इस्तीफे की मांग की है। साथ ही सीजेपी ने मतदाता सूची में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया यानी एसआईआर को रोकने और चुनाव आयोग से जुड़े कानूनी प्रावधानों में बदलाव की मांग की है। अभिजीत दिपके के जन्मदिन पर सीजेपी के नेताओं की बधाइयों के बीच संगठन की हालिया गतिविधियां भी चर्चा में हैं। सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह समूह अब शिक्षा, युवाओं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपने अभियानों को आगे बढ़ा रहा है।
