Aam Aadmi Party's demonstration: दिल्ली में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के भारी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में अर्धसैनिक बलों सहित दिल्ली पुलिस के 1000 जवानों की तैनाती की जा रही है। आप ने भाजपा पर चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली कराने का आरोप लगाया है। इसे लेकर उसने विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दिल्ली पुलिस से मांगी लेकिन उसे अनुमति नहीं मिली। भारतीय जनता पार्टी को भी आप मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है।
दिल्ली में आज आप का प्रदर्शन।
प्रदर्शन में शामिल होंगे केजरीवाल-मान
पुलिस को सूचना मिली है कि आप के इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पंजाब सहित दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से कार्यकर्ता आ सकते हैं। इस सूचना पर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है और वह सुरक्षा कड़ी कर रही है। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान शामिल होंगे।
तीन जिलों से पुलिस को बुलाया
रिपोर्टों को मुताबिक सुरक्षा चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए तीन जिलों से दिल्ली पुलिस के जवानों को बुलाया गया है। इनमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। इनके अलावा अर्धसैनिक बलों की आठ कंपनियां भी बुलाई गई हैं। आप का कहना है कि कि उसकी तैयारी डीडीयू मार्ग पर भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की है।
यातायात हो सकता है प्रभावित
जबकि भाजपा का कहना है कि वह भी इसी इलाके में आप के मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। दोनों पार्टियों के प्रदर्शन के देखते हुए दिल्ली पुलिस आईटीओ के आस-पास यातायात प्रतिबंध लगा सकती है, इससे शुक्रवार को इन इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है। यातायात जाम भी लग सकता है।
मेयर चुनाव में कांग्रेस-आप की हुई हार
दिल्ली पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। बता दें कि गत मंगलवार को चंडीगढ़ में मेयर का चुनाव हुआ। इस चुनाव में कांगेस और आप के उम्मीदवार की हार हुई। यह चुनाव भाजपा ने जीता। आप और कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने यह चुनाव धांधली कर जीता।
