LIVE

हिंदी समाचार, 9 जुलाई 2024 : 'युद्ध में बच्चों की मौत बहुत पीड़ादायक' पुतिन से दो टूक बोले PM मोदी, मुंबई के वर्ली हिट एंड रन केस में फरार आरोपी मिहिर शाह गिरफ्तार

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 8 जुलाई 2024
हिंदी समाचार, 9 जुलाई 2024 : 'युद्ध में बच्चों की मौत बहुत पीड़ादायक' पुतिन से दो टूक बोले PM मोदी, मुंबई के वर्ली हिट एंड रन केस में फरार आरोपी मिहिर शाह गिरफ्तार

हिंदी न्यूज़ 9 जुलाई 2024 और बड़ी खबरें: मुंबई के वर्ली में हिट एंड रन केस में काफी कवायद के बाद मुंबई पुलिस के हाथों बड़ी कामयाबी लगी है, पुलिस ने मुख्य आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार कर लिया है, बताया जा रहा है कि मिहिर को मुंबई के विरार इलाके से पकड़ा है गौर हो कि बीएमडब्लू हिट एंड रन केस में मिहिर शाह की BMW कार की टक्कर में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के मॉस्को में भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे। इससे पहले रूस में उनका स्वागत प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने स्वागत किया उधर उत्तर प्रदेश सरकार ने हाथरस भगदड़ मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को स्थानीय उप जिलाधिकारी (SDM), पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) और चार अन्य को निलंबित कर दिया। इस रिपोर्ट में घटना के पीछे बड़ी साजिश से इनकार नहीं किया गया है वहीं कठुआ हमले के बाद कांग्रेस ने आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उसने सरकार से जवाब भी मांगा है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि बीते सात महीनों में यह यह 24 हमला है। सचिन पायलट ने कहा कि इस हमले के बाद सरकार को जवाब देना होगा, पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के अपडेट्स...

JUL 09, 2024 18:25 IST

हरियाणा में बीजेपी ने इस नेता को बनाया पार्टी अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी ने विधायक मोहन लाल बाडोली को हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह राई विधानसभा से विधायक हैं, पढ़ें पूरी खबर
JUL 09, 2024 18:25 IST

'युद्ध में बच्चों की मौत बहुत पीड़ादायक, बातचीत ही जंग का समाधान'

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि यूक्रेन युद्ध पर हम खुले दिमाग से बातचीत कर सके और एक दूसरे का सम्मान करते हुए हमने युद्ध पर एक दूसरे के विचारों को सुना।' पीएम मोदी की मंगलवार को पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक हुई। पीएम ने कहा कि युद्ध का समाधान केवल बातचीत से ही हो सकता है, पढें पूरी खबर
JUL 09, 2024 17:33 IST

हाथरस भगदड़: एसडीएम-सीओ सहित 4 सस्पेंड

उत्तर प्रदेश सरकार ने हाथरस भगदड़ मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को स्थानीय उप जिलाधिकारी (SDM), पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) और चार अन्य को निलंबित कर दिया। इस रिपोर्ट में घटना के पीछे बड़ी साजिश से इनकार नहीं किया गया है, पढ़ें पूरी खबर
JUL 09, 2024 17:32 IST

मुंबई के वर्ली हिट एंड रन केस में फरार आरोपी मिहिर शाह गिरफ्तार

बई के वर्ली में हुए हिट एंड रन केस में मुंबई पुलिस को सफलता मिली है पुलिस ने फरार आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार कर लिया है, बता दें कि इस हादसे में एक महिला की मौत हुई थी जबकि उसका पति घायल है, पढ़ें पूरी खबर
JUL 09, 2024 17:31 IST

रक्षा सचिव बोले-बेकार नहीं जाएगी जवानों की शहादत

हमले के बाद रक्षा सचिव ने गिरिधर अरमाने ने कहा कि 'जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।' उन्होंने शहीद जवानों को अपनी श्रद्धांजलि भी दी, पढ़ें पूरी खबर
JUL 09, 2024 17:09 IST

महाराष्ट्र : पिता-पुत्र ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर की आत्महत्या

महाराष्ट्र के ठाणे में 33 वर्षीय एक युवक और उसके पिता ने भायन्दर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के सामने लेटकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज में सोमवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे दोनों (पिता-पुत्र) एक दूसरे का हाथ पकड़कर ट्रेन को आते देख पटरियों पर लेटते हुए दिखाई दे रहे हैं। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे एक 'लोकल ट्रेन' भायन्दर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, जिसके सामने लेटकर दोनों (पिता-पुत्र) ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान जय मेहता और उसके पिता हरीश मेहता (60) के रूप में हुई है, दोनों वसई के निवासी हैं।
JUL 09, 2024 16:50 IST

भारत ने 2023-24 में 4.7 करोड़ नौकरियां जोड़ीं: आरबीआई आंकड़े

भारत ने वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान लगभग 4.7 करोड़ नौकरियां जोड़ी हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इसके साथ ही अर्थव्यवस्था के 27 क्षेत्रों में कुल नियोजित लोगों की संख्या बढ़कर 64.33 करोड़ हो गई है। मार्च, 2023 के अंत में इन 27 क्षेत्रों में कार्यरत लोगों की संख्या 59.67 करोड़ थी। आरबीआई ने अपनी वेबसाइट पर ‘उद्योग स्तर पर उत्पादकता मापन - भारत केएलईएमएस आंकड़े’ शीर्षक के तहत ये आंकड़े प्रकाशित किए हैं। यहां केएलईएमएस का आशय पूंजी (के), श्रम (एल), ऊर्जा (ई) सामग्री (एम) और सेवा (एस) से है। आंकड़ों में संपूर्ण भारतीय अर्थव्यवस्था के 27 उद्योगों को शामिल किया गया है। इस तरह कृषि, व्यापार और वित्तीय सेवाओं सहित 27 क्षेत्रों में कार्यरत लोगों की संख्या 2023-24 में छह प्रतिशत बढ़ी, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में इसमें 3.2 प्रतिशत वृद्धि हुई थी।
JUL 09, 2024 16:46 IST

देहरा उपचुनाव: पहली बार चुनाव लड़ रहीं सीएम सुक्खू की पत्नी

हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के जरिए राजनीति में पदार्पण कर रहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने लोगों से मुख्यमंत्री के लिए वोट देने को कह रही हैं, विधायक के लिए नहीं। देहरा के साथ हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान होगा। ये सीट तीन निर्दलीय विधायकों - होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और के एल ठाकुर (नालागढ़) के 22 मार्च को सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थीं। इन विधायकों ने 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। तीनों सीट पर कुल 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 2,59,340 मतदाता हैं। देहरा में मुख्यमंत्री सुक्खू की प्रतिष्ठा दाव पर है जहां उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर का मुकाबला होशियार सिंह से है जो राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ वोट डालने वाले नौ विधायकों में से एक हैं। कमलेश ने प्रचार के दौरान लोगों से कहा, मुख्यमंत्री के लिए वोट डालिए, विधायक के लिए नहीं। अब देहरा भी मुख्यमंत्री का क्षेत्र बन जाएगा।
JUL 09, 2024 15:05 IST

आंध्र प्रदेश के छात्र की अमेरिका में झरने में डूबने से मौत

आंध्र प्रदेश का छात्र जी साई सूर्या अविनाश गत शनिवार को अमेरिका में एक झरने में दुर्घटनावश फिसलकर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि पूर्वी गोदावरी जिले के चिताल्या का रहने वाला अविनाश सात जुलाई को अल्बानी (न्यूयॉर्क) के बार्बरविले फॉल्स में डूब गया। वाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट किया, हम ट्राइन विश्वविद्यालय के छात्र साई सूर्या अविनाश गड्डे की दर्दनाक मौत से बहुत दुखी हैं। वह सात जुलाई को बार्बरविले फॉल्स, अल्बानी (न्यूयॉर्क) में डूब गया था। मृत छात्र के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए, वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह अविनाश के शव को भारत वापस भेजने के लिए सभी आवश्यक मदद मुहैया कर रहा है। अविनाश के एक रिश्तेदार ने बताया कि तेलुगु एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (टीएएनए) को उसका शव मिल गया है और इसे शुक्रवार तक चिताल्या लाया जा सकता है।
JUL 09, 2024 14:31 IST

युवाओं को बेरोजगार बनाए रखना मोदी सरकार का एकमात्र मिशन: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आर्थिक विकास दर और रोजगार सृजन से जुड़े कुछ आंकड़ों का हवाला देते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि युवाओं को बेरोज़गार बनाए रखना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का एकमात्र मिशन है। खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, मोदी सरकार, भले ही बेरोज़गारी पर सिटी ग्रुप जैसी स्वतंत्र आर्थिक रिपोर्टों को नकार रही हो, पर सरकारी आंकड़ों को कैसे नकारेगी? सच ये है कि पिछले 10 साल में करोड़ों युवाओं के सपनों को चकनाचूर करने की ज़िम्मेदार केवल मोदी सरकार पर है। उन्होंने कहा, ताज़ा आंकड़े इस प्रकार हैं। एनएसएसओ (राष्‍ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण कार्यालय) के सर्वेक्षण के मुताबिक विनिर्माण क्षेत्र में अनिगमित इकाइयों में सात वर्षों में 54 लाख नौकरियां ख़त्म हो गई हैं। वर्ष 2010-11 में पूरे भारत में 10.8 करोड़ कर्मचारी अनिगमित गैर-कृषि उद्यमों में कार्यरत थे, जो अब 2022-23 में 10.96 करोड़ हो गए हैं, यानी 12 वर्षों में केवल 16 लाख़ की मामूली वृद्धि है।
JUL 09, 2024 14:29 IST

पीएम मोदी की रूस यात्रा के बीच अमेरिका ने भारत को बताया रणनीतिक साझेदार

USA on PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा के बीच अमेरिका ने कहा है कि भारत उसका रणनीतिक साझेदार है। इसके साथ अमेरिका ने यूक्रेन को लेकर भी अपना रुख साफ किया। अमेरिका ने कहा कि उसने भारत से रूस को यह स्पष्ट करने का आग्रह किया है कि यूक्रेन में संघर्ष के किसी भी समाधान में संयुक्त राष्ट्र चार्टर और यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता तथा संप्रभुत्ता का सम्मान होना चाहिए। अमेरिका ने कहा कि भारत एक रणनीति साझेदार है जिसके साथ वह पूर्ण और स्पष्ट बातचीत करता है। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर से सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रूस की यात्रा तथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी बैठकों के बारे में पूछा गया था जिस पर उन्होंने यह जवाब दिया।
JUL 09, 2024 13:08 IST

चार दशक बाद खुलेगा पुरी के भगवान जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार

Ratna Bhandar of Lord Jagannath Temple: ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को खोलने की तैयारी पूरी हो गई है। हाई कोर्ट जज के नेतृत्व में बनी समिति ने मंदिर के खजाने को खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी है। करीब चार दशक बाद रत्न भंडार का दरवाजा खोला जाएगा। आखिरी बार इसका दरवाजा 1985 में खुला था लेकिन तब सिर्फ मरम्मत की गई थी। रत्न भंडार में मौजूद खजाने का लेखा-जोखा आखिरी बार 1978 में लिया गया था। जस्टिस बिस्वनाथ रथ ने आज मीडिया को सूचना दी है 14 तारीख को जैसे ही रत्न भंडार खुलेगा तब खजाने की गिनती होगी।
JUL 09, 2024 13:07 IST

झारखंड के कोडरमा में तालाब में डूबने से तीन लड़कों की मौत

झारखंड के कोडरमा जिले में एक तालाब में डूबने से तीन लड़कों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 12 से 19 वर्ष की आयु के तीन लड़के सोमवार को दोपहर में चन्दवारा थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गए थे लेकिन वे देर शाम तक घर नहीं लौटे। चन्दवारा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि उनके परिजनों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। उन्होंने कहा कि सोमवार की रात को दो शव बरामद किए गए जबकि एक शव आज मिला है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सोहेल अंसारी (19), शाहबाज अंसारी (12) और अरबाज अंसारी (12) के रूप में हुई है।
JUL 09, 2024 12:41 IST

पीएम मोदी ने राजकपूर और मिथुन के योगदान को किया याद

JUL 09, 2024 12:40 IST

राजस्थान के जयपुर व सवाई माधोपुर जिले में भारी बारिश

राजस्थान में मानसूनी बारिश का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे में जयपुर तथा सवाई माधोपुर जिले में कहीं कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक के बीते 24 घंटों में राज्य में कुछ स्थानों पर बादलों की गरज के साथ हल्के से मध्यम वर्षा हुई। जयपुर व सवाईमाधोपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान सर्वाधिक बारिश जयपुर के कालवाड़ में 93 मिलीमीटर, सवाई माधोपुर के मलारना में 85 मिलीमीटर, सांभर में 78 मिलीमीटर, चौथ का बरवाड़ा में 69 मिलीमीटर व नागौर के मेड़ता में 57 मिलीमीटर हुई। राज्य में बारिश का दौर अभी जारी रहने का अनुमान है। आगामी एक-दो दिन जोधपुर उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।
JUL 09, 2024 12:41 IST

राष्ट्रपति पुतिन की तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सिनेमा ने भारत-रूस संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है, उन्होंने राज कपूर और मिथुन चक्रवर्ती के योगदान को भी याद किया। आज पूरी दुनिया मानती है कि 21वीं सदी भारत की सदी है; भारत को उभरती बहुध्रुवीय दुनिया में एक मजबूत स्तंभ के तौर पर देखा जाता है। भारत ने रूस में दो नये वाणिज्य दूतावास खोलने का फैसला किया है; इससे आवाजाही तथा व्यापार और आसान होगा। मैं भारत-रूस संबंधों को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने की खातिर अथक प्रयास करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन की तारीफ करता हूं।
JUL 09, 2024 12:35 IST

आज का भारत आत्मविश्वास से भरपूर है, मॉस्को में बोले पीएम मोदी

मॉस्को में भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे पीएम मोदी। कहा - 2014 से पहले की स्थिति के उलट आज का भारत आत्मविश्वास से भरपूर है और यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। भारत आज बदल रहा है, क्योंकि वह अपने 140 करोड़ नागरिकों और दुनियाभर में बसे भारतीय समुदाय के लोगों की ताकत पर भरोसा करता है।
JUL 08, 2024 18:04 IST

..तो पुन: परीक्षा का आदेश देना होगा: शीर्ष अदालत

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि यदि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2024 की शुचिता ‘नष्ट’ हो गई है और यदि इसके लीक प्रश्नपत्र को सोशल मीडिया के जरिये प्रसारित किया गया है तो दोबारा परीक्षा कराने का आदेश देना होगा। प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने यह भी कहा कि यदि प्रश्नपत्र लीक टेलीग्राम, व्हाट्सऐप और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से हो रहा है, तो यह "जंगल में आग की तरह फैलेगा।’’ पीठ ने कहा, "एक बात स्पष्ट है कि प्रश्नपत्र लीक हुआ है।" पीठ ने कहा, "यदि परीक्षा की शुचिता नष्ट हो जाती है, तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा। यदि हम दोषियों की पहचान करने में असमर्थ हैं, तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा।" साथ ही पीठ ने कहा कि यदि लीक सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया है, तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा। पीठ ने कहा, "जो हुआ, हमें उसे नकारना नहीं चाहिए।"
JUL 08, 2024 17:51 IST

रूस के मॉस्को पहुंचे पीएम मोदी, उप प्रधानमंत्री ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के मॉस्को पहुंच चुके हैं, वह 8 और 9 जुलाई को रूस में रहेंगे। उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान वो 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। खुद पुतिन ने उन्हें रूस आने का निमंत्रण दिया था। पढ़ें पूरी खबर
JUL 08, 2024 17:05 IST

मुंबई में भारी बारिश से उपनगरीय रेल, विमान सेवाएं प्रभावित, स्कूल बंद

मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण पटरियों पर जलभराव के चलते मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं और हवाईअड्डे पर भी परिचालन पर असर पड़ा जिसके कारण सोमवार को 50 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। भारी बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को जलमग्न सड़कों से गुजरते देखा गया। राज्य सरकार ने मुंबई, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मुंबई के कुछ इलाकों में सुबह सात बजे तक मात्र छह घंटों में 300 मिमी से अधिक बारिश हुई, जिससे सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। पूरे दिन शहर में भारी बारिश हुई, जिससे निवासियों की परेशानी और बढ़ गई। महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई, क्योंकि भारी बारिश के कारण कई सदस्य और अधिकारी विधान भवन नहीं पहुंच सके।