LIVE

आज की ताजा खबर, 6 नवंबर, 2022 Highlights: गुजरात बदनाम करने वाले चुनाव में सूबे से बाहर फेंक दिए जाएंगे- PM का दावा

आज की ताजा खबर, 6 नवंबर, 2022 Highlights: गुजरात बदनाम करने वाले चुनाव में सूबे से बाहर फेंक दिए जाएंगे- PM का दावा
आज की ताजा खबर 6 नवंबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News Highlights, Hindi Samachar Today Highlights: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि घृणा फैलाने वाली और गुजरात को बदनाम करने वाली ताकतों को अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य से बाहर फेंक दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अगले महीने होने वाले चुनाव में भाजपा के रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने का दावा किया, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी होने पर हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी और सरकारी कर्मचारियों की वेतन प्रणाली में सभी अनियमितताओं पर गौर किया जाएगा। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गति बढ़ने और पराली जलने की घटनाओं में कमी आने के बाद रविवार को वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार जरूर हुआ लेकिन वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। वहीं, देश में जनता के बीच मौजूद नकदी 21 अक्टूबर 2022 तक 30.88 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई जो यह दर्शाता है कि नोटबंदी के छह साल बाद भी देश में नकदी का भरपूर उपयोग जारी है। यह आंकड़ा चार नवंबर, 2016 को समाप्त पखवाड़े में चलन में मौजूद मुद्रा के स्तर से 71.84 प्रतिशत अधिक है। उधर, दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और लोकेश राहुल के अर्धशतक के बाद रविचंद्रन अश्विन की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के अपने अंतिम मैच में जिंबाब्वे को 71 रन से हराकर ग्रुप दो में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचा जहां उसकी भिड़ंत इंग्लैंड से होगी। पढ़ें, आज की बड़ी खबरें:
Nov 6, 2022 | 11:47 PM IST

आरएसएस के मार्च निकालने पर वीसीके ने विरोध में ‘मनुस्मृति' बांटी

तमिलनाडु के कुड्डालोर समेत तीन शहरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से रविवार को ‘रूट मार्च’ निकाला गया, जबकि दक्षिणपंथी संगठन के इस कदम के विरोध में विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) ने लोगों के बीच ‘मनुस्मृति’ की प्रतियां वितरित कीं। कुड्डालोर, कल्लाकुरिचि और पेराम्बलूर में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच इस मार्च में आरएसएस के स्वयंसेवकों ने पूरी वर्दी (सफेद शर्ट और खाकी पैंट) में हिस्सा लिया। आरएसएस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि संत वल्लालर (1823 से 1874) की 200वीं जयंती, महात्मा गांधी की 153वीं जयंती और आजादी के 75 साल होने के उपलक्ष्य में यह मार्च निकाला गया। मार्च के बाद सार्वजनिक सभाओं का आयोजन किया गया।
Nov 6, 2022 | 11:46 PM IST

आयकर और जीएसटी टीम की संयुक्त रेड

Nov 6, 2022 | 11:42 PM IST

विस्तारित पेंशन कवरेज को चार महीने के भीतर अपना सकते हैं पात्र कर्मचारी

उच्चतम न्यायालय ने कर्मचारी पेंशन (संशोधन) योजना, 2014 को बरकरार रखा है जिसके बाद 2014 से पहले विस्तारित पेंशन कवरेज को न अपनाने वाले पात्र कर्मचारी भी अगले चार महीने में इसका हिस्सा बन सकते हैं। इस फैसले के बाद एक सितंबर 2014 तक ईपीएस के मौजूदा सदस्य रहे कर्मचारी अपने 'वास्तविक' वेतन का 8.33 फीसदी तक योगदान दे सकते हैं। पहले वे पेंशन-योग्य वेतन का 8.33 फीसदी योगदान ही दे पाते थे और इसकी भी अधिकतम सीमा 15,000 रुपये प्रतिमाह तय थी। लेकिन अब कर्मचारी इस योजना में अधिक योगदान दे सकेंगे और अधिक लाभ भी पा सकेंगे। इसके साथ ही न्यायालय ने 2014 के संशोधनों में उन शर्त को शुक्रवार को निरस्त कर दिया जिसमें कर्मचारी के लिए 15,000 प्रतिमाह से अधिक के वेतन का 1.16 फीसदी योगदान अनिवार्य किया गया था। कर्मचारी संगठनों ने मांग की है कि सरकार पेंशन कोष ईपीएफओ के केंद्रीय बोर्ड के न्यासियों की असाधारण बैठक बनाए ताकि शीर्ष अदालत के आदेश को जल्द लागू किया जा सके। अगस्त 2014 में पेंशन योजना में संशोधन करते हुए पेंशनयोग्य वेतन की अधिकतम सीमा 15,000 रुपये प्रतिमाह कर दी गई थी जो पहले 6,500 रुपये प्रतिमाह थी। इससे सदस्य और उनके नियोक्ता के लिए वास्तविक वेतनों का 8.33 फीसदी योगदान संभव हो सका।
Nov 6, 2022 | 10:30 PM IST

गुजरात चुनाव: भारतीय ट्राइबल पार्टी ने 12 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने गुजरात की 12 विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची की रविवार को घोषणा की, जिसमें अनुसूचित जनजाति (एसटी) की नौ आरक्षित सीटें शामिल हैं।बीटीपी के गुजरात अध्यक्ष रमेश वसावा ने कहा कि पार्टी अगले महीने होने वाले चुनावों के लिए राज्य भर में सभी 27 एसटी-आरक्षित सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी ने राज्य में 2017 के चुनावों में दो सीट जीती थीं। एसटी-आरक्षित नौ सीट के अलावा बीटीपी ने कर्जन, जंबुसर और ओलपाड के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। ये तीनों सीट सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए है। शेष नौ सीट भिलोदा, झालोद, दाहोद, सांखेड़ा, नंदोद, व्यारा, निजार, डांग और धरमपुर हैं।
Nov 6, 2022 | 09:55 PM IST

मोदी ने ‘लाइफ मुहिम' के जरिये जलवायु परिवर्तन का सरल समाधान दिया: यादव

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को कहा कि भारत का मानना ​​है कि जलवायु कार्रवाई व्यक्तिगत स्तर पर शुरू होती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘लाइफ मुहिम’ के माध्यम से जलवायु परिवर्तन की जटिल समस्या का सरल समाधान प्रदान किया है। ‘लाइफ’ मतलब है 'पर्यावरण के लिए जीवन शैली', यह एक जनहितैषी और पृथ्वी-अनुकूल प्रयास है जो दुनिया को बिना सोचे समझे खपत से प्राकृतिक संसाधनों के सावधानीपूर्वक और सोच समझकर उपयोग में बदलने का प्रयास करता है। यादव ने रविवार को मिस्र के शर्म अल-शेख में जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसीसी) के लिए ‘कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज’ (सीओपी) के 27वें संस्करण में भारत ‘पवेलियन’ का उद्घाटन किया। सीओपी27 6 से 18 नवंबर तक निर्धारित है।
Nov 6, 2022 | 09:54 PM IST

कहीं मोदी के ‘आकर्षण' के कारण तो नहीं टूटा गुजरात में पुल; कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का तंज

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कटाक्ष किया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आकर्षण’ के कारण गुजरात में मोरबी पुल टूट गया? अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष बनने के बाद बेंगलुरु की अपनी पहली यात्रा पर आए खरगे (80) ने प्रधानमंत्री मोदी पर हिंदुओं और मुसलमानों के बीच संघर्ष, महिलाओं और दलितों पर अत्याचार, बढ़ती महंगाई, रुपये के गिरते स्तर के मुद्दे पर चुप रहने का आरोप लगाया।
Nov 6, 2022 | 09:54 PM IST

धामनगर उपचुनाव : सहानुभूति की लहर के बूते भाजपा ने बीजद की जीत का सिलसिला तोड़ा

ओडिशा की धामनगर सीट पर हुए उपचुनाव में अपने उम्मीदवार के पक्ष में चली सहानुभूति की लहर और बागियों के कारण बीजू जनता दल (बीजद) के मतदाताओं में बंटवारे के बूते भाजपा ने रविवार को जीत दर्ज कर उपचुनावों में बीजद की विजय के सिलसिले को तोड़ दिया। भाजपा ने पार्टी के दिवंगत विधायक बिष्णु चरण सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को इस सीट से मैदान में उतारा था। सूरज ने सत्ताधारी बीजद की उम्मीदवार अंबाती दास को 9,881 के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। धामनगर सीट 19 सितंबर को भाजपा विधायक बिष्णु चरण सेठी के निधन के कारण रिक्त हुई थी।
Nov 6, 2022 | 09:12 PM IST

विप्रो, नेस्ले, ओएनजीसी से अधिक धनी है तिरुपति मंदिर

तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर की संपत्ति 2.5 लाख करोड़ रुपये (करीब 30 अरब डॉलर) से अधिक है, जो सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो, खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनी नेस्ले तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ओएनजीसी और इंडियन ऑयल(आईओसी) की बाजार पूंजी से अधिक है। भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित तिरुपति मंदिर के प्रबंधक तिरुमला तिरूपति देवस्थानम (टीटीडी) ने 1933 में अपनी स्थापना के बाद से पहली बार अपनी निवल संपत्ति घोषित की है।
Nov 6, 2022 | 09:12 PM IST

रिलायंस 50 करोड़ यूरो में मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया का अधिग्रहण करने के लिए तैयार

रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब 50 करोड़ यूरो (4,060 करोड़ रुपये) के अनुमानित समझौते में जर्मनी की खुदरा कंपनी मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया के भारत में कारोबार का अधिग्रहण करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि इस समझौते में 31 थोक वितरण केंद्र, भूमि बैंक और मेट्रो कैश एंड कैरी के स्वामित्व वाली अन्य संपत्तियां शामिल हैं। यह समझौता देश के सबसे बड़ी खुदरा कंपनी रिलायंस रिटेल को बी2बी श्रेणी में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद करेगा। सूत्रों ने बताया कि मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और मेट्रो के बीच पिछले कुछ महीनों से चर्चा चल रही थी और पिछले सप्ताह जर्मनी की कंपनी रिलायंस रिटेल के प्रस्ताव पर राजी हो गई। मेट्रो और रिलायंस इंडस्ट्रीज दोनों ने संपर्क करने पर इस घटनाक्रम पर फ़िलहाल टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
Nov 6, 2022 | 08:05 PM IST

तृणमूल कांग्रेस विधायक ने नशे की लत के खिलाफ रैली का नेतृत्व किया

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक विधायक ने नशे की लत के खिलाफ अपने निर्वाचन क्षेत्र अमडंगा में रविवार को एक रैली का नेतृत्व किया। टीएमसी विधायक रफीकुर रहमान ने कहा कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में मादक पदार्थों की लत के मुद्दे को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के संज्ञान में लाएंगे। विधायक ने निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के बीच मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और नशे के खिलाफ रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि निर्वाचन क्षेत्र में अन्य आपराधिक गतिविधियां बढ़ी हैं।
Nov 6, 2022 | 08:05 PM IST

पीडीपी नेता अब्दुल हक खान ने पार्टी से इस्तीफा दिया

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के वरिष्ठ नेता अब्दुल हक खान ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया और निजी कारणों से सक्रिय राजनीति से अवकाश ले लिया है। नेता के एक नजदीकी सहयोगी ने यह जानकारी दी। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री खान को पीडीपी के टिकट पर वर्ष 2008 और वर्ष 2014 के दौरान लोलाब विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित किया गया था। पूर्व मंत्री के एक रिश्तेदार और उनके सहयोगी ने कहा, ‘‘खान ने पीडीपी से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन वह किसी दूसरी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं। उन्होंने निजी कारणों से सक्रिय राजनीति से अवकाश लिया है।’’ 69 वर्षीय खान वर्ष 1983 में पीपुल्स कांफ्रेंस में शामिल हुए थे, लेकिन वर्ष 2003 में पीडीपी में शामिल हो गये।खान उन नेताओं में से हैं जिन्होंने वर्ष 2018 में महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली भाजपा-पीडीपी सरकार के गिरने पर पाला नहीं बदला था।
Nov 6, 2022 | 08:04 PM IST

मेघालय: सरकारी अधिकारी के वाहन में आग के बाद इलाके में तनाव, जांच जारी

शिलांग में आग लगने से एक वरिष्ठ अधिकारी का वाहन जलकर खाक हो गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सहायक आयुक्त एल खरमोन का वाहन धनकेटी इलाके में खड़ा था जहां घटना शनिवार रात करीब 10 बजे हुई। ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक सिल्वेस्टर नोंगटिंजर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि खरमोन वहां एक निजी पार्टी में शामिल होने गए थे। उन्होंने कहा कि वाहन का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला लेकिन पेट्रोल बम के कोई निशान नहीं थे। इस घटना से क्षतिग्रस्त वाहन को देखने के लिए मौके पर जमा लोगों में दहशत फैल गई। नोंगटिंजर ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि क्या अधिकारी पर हमला हुआ था।
Nov 6, 2022 | 08:03 PM IST

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार लेकिन अभी भी ‘बेहद खराब' श्रेणी में

राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गति बढ़ने और पराली जलने की घटनाओं में कमी आने के बाद रविवार को वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार जरूर हुआ लेकिन वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में शाम चार बजे पिछले 24 घंटों में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 339 दर्ज किया गया जो शनिवार के 381 के मुकाबले कुछ बेहतर है। वहीं शुक्रवार को यह 447 पर था। गौरतलब है कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक बृहस्पतिवार को ‘गंभीर’ श्रेणी में 450 पर पहुंच गया था, जिसके बाद प्रशासन ने तमाम कदम उठाए जिसमें गैर-बीएस-6 हल्के डीजल वाहनों (कारों आदि) पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
Nov 6, 2022 | 07:35 PM IST

दिल्ली NCR में हटीं GRAP-4 वाली पाबंदियां, Smog से मगर अभी भी नहीं 'राहत'

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने वायु प्रदूषण कम होने के कारण दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) 4 प्रतिबंधों को रद्द कर दिया। इसने उन डीजल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा... पढ़ें, पूरी खबर।
Nov 6, 2022 | 06:53 PM IST

केरल: पालतू कुत्ते को खाना खिलाने में देरी पर युवक ने अपने चचेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या की

केरल के पलक्कड़ में पालतू कुत्ते को खाना खिलाने में देरी पर एक व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यहां यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हकीम (27) को चचेरे भाई 21 वर्षीय अरशद की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी हमें दी। उन्होंने बताया कि अरशद को मृत अवस्था लाया गया था।’’आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Nov 6, 2022 | 06:06 PM IST

एक महीने से कम समय में भारत में भी शुरू होगा 'ट्विटर ब्लू' : मस्क

ट्विटर पर सत्यापन के बाद जारी किए जाने वाले बैज ‘ब्लू टिक’ के लिए भारत में उपयोगकर्ताओं से हर महीने शुल्क लेने की शुरुआत एक महीने से भी कम समय में हो सकती है। सोशल मीडिया मंच के नए मालिक उद्योगपति एलन मस्क ने यह कहा है। इस महीने की शुरुआत में मस्क ने कहा था कि ट्विटर पर सत्यापन के बाद जारी किए जाने वाले ‘ब्लू टिक’ बैज के लिए उपयोगकर्ताओं को हर महीने आठ डॉलर का शुल्क देना होगा। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क ने लंबे विवाद के बाद गत 27 अक्टूबर को 44 अरब डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण किया था। उन्होंने इस सोशल मीडिया मंच की कमान संभालते ही कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पराग अग्रवाल और कानूनी मामलों एवं नीति प्रमुख विजया गड्डे समेत चार शीर्ष अधिकारियों को निकाल दिया था। ट्विटर ने इसके बाद दुनिया भर में बड़े पैमाने पर छंटनी के हिस्से के रूप में भारत में भी अपने 200 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया।मस्क ने अब कहा है कि भारत में एक महीने के भीतर ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए हर माह शुल्क लगाने की उम्मीद की जा सकती है।
Nov 6, 2022 | 06:00 PM IST

भारत में आठ नवंबर को पूर्ण चंद्र ग्रहण

देश में इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण आठ नवंबर को घटित होगा। चंद्रोदय के समय ग्रहण भारत के सभी स्थानों से दिखाई देगा । पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के बयान में यह जानकारी दी गई है। मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘ ग्रहण की आंशिक एवं पूर्णावस्था का आरम्भ भारत के किसी भी स्थान से दिखाई नहीं देगा क्योंकि यह घटना भारत में चंद्रोदय के पहले ही प्रारम्भ हो चुकी होगी।’’ इसमें कहा गया है कि चंद्र ग्रहण की पूर्णावस्था एवं आंशिक अवस्था दोनों ही का अंत देश के पूर्वी हिस्सों से दिखाई देगा। देश के बाकी हिस्सों से आंशिक अवस्था का केवल अंत ही दिखाई देगा। मंत्रालय ने बताया कि भारत में पूर्ण चंद्र ग्रहण आठ नवंबर को होगा। चंद्र ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तर अटलांटिक महासागर तथा प्रशांत महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा।
Nov 6, 2022 | 05:45 PM IST

दिल्ली-NCR: वायु प्रदूषण के चलते इलाकों में छाई रही धुंध

Nov 6, 2022 | 05:43 PM IST

केंद्रीय मंत्री ने सत्येंद्र जैन को दिल्ली से बाहर की जेल में स्थानांतरित करने की मांग की

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) के मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली से बाहर किसी अन्य कारागार में स्थानांतरित करने की रविवार को मांग की। लेखी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में ठग सुकेश चंद्रशेखर के एक पत्र का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि जैन जेल के अंदर उगाही करने में संलिप्त हैं। जैन को धन शोधन के एक मामले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था और वह अभी दिल्ली की मंडोली जेल में बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मैं दिल्ली के उपराज्यपाल, दिल्ली सरकार और न्यायपालिका से जैन को दिल्ली के बाहर किसी अन्य जेल में स्थानांतरित करने का अनुरोध करता हूं क्योंकि वह धन की उगाही जारी रखने के लिए मंत्री के तौर पर अपने पद का दुरूपयोग कर सकते हैं।’’
Nov 6, 2022 | 05:05 PM IST

भारत ने जिंबाब्वे को हराया

भारत आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण के ग्रुप दो मैच में जिंबाब्वे को 71 रन से हराकर शीर्ष पर रहा। सेमीफाइनल में 10 नवंबर को इंग्लैंड से अब भिड़ंत होगी... पढ़ें, पूरी खबर।
Nov 6, 2022 | 04:29 PM IST

तंजानिया में छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर विक्टोरिया झील में गिरा

पूर्वी अफ्रीका में स्थित तंजानिया में एक हवाई अड्डे की तरफ जा रहा एक छोटा यात्री विमान रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर विक्टोरिया झील में गिर गया। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग विमान में सवार थे। विमान बुकोबा हवाई अड्डे की ओर बढ़ रहा था, लेकिन हादसे का शिकार हो गया। तंजानिया एयरलाइन कंपनी प्रीसीजन एयर ने कहा कि विमान ने तटवर्ती शहर ‘दार एस सलाम’ से उड़ान भरी थी। मीडिया की खबरों में झील में काफी हद तक डूबे विमान की तस्वीर दिखाई गई है। कागेरा प्रांत के पुलिस कमांडर विलियम मवापाघले ने संवाददाताओं से कहा कि बचावकर्मियों ने काफी लोगों को बचाया है। विलियम ने कहा, ‘‘जब विमान हवा में 100 मीटर की ऊंचाई पर था, तभी इसे खराब मौसम का सामना करना पड़ा। बरसात हो रही थी और विमान पानी में गिर गया। बचाव कार्य जारी है।’’
Nov 6, 2022 | 03:42 PM IST

विस उपचुनाव : भाजपा आदमपुर, गोला गोकर्णनाथ, गोपालगंज में विजयी, राजद ने मोकामा सीट जीती

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह राज्यों में सात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हरियाणा, उत्तर प्रदेश तथा बिहार में कुल तीन सीट पर रविवार को जीत दर्ज की, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मोकामा विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। मुंबई में अंधेरी (पूर्व) विधानसभा सीट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार रुतुजा लटके ने उपचुनाव जीत लिया है, जबकि तेलंगाना में मुनूगोड़े सीट पर तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने भाजपा उम्मीदवार पर मामूली बढ़त बनायी हुई है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट फिर से अपने नाम कर ली है और उसके उम्मीदवार अमन गिरि ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी को 34,000 से अधिक मतों से हरा दिया है।
Nov 6, 2022 | 03:41 PM IST

चुनावी नतीजों पर क्या बोले भव्य बिश्नोई?

Nov 6, 2022 | 03:02 PM IST

पश्चिम बंगाल में देसी बम विस्फोट में दो लोग घायल

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार को एक निर्माणाधीन इमारत में देसी बम विस्फोट में दो राजमिस्त्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब डेगंगा इलाके में निर्माण स्थल पर राजमिस्त्री काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में दो राजमिस्त्री मामूली रूप से घायल हो गये।
Nov 6, 2022 | 02:22 PM IST

महाराष्ट्र उपचुनाव : ऋतुजा लटके आगे, नोटा दूसरे स्थान पर

मुंबई की अंधेरी (पूर्वी) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार ऋतुजा लटके आसान जीत की ओर हैं और उन्हें रविवार को अब तक गिने गए 49,616 मतों में से 37,000 से अधिक वोट मिले हैं। उनके बाद उपरोक्त में से कोई नहीं (नोटा) विकल्प के पक्ष में 7,556 मत पड़े हैं।
Nov 6, 2022 | 01:43 PM IST

आदमपुर उपचुनाव : भाजपा के भव्य बिश्नोई 17,000 से अधिक मतों से आगे

हरियाणा में आदमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में रविवार को नौ चरण की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार भव्य बिश्नोई अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जयप्रकाश से 17,988 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
Nov 6, 2022 | 01:43 PM IST

गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी अमन गिरि ने जीत हासिल कर ली है। यह सीट उनके पिता अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुई थी।
Nov 6, 2022 | 01:42 PM IST

बिहार उपचुनाव: मोकामा विधानसभा सीट राजद ने बरकरार रखी

बिहार की मोकामा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए रविवार को हुई मतगणना के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस सीट को बरकरार रखा है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
Nov 6, 2022 | 12:59 PM IST

मल्लिकार्जुन खरगे का बेंगलुरु में जोरदार स्वागत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को बेंगलुरु पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद से खरगे का यह पहला बेंगलुरु दौरा है। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार और पार्टी विधायकों एवं पदाधिकारियों ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
Nov 6, 2022 | 12:59 PM IST

ओडिशा में माओवादियों के 650 समर्थकों ने आत्मसमर्पण किया

ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित गांवों में रहने वाले 650 सक्रिय माओवाद समर्थकों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
Nov 6, 2022 | 12:27 PM IST

महाराष्ट्र उपचुनाव

महाराष्ट्र: विधानसभा उपचुनाव में रुझानों के मुताबिक 8वें राउंड के बाद शिवसेना (उद्धव-बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार रुतुजा लटके 29,033 मतों से आगे चल रही हैं।
Nov 6, 2022 | 12:26 PM IST

गोपालगंज उपचुनाव

बिहार: गोपालगंज विधानसभा उपचुनाव के रुझानों के मुताबिक 18वें राउंड के बाद भाजपा के कुसुम देवी 54,673 मतों से आगे चल रही हैं। RJD के उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता 52,184 मतों से पीछे हैं।
Nov 6, 2022 | 11:07 AM IST

हिमाचल चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र 2022

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने शिमला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व अन्य सीनियर नेता मौजूद थे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश में बीजेपी संकल्प पत्र (BJP Sankalp Patra) 2022 का विमोचन करते हुए गिनाए अपने काम और कई वादे किए। पढ़ें पूरी खबर
Nov 6, 2022 | 11:05 AM IST

फिलाडेल्फिया में अंधाधुंध फायरिंग

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में एक बार में अंधाधुंध फायरिंग की गई है, जिसमें कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच में जुट गई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। पढ़ें पूरी खबर
Nov 6, 2022 | 11:03 AM IST

तेलंगाना में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुए प्रशांत भूषण

तेलंगाना में रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 60वें दिन वरिष्ठ वकील एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण इसमें शामिल हुए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अनुसूचित जातियों के वर्गीकरण के लिए संघर्ष करने वाले संगठन मडिगा आरक्षण पोराटा समिति (एमआरपीएस) के नेता मांडा कृष्ण मडिगा ने भी रविवार सुबह मेडक जिले के अल्लादुर्ग से फिर से शुरू हुई इस पदयात्रा में हिस्सा लिया।
Nov 6, 2022 | 10:38 AM IST

भारत में कोरोना

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,132 नए मामले आने से देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,46,60,579 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 14,839 रह गई है।
Nov 6, 2022 | 10:37 AM IST

गुजरात चुनाव : प्रधानमंत्री मोदी वलसाड में आज रैली को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी रविवार को गुजरात के वलसाड जिले में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और भावनगर में एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
Nov 6, 2022 | 10:07 AM IST

गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव

उत्तर प्रदेश: गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव के शुरुआती रुझानों के मुताबिक भाजपा के अमन गिरी 15,866 वोटों से आगे चल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के विनय तिवारी 10,853 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
Nov 6, 2022 | 10:06 AM IST

मोकामा उपचुनाव रिजल्ट

बिहार: मोकामा विधानसभा उपचुनाव में के शुरुआती रुझानों के मुताबिक छठे राउंड की मतगणना के बाद RJD की नीलम देवी 22,756 मतों के साथ आगे चल रही हैं।
Nov 6, 2022 | 10:06 AM IST

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया

बांग्लादेश के कप्तान शाकिबुल हसन ने रविवार को यहां ‘करो या मरो’ के टी20 विश्व कप सुपर 12 मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।