LIVE

आज की ताजा खबर, 5 मई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: तमिलनाडु के राज्यपाल ने स्वीकार किया एम.के. स्टालिन का इस्तीफा, विजय का धमाका, दिल्ली में बारिश, पढ़ें- दुनिया भर की अपडेट

आज की ताजा खबर लाइव, 5 मई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [विधानसभा चुनाव नतीजों का अपडेट], [दिल्ली-NCR में बारिश], [ईरान युद्ध अपडेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: 5 मई 2026 की बड़ी खबरों में चुनावी नतीजों का रोमांच, तमिलनाडु में विजय का उभार, दिल्ली-NCR में बारिश से बदला मौसम और अमेरिका-ईरान तनाव जैसे अहम अपडेट शामिल हैं। देश से लेकर दुनिया तक की हर हलचल का ताजा अपडेट यहां मिलेगा, सबसे तेज और सबसे पहले।
आज की ताजा खबर, 5 मई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: तमिलनाडु के राज्यपाल ने स्वीकार किया एम.के. स्टालिन का इस्तीफा, विजय का धमाका, दिल्ली में बारिश, पढ़ें- दुनिया भर की अपडेट
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [विधानसभा चुनाव नतीजों का अपडेट], [दिल्ली-NCR में बारिश], [ईरान युद्ध अपडेट]के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: आज की ताजा खबर LIVE में देश-दुनिया की हर बड़ी अपडेट एक जगह। विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में जहां कई राज्यों में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं, वहीं तमिलनाडु में विजय की TVK पार्टी ने सियासी हलचल तेज कर दी है। दिल्ली-NCR में बारिश ने मौसम बदल दिया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर सबकी नजर है। हर ब्रेकिंग अपडेट के लिए जुड़े रहें इस लाइव ब्लॉग से।
May 5, 2026 | 07:31 PM IST

जयपुर में तेज रफ्तार कार का कहर

जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी। यह घटना शिप्रापथ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने शिप्रापथ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।
May 5, 2026 | 07:16 PM IST

कोटा में बड़ा हादसा, तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिरा

कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में आज बड़ा हादसा सामने आया है, जहां गुमानपुरा बल्लभबाड़ी इलाके के घोसी मोहल्ले में एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। मकान घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित था, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
May 5, 2026 | 07:15 PM IST

नई सरकार के गठन के लिए नोटिफिकेशन

पश्चिम बंगाल समेत सभी 5 राज्यों के राज्यपाल को चुनाव आयोग नई सरकार के गठन के लिए नोटिफिकेशन भेजा। कल यानी 6 मई, बुधवार को नए चुने हुए विधायकों का गैजेट नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। जिसके बाद पुराने सभी विधायकों की सदस्यता अपने आप खत्म हो जाएगी।
May 5, 2026 | 02:56 PM IST

भाजपा में कैसे तय होता है मुख्यमंत्री?

कोलकाता, पश्चिम बंगाल: केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, '... पद्धति के अनुसार भाजपा में मुख्यमंत्री तय किया जाता है।'

कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा भाजपा का झंडा उठाकर तोड़-फोड़ की गई इस पर उन्होंने कहा, 'भाजपा को भाजपा बने रहना है, TMC नहीं बनना है। TMC को लोगों ने नापसंद किया है। TMC जैसा आचरण नहीं रखिए। हम जानते हैं कि लोगों पर लगातार अत्याचार हुए हैं। पुलिस इस पर कार्रवाई करेगी... राम को रावण नहीं बनना है।'
May 5, 2026 | 01:47 PM IST

उप्र विधानसभा के अगले चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करें : अखिलेश

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार से वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए महिलाओं का आरक्षण तुरंत लागू करने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में भाजपा को चुनौती दी कि या तो वह उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए महिला आरक्षण लागू करें या फिर खुले तौर पर स्वीकार करे कि वह महिलाओं के हितों के खिलाफ है।

उन्होंने पोस्ट में कहा, "पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) की मांग है कि जो ’महिला आरक्षण’ समस्त विपक्ष ने मिलकर संसद में सहर्ष पास किया है उसे 2027 के उप्र विधानसभा चुनाव में लागू करने की घोषणा भाजपा सरकार तत्काल करे या कह दे कि पुरुषवादी भाजपाई और उनके सामंती संगी-साथी महिलाओं को आरक्षण के खिलाफ हैं।"

यादव ने कहा, "जब तक यह घोषणा नहीं होगी तब तक हम यह बात हर हफ़्ते जगह-जगह उठाते रहेंगे।"

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह समाजवादी पार्टी पर संसद में महिला आरक्षण को रोकने का इल्जाम लगा रहे हैं।
May 5, 2026 | 01:46 PM IST

अभिनेता संतोष नायर की पथनमथिट्टा में सड़क दुर्घटना में मौत

पथनमथिट्टा जिले के एनाथु में एक सड़क दुर्घटना में मलयालम अभिनेता संतोष नायर की मंगलवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सुबह करीब साढ़े छह बजे नायर की कार एक लॉरी से टकरा गई, जिससे वह और उनकी पत्नी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि वाहन के ’स्टीयरिंग’ से सीने पर चोट लगने के बाद नायर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि उनकी पत्नी के पसलियों में ’फ्रैक्चर’ हो गया।
May 5, 2026 | 01:46 PM IST

जनता की इच्छा सर्वोपरि : तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से करारी हार मिलने के एक दिन बाद पार्टी सांसद मोहुआ मोइत्रा ने मंगलवार को कहा कि जनता की इच्छा सर्वोपरि है और उनकी पार्टी जनादेश का सम्मान करती है।

तृणमूल कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी एक ’’धर्मनिरपेक्ष देश’’ के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

मोइत्रा ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "जनता की इच्छा सर्वोपरि है। अगर बंगाल भाजपा चाहता था, तो उसे वह मिल गई है। हम इसका सम्मान करते हैं।"
May 5, 2026 | 01:45 PM IST

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बनेगा श्रमिक सुविधा केंद्र

नोएडा में पिछले माह हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने अपने क्षेत्र में श्रमिक सुविधा केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है जिसका उद्देश्य कामगारों को सरकारी योजनाओं व रोजगार से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, श्रमिकों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए श्रमिक आवास (लेबर हॉस्टल) बनाने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया गया है और इसके लिए राज्य सरकार से अनुमति ली जाएगी।

नोएडा में कारखानों में काम करने वाले हजारों श्रमिकों ने वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर अप्रैल की शुरुआत में काम बंद कर दिया था। यह प्रदर्शन बाद में हिंसक हो गया और आगजनी, तोड़फोड़ तथा पथराव की घटनाएं हुईं।
May 5, 2026 | 01:44 PM IST

तमिलनाडु के राज्यपाल ने स्वीकार किया एम.के. स्टालिन का इस्तीफा

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने एम.के. स्टालिन का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा स्वीकार किया।
May 5, 2026 | 01:18 PM IST

अमरेली के राजुला में अपहरण के दौरान मां की हत्या, 9 आरोपियों पर मामला दर्ज

अमरेली जिले के राजुला नेशनल हाईवे पर प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में युवक के अपहरण के दौरान उसकी मां की हत्या कर दी गई। घटना पीपावाव पोर्ट चौकड़ी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट हुई। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने सार्वजनिक स्थान से युवक भावेश भील का अपहरण किया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी मां पर आरोपियों ने कार चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

घटना के बाद पुलिस ने पीछा कर अपहरणकर्ताओं के कब्जे से युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया। मरीन पीपावाव पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
May 5, 2026 | 11:41 AM IST

संजय भंडारी को राऊज एवेन्यू कोर्ट से झटका

भगोडे आर्म्स डीलर संजय भंडारी को राऊज एवेन्यू कोर्ट से झटका लगा है। आर्म्स डीलर संजय भंडारी को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद उसकी कुछ संपत्तियों को कोर्ट ने जब्त का आदेश दिया। भगोडे आर्म्स डीलर संजय भंडारी की बाकी सम्पत्तियों को जब्त करने पर 18 जुलाई को होगी सुनवाई।

ED ने भगोडे आर्म्स डीलर की संपत्तियों को जब्त करने की मांग की थी। ईडी की मांग का संजय भंडारी की तरफ से विरोध किया गया था। पिछले सुनवाई में कोर्ट ने सभी पक्षों की जिरह के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
May 5, 2026 | 10:29 AM IST

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

बदायूं स्थिति गंगा एक्सप्रेस वे में हुए सड़क हादसे से संबंधित मामले में मुख्यमंत्री ने जनपद बदायूं में हुए सड़क हादसे का लिया संज्ञान। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश। मुख्यमंत्री ने घायलों का उचित इलाज करवाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
May 5, 2026 | 10:29 AM IST

बदायूं गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

बदायूं गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार डबल डेकर बस खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। आनन फानन में घायलों को सीएचसी बहजोई में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। लुधियाना से डबल डेकर बस आ रही थी। बताया गया कि बस का चालक नशे में था। बदायूं जिले के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे के चन्दौई टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा।
May 5, 2026 | 09:18 AM IST

नितिन नवीन जाएंगे मंदिर

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दर्शन एवं पूजा-अर्चना हेतु काली बाड़ी मंदिर, सी.आर. पार्क, नई दिल्ली आएंगे।
May 5, 2026 | 09:17 AM IST

राघव चड्ढा आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेंगे

चड्ढा राजनीतिक बदले की भावना और पंजाब सरकार की मशीनरी के दुरुपयोग का मुद्दा उठाएंगे, जिसका इस्तेमाल हाल ही में AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए सांसदों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।
May 5, 2026 | 08:44 AM IST

पाकिस्तान की ओर से किए गए सीमा पार हमले में तीन लोगों की मौत: अफगानिस्तान

अफगानिस्तान ने कहा कि पाकिस्तान ने सोमवार को सीमा पार से उसके रिहायशी इलाकों में हमला किया जिसमें उसके कम से कम तीन नागरिक मारे गए और 14 अन्य घायल हो गए।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शांति वार्ता के बावजूद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव बना हुआ है।

अफगान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इन हमलों में अफगान के कुनार प्रांत में दो स्कूल, दो मस्जिद और एक स्वास्थ्य केंद्र भी क्षतिग्रस्त हो गए।

वहीं पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि फितरत के आरोप अफगान क्षेत्र से पाकिस्तान में हाल ही में हुई सीमा-पार गोलीबारी के बाद सामने आए हैं। मार्च और अप्रैल में हुए उन हमलों में उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में नौ महिलाओं और बच्चों की मौत हो गई।
May 5, 2026 | 07:13 AM IST

सीएम भगवंत मान आज राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात

May 5, 2026 | 06:56 AM IST

'ऐतिहासिक हैट्रिक': अमित शाह ने असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के लोगों को बधाई दी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम की जनता को "ऐतिहासिक हैट्रिक जनादेश" के लिए बधाई दी और इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षों में एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए किए गए अथक प्रयासों को एक मजबूत समर्थन बताया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा, "यह असीम स्नेह और सहयोग आपको और भी बेहतर सेवाएं प्रदान करने और आपकी आशाओं व आकांक्षाओं को पूरा करने के हमारे संकल्प को मजबूत कर रहा है।"

शाह ने कहा कि असम में राजग की यह लगातार तीसरी बड़ी जीत प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा की ’डबल इंजन’ सरकार में अटूट विश्वास का प्रमाण है, जिसने असम को अशांति की भूमि से आशा और विकास की भूमि में बदल दिया है। उन्होंने राजग को मतों में अधिक हिस्सेदारी देने के लिए केरल की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, "मोदी सरकार ’विकसित केरलम’ की परिकल्पना के प्रति प्रतिबद्ध है और इसके लिए काम करना जारी रखेगी।"

शाह ने केरल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने दक्षिणी राज्य में राजग को अधिक मत प्रतिशत दिया है।

उन्होंने कहा, "मोदी सरकार ’विकसित केरलम’ की दृष्टि के प्रति प्रतिबद्ध है और इस दिशा में काम करना जारी रखेगी।"

शाह ने तमिलनाडु और पुडुचेरी की जनता को भी धन्यवाद दिया।

तमिलनाडु के लिए अपने संदेश में उन्होंने कहा कि केंद्र की राजग सरकार तमिलनाडु के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और तमिल संस्कृति और गौरव को मजबूत करने की दिशा में काम करना जारी रखेगी।
May 5, 2026 | 06:51 AM IST

वांछित अपराधी को यूएई से प्रत्यर्पित किया गया : सीबीआई

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने फरार मोहम्मद नवाज कक्कट इस्माइल को इंटरपोल रेड नोटिस के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कराया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस्माइल जबरन वसूली, धोखाधड़ी, गबन, जालसाजी, संगठित अपराध गिरोह का हिस्सा होने आदि के मामले में वांछित था।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि इस्माइल को रविवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, जहां दिल्ली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर, सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था।
May 5, 2026 | 06:50 AM IST

उप्र में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह करेंगे काम

उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब सभी प्रीपेड मीटर पोस्टपेड स्मार्ट मीटर के रूप में कार्य करेंगे। सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया है कि पहले की तरह ही बिजली बिल में बिल जमा करने की तिथि उल्लिखित रहेगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को अपना बकाया भुगतान 10 किस्तों में करने की बड़ी राहत भी दी गई है।

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री ए.के. शर्मा ने इस संबंध में बैठक के बाद विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिलिंग साइकिल वैसे ही रहेगा जैसे पहले पोस्टपेड मीटर में होता था। पूर्व की तरह एक तारीख से माह के अन्त तक बिल की खपत का एक महीने का बिल एसएमएस और व्हाट्सएप पर दिया जायेगा। जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नम्बर बदला है, वे अपना नम्बर अपडेट करवा सकते हैं।

इस फैसले से प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। बिलिंग प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी, भुगतान के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
May 5, 2026 | 06:50 AM IST

दिल्ली में देर रात गरज के साथ बारिश; आईएमडी ने ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार देर रात गरज के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और अगले कुछ घंटों में दिल्ली में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ’ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब है ’’सतर्क रहें’’, जो प्रतिकूल मौसम की संभावना को दर्शाता है।

मौसम विभाग ने कहा कि कश्मीरी गेट, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, डिफेंस कॉलोनी और लाजपत नगर सहित दिल्ली के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने के साथ बारिश होने का अनुमान है, जिसमें हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि बुराड़ी, मॉडल टाउन, दिल्ली विश्वविद्यालय, पटेल नगर, वसंत विहार, आर के पुरम, वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू और आयानगर जैसे कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, हल्की गरज और बिजली गिरने का अनुमान है। साथ ही हवा की गति 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
May 5, 2026 | 06:49 AM IST

होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा कर रहे अमेरिकी पोत पर हमला हुआ, तो ईरान को मिटा दिया जाएगा : ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे फंसे हुए जहाजों को सुरक्षा प्रदान कर रहे अमेरिकी जहाजों पर हमला करता है तो ’’धरती के नक्शे से उसका नामोनिशान मिटा दिया जाएगा।’’

ट्रंप का ’फॉक्स न्यूज’ को दिया गया बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान ने कुछ जहाजों पर कथित तौर पर हमला किया है जिन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी केंद्रीय कमान द्वारा शुरू की गई ’प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजारा जा रहा था।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’ट्रुथ सोशल’ पर दावा किया कि ईरान ने कुछ जहाजों पर हमला किया है, जिनमें एक दक्षिण कोरियाई मालवाहक जहाज भी शामिल है, जिसे जलडमरूमध्य से गुजारा जा रहा था, जो 28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से प्रभावी रूप से बंद है।
May 5, 2026 | 06:49 AM IST

असम में राजग को दो-तिहाई बहुमत, 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 पर जीती

असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने वाली है। राजग ने सोमवार को 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की।

भाजपा ने 82 सीट पर जीत हासिल की जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है।

राज्य में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है। इससे पहले 2021 और 2016 के चुनावों में उसने 60-60 सीटें जीती थीं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार बिदिशा नियोग को 89,434 मतों से हराकर लगातार छठी बार जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।

विपक्षी खेमे में कांग्रेस ने 19 सीट जीतीं जबकि बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाले एआईयूडीएफ और अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले रायजोर दल ने दो-दो सीट हासिल कीं। तृणमूल कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई।
May 5, 2026 | 06:48 AM IST

तमिलनाडु में विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, स्टालिन को मिली शिकस्त

अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने सोमवार को तमिलनाडु के चुनावी इतिहास में एक तरह का रिकॉर्ड बनाते हुए सत्तारूढ़ द्रमुक और उसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को उनके कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में करारी शिकस्त दी और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं, अन्नाद्रमुक तीसरे स्थान पर रही।

1967 में राज्य में पहली गैर-कांग्रेसी सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह पहली बार है, जब दो द्रविड़ दलों के अलावा कोई अन्य पार्टी चुनाव में विजयी हुई।

इस जीत के साथ ही विजय और टीवीके के नाम कई उपलब्धियां दर्ज हो गई हैं, और पार्टी के संस्थापक विजय अल्पसंख्यक समुदाय (ईसाई धर्म) से राज्य की बागडोर संभालने वाले पहले व्यक्ति होंगे।

विजय ने पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है। उनकी पार्टी 107 सीटें जीत कर 234 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री स्टालिन को कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में 8,795 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।