LIVE

आज की ताजा खबर (Taza Khabar) 5 जनवरी 2024: मार्कोस कमांडो ने छुड़ाया हाईजैक जहाज; T20 वर्ल्डकप शेड्यूल का ऐलान

आज की ताजा खबर (Taza Khabar) 5 जनवरी 2024: मार्कोस कमांडो ने छुड़ाया हाईजैक जहाज; T20 वर्ल्डकप शेड्यूल का ऐलान
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 5 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम पर छापेमारी के दौरान हमला हुआ। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में छापेमारी के दौरान ईडी टीम को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए। राशन घोटाला मामले में ईडी की टीम बनगांव में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शंकर आध्या के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम के एक सदस्य ने कहा कि मौके पर आठ लोग आए थे। हम तीन लोग घटनास्थल से चले गए। जब हम आए तो उन्होंने हम पर हमला कर दिया। वहीं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अंतरिक्ष में अपने अभियान का आकलन करने और भविष्य के अभियानों के लिए प्रणालियों के डिजाइन के लिए आंकड़ें एकत्रित करने के वास्ते एक ईंधन सेल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। यहां स्थित अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि अभियानों को दक्षता प्रदान करने और केवल पानी का उत्सर्जन करने वाली ये ईंधन सेल अंतरिक्ष में बिजली उत्पादन का भविष्य हैं। विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र/इसरो ने अपने कक्षीय प्लेटफॉर्म पोअम 3 में 100 वॉट वर्ग की पॉलीमर इलेक्ट्रोलाइट मेमब्रेन फ्यूल सेल आधारित ऊर्जा प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। पोअम 3 का पीएसएलवी-सी58 से एक जनवरी को प्रक्षेपण किया गया था। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 5 जनवरी (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
Jan 5, 2024 | 10:06 PM IST

महाराष्ट्र में मिले 146 नए कोरोना मरीज

महाराष्ट्र में आज 146 नए कोरोना मरीज मिले हैं। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर914 हो गई है।
Jan 5, 2024 | 08:43 PM IST

मार्कोस कमांडो ने छुड़ाया हाईजैक जहाज

भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट पर हाईजैक किए गए जहाज को समुद्री लुटेरों से छुड़ा लिया है। यह जानकारी रक्षा अधिकारियों की ओर से दी गई है। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि नौसेना के मार्कोस कमांडो ने हाईजैक जहाज पर सवार सभी 21 चालक दल (15 भारतीयों सहित) को सुरक्षित निकाल लिया है। नौसेना ने बताया कि मालवाहक जहाज एमवी लीला नॉरफोक अब उसकी सुरक्षा निगरानी में है और उसे अगले बंदरगाह तक पहुंचाया जा रहा है।
Jan 5, 2024 | 07:29 PM IST

टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान

टी-20 वर्ल्ड कप शेड्यूल का ऐलान हो गया है। पढ़ें पूरी खबर
Jan 5, 2024 | 07:24 PM IST

सोमालिया तट पर हाईजैक जहाज पर चढ़े मार्कोस कमांडो

सोमालिया तट पर हाईजैक मालवाहक जहाज एमवी लीला नॉरफोक को समुद्री लुटेरों से बचाने के लिए भारतीय नौसेना एक्शन में आ गई है। नौसेना के अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि भारतीय युद्धपोत INS चेन्नई हाईजैक जहाज के पास पहुंच गया है और मार्कोस कमांडो जहाज के अंदर घुस गए हैं। उन्होंने अपहरणकर्ताओं को चेतावनी दे दी है और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
Jan 5, 2024 | 07:14 PM IST

स्वाति मालीवाल ने DCW पद से इस्तीफा दिया

आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकित किए जाने के बाद दिल्ली महिला आयोग (DCW) प्रमुख स्वाति मालीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दिया।
Jan 5, 2024 | 06:55 PM IST

पाकिस्तान: चुनाव में देरी की मांग वाला प्रस्ताव पारित

पाकिस्तान की संसद के उच्च सदन ‘सीनेट’ ने ठंड के मौसम और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आम चुनाव में देरी किये जाने की मांग करने संबंधी एक प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दे दी।प्रस्ताव को मंजूरी दिये जाने से आठ फरवरी को प्रस्तावित आम चुनावों से पहले राजनीतिक अनिश्चितता पैदा हो गई है।निर्दलीय सांसद दिलावर खान ने उच्च सदन में यह प्रस्ताव पेश किया ,जिसे पारित कर दिया गया।
Jan 5, 2024 | 05:03 PM IST

राजस्थान में मंत्रालयों का हुआ बंटवारा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने कैबिनेट मंत्रियों को उनके विभागों का बंटवारा कर दिया है। सीएम शर्मा ने गृह विभाग समेत आठ विभाग अपने पास ही रखे हैं।
Jan 5, 2024 | 04:41 PM IST

पृथ्वी योजना के लिए केंद्र ने दी 4,797 करोड़ की मंजूरी

सरकार ने 2021 से 26 तक पांच वर्ष की अवधि में 4,797 करोड़ रुपये की लागत से जारी पृथ्वी विज्ञान से संबंधित पांच उप-योजनाओं वाली एक व्यापक पहल "पृथ्वी विज्ञान" को शुक्रवार को मंजूरी दे दी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उप-योजनाओं को जोड़ने करने के लिए पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
Jan 5, 2024 | 03:13 PM IST

देश में कोरोना JN.1 वैरिएंट के 619 मामले

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, देश में कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 के कुल 619 मामले हैं। इन केस की 12 राज्य में पुष्टि हुई है।
Jan 5, 2024 | 02:46 PM IST

बंगाल में ईडी टीम पर हमले की हो NIA जांच

पश्चिम बंगाल में ईडी टीम पर हुए हमले की NIA जांच की मांग की गई है। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने अमित शाह को पत्र लिखकर NIA जांच की मांग की है।
Jan 5, 2024 | 02:11 PM IST

सरकार ने बिजली के सामान के लिए अनिवार्य गुणवत्ता मानदंड किए लागू

सरकार ने घटिया वस्तुओं के आयात पर अंकुश लगाने तथा इन वस्तुओं के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए ‘स्विच-सॉकेट-आउटलेट’ और ‘केबल ट्रंकिंग’ जैसे बिजली के सामान के लिए अनिवार्य गुणवत्ता मानदंड जारी किए हैं। इस संबंध में उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) द्वारा इस एक जनवरी 2024 को विद्युत सहायक उपकरण (गुणवत्ता नियंत्रण) आदेश 2023 जारी किया गया। आदेशानुसार, वस्तुओं का उत्पादन, बिक्री, व्यापार, आयात और भंडारण तब तक नहीं किया जा सकता जब तक कि उन पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) का चिह्न न हो। डीपीआईआईटी ने कहा कि यह आदेश अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख से छह महीने बाद लागू होगा। इसमें कहा गया, 'इस आदेश में कुछ भी, निर्यात के लिए घरेलू स्तर पर निर्मित वस्तुओं लागू नहीं होगा।' लघु, कुटीर एवं मझौले (एमएसएमई) क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आदेश के अनुपालन में छूट दी गई है। छोटे उद्योगों को नौ महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है, जबकि सूक्ष्म उद्यमों को 12 महीने का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। डीपीआईआईटी बीआईएस और हितधारकों के परामर्श से गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) को अधिसूचित करने के लिए प्रमुख उत्पादों की पहचान कर रहा है।
Jan 5, 2024 | 02:10 PM IST

छत्तीसगढ़ के सात जिलों से होकर गुजरेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होने वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' अगले महीने छत्तीसगढ़ के सात जिलों से होकर गुजरेगी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यात्रा 67 दिनों में 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरते हुए 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद मुंबई में समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के 16-17 फरवरी के बाद छत्तीसगढ़ पहुंचने की उम्मीद है, जो पांच दिनों में राज्य के सात जिलों से होकर गुजरेगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज ने कहा कि देश की एकता, अखण्डता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। जनाधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले से ही सत्याग्रह को एक मजबूत हथियार मानती है और भारत जोड़ो न्याय पदयात्रा आजादी के बाद देश का सबसे विशाल और परिवर्तक सत्याग्रह साबित होगा।
Jan 5, 2024 | 01:17 PM IST

TMC नेता के घर छापा मारने गई ED की टीम पर हमला

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम पर छापेमारी के दौरान हमला हुआ। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में छापेमारी के दौरान ईडी टीम को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए। राशन घोटाला मामले में ईडी की टीम बनगांव में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शंकर आध्या के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम के एक सदस्य ने कहा कि मौके पर आठ लोग आए थे। हम तीन लोग घटनास्थल से चले गए। जब हम आए तो उन्होंने हम पर हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर
Jan 5, 2024 | 01:15 PM IST

बच्चे के पेशाब करने पर महिला को पीट-पीटकर मार डाला

बताया जाता है कि मृतक महिला परिवार का एक बच्चे ने गुरुवार की रात पड़ोसी की एक खाली जमीन पर पेशाब कर दिया, जिससे पड़ोसी के परिजन नाराज हो गए। मामला बिहार के बेगूसराय जिले का है। जहां एक बच्चे के पेशाब करने के विवाद ने इस कदर तूल पकड़ लिया कि महिला को पीट-पीटकर मार डाला। पढ़ें पूरी खबर
Jan 5, 2024 | 12:37 PM IST

इसरो ने ईंधन सेल का सफलतापूर्वक किया परीक्षण

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अंतरिक्ष में अपने अभियान का आकलन करने और भविष्य के अभियानों के लिए प्रणालियों के डिजाइन के लिए आंकड़ें एकत्रित करने के वास्ते एक ईंधन सेल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। यहां स्थित अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि अभियानों को दक्षता प्रदान करने और केवल पानी का उत्सर्जन करने वाली ये ईंधन सेल अंतरिक्ष में बिजली उत्पादन का भविष्य हैं। विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र/इसरो ने अपने कक्षीय प्लेटफॉर्म पोअम 3 में 100 वॉट वर्ग की पॉलीमर इलेक्ट्रोलाइट मेमब्रेन फ्यूल सेल आधारित ऊर्जा प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। पोअम 3 का पीएसएलवी-सी58 से एक जनवरी को प्रक्षेपण किया गया था। इसरो ने एक बयान में कहा, 'इस प्रयोग का उद्देश्य अंतरिक्ष में पॉलीमर इलेक्ट्रोलाइट मेमब्रेन फ्यूल सेल के संचालन का आकलन करना और भविष्य के अभियानों के लिए प्रणालियों के डिजाइन की सुविधा के लिए आंकड़ें एकत्रित करना है।' पोअम (पीएसएलवी कक्षीय प्रायोगिक मॉड्यूल) में छोटी अवधि के परीक्षण के दौरान उच्च दाब वाले कंटेनर में रखी हाइड्रोजन और ऑक्सीजन गैस से 180 वॉट ऊर्जा उत्पन्न की गयी।
Jan 5, 2024 | 12:35 PM IST

विवादित समुद्री सीमा पर उत्तर कोरिया ने किया सैन्य अभ्यास

दक्षिण कोरिया ने कहा कि उत्तर कोरिया ने दोनों देशों के बीच विवादित समुद्री सीमा पर तोप अभ्यास किया, जो 2018 के सैन्य समझौते का उल्लंघन है। दक्षिण कोरिया के 'ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ' ने कहा कि उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को विवादित पश्चिमी समुद्री सीमा के उत्तर में समुद्र में 200 गोले दागे। दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के इस अभ्यास को उकसावे की कार्रवाई बताया हालांकि उसे कोई नुकसान नहीं हुआ। दक्षिण कोरियाई द्वीप येओनपयोंग में रहने वाले लोगों का कहना है कि दक्षिण कोरियाई सेना ने उन्हें जगह खाली करने के लिए कहा है क्योंकि वह शुक्रवार शाम या रात में इसी तरह के अभ्यास को शुरू करने की योजना बना रही है। वहीं उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने अधिकारियों को मिसाइलों के लिए मोबाइल लॉन्च वाहनों का उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि किम ने दुश्मनों के साथ बढ़ते सैन्य टकराव के मद्देनजर यह आदेश दिया है और वह इस बात पर जोर दे रहे हैं कि दूसरे देशों के लिए उनके हमलों का पता लगाना मुश्किल हो।
Jan 5, 2024 | 12:34 PM IST

करणपुर विधानसभा सीट पर पहले चार घंटे में 24.41% मतदान

राजस्थान की करणपुर विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार सुबह शुरू हुआ और पहले चार घंटे में 24.41% मतदान हुआ। अधिकारियों ने कहा कि मतदान शुक्रवार सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि 11 बजे तक 24.41 मतदाताओं ने वोट डाले। कड़ाके की सर्दी व कोहरे के बीच मतदाता वोट डालने आ रहे हैं। उल्लेखनीय कि कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। भाजपा ने यहां से चुनाव लड़ रहे अपने प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को पहले ही मंत्रिपरिषद में शामिल करते हुए राज्यमंत्री बना दिया है। इससे पहले गंगानगर के जिला कलेक्टर अंशदीप ने कहा, "करणपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतदान शाम छह बजे तक होगा।" अधिकारियों के अनुसार, करणपुर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 40,826 मतदाता हैं, जिनमें 125850 पुरूष व 114966 महिला तथा 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। उन्होंने बताया कि करणपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 24 सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं जबकि 10 रिजर्व में रखे गए हैं। करणपुर एवं पदमपुर के लिए 2 एरिया मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।
Jan 5, 2024 | 12:00 PM IST

दिल्ली: कुछ हिस्सों में छाया घना कोहरा, पारा पहुंचा 9.4 डिग्री सेल्सियस

दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम कार्यालय ने दिन में राष्ट्रीय राजधानी में कुछ स्थानों पर हल्का या मध्यम कोहरा छाए रहने और ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान लगाया है। दिल्ली के साथ ही पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सुबह बहुत घना कोहरा देखा गया। सफदरजंग वेधशाला ने सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। रिज वेधशाला में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे और ठंड की स्थिति बने रहने की संभावना है।पालम में सुबह 8:30 बजे दृश्यता 50 मीटर थी।
Jan 5, 2024 | 11:29 AM IST

उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ में वांछित इनामी बदमाश ढेर

सुलतानपुर जिले में शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कोतवाली देहात थाना के प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि अपराधी की पहचान विनोद कुमार उपाध्याय (37) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उपाध्याय और एसटीएफ के बीच थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार बाईपास के पास हुई मुठभेड़ हुई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ) अमिताभ यश ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एसटीएफ के साथ मुठभेड़ के दौरान उपाध्याय को गोली लग गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि उपाध्याय के खिलाफ गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर और लखनऊ में जघन्य अपराधों के 35 मामले दर्ज थे। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि सितंबर 2023 में गोरखपुर पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
Jan 5, 2024 | 10:45 AM IST

श्मशान घाट में बिल्ली का अंतिम संस्कार करने पर छह लोगों के खिलाफ केस

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मीरा भायंदर में एक शवदाहगृह में कथित तौर पर एक बिल्ली का अंतिम संस्कार करने के आरोप में एक महिला समेत छह लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया दी कि मीरा भायंदर नगर निगम (एमबीएमसी) के अधिकारियों ने मामले की शिकायत की, जिसके आधार पर बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 297 (शवदाहगृहों पर अतिक्रमण) के तहत मामला दर्ज किया गया था, हालांकि इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। भायंदर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, 'घटना 22 दिसंबर की शाम को हुई। दो व्यक्तियों ने भायंदर पश्चिम में श्मशान घाट में अपनी बिल्ली का अंतिम संस्कार किया। इस संबंध में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।' बहरहाल, पुलिस ने यह नहीं बताया कि मामला देरी से क्यों दर्ज किया गया।
Jan 5, 2024 | 10:37 AM IST

पीएम मोदी ने मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी को 89वें जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'डॉ. मुरली मनोहर जोशी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। सार्वजनिक सेवा और विद्वतापूर्ण गतिविधियों में उनके व्यापक योगदान ने हमारे राष्ट्र को समृद्ध किया है।' उन्होंने कहा, 'वह एक मार्गदर्शक और प्रेरणा के स्रोत हैं। शैक्षिक उन्नति की दिशा में उनके प्रयासों ने एक अमिट छाप छोड़ी है। इस विशेष दिन पर, हम उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं।' जोशी भाजपा के पूर्व अध्यक्ष हैं और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रहे चुके हैं।
Jan 5, 2024 | 10:35 AM IST

जयशंकर ने काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन किए

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। जयशंकर 2024 में विदेश की पहली यात्रा पर बृहस्पतिवार को नेपाल पहुंचे थे। उन्होंने यात्रा के दूसरे दिन देश में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत करने से पहले सुबह-सुबह पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन किए। काठमांडू के पूर्वी बाहरी भाग में पवित्र बागमती नदी के किनारे स्थित पशुपतिनाथ नेपाल में सबसे प्रसिद्ध हिंदू मंदिर है। दुनियाभर से हजारों हिंदू श्रद्धालु इस मंदिर के दर्शन करने आते हैं। सदियों पुराना यह मंदिर हिंदू देवता शिव को समर्पित हैं और वह पशुओं के संरक्षक पशुपति के अपने अवतार में यहां विराजमान हैं।
Jan 5, 2024 | 09:38 AM IST

अमेरिका में स्कूल में 17 वर्षीय लड़के ने की गोलीबारी

अमेरिका के आयोवा राज्य में सर्दियों की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने के पहले दिन बृहस्पतिवार को 17 वर्षीय छात्र ने गोलीबारी कर छठी कक्षा के छात्र की हत्या कर दी और पांच अन्य को घायल कर दिया। आयोवा मंडल के अपराध जांच अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि पेरी में एक स्कूल में संदिग्ध छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। प्राधिकारियों ने बताया कि घायलों में से एक प्रशासक था और उनकी पहचान पेरी हाई स्कूल के प्राचार्य डैन मार्बर्गर के रूप में की गयी है। प्राधिकारियों ने हमलावर की पहचान 17 वर्षीय डायलान बटलर के रूप में की है और अभी यह नहीं बताया कि घटना का उद्देश्य क्या था। उसके दो मित्रों और मां ने बताया कि बटलर चुप रहने वाला व्यक्ति था जिसे कई वर्षों से परेशान किया जा रहा था। पेरी में 8,000 लोग रहते हैं और वह डेस मोइनेस से करीब 65 किलोमीटर उत्तरपश्चिम में स्थित है।
Jan 5, 2024 | 09:23 AM IST

मणिपुर में आग लगने से चार खाली मकान जलकर नष्ट हुए

मणिपुर में मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से यहां न्यू लाम्बुलेन इलाके में खाली पड़े चार मकान आग में जलकर नष्ट हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग की लपटों को बुझाने के लिए दमकल की कम से कम तीन गाड़ियों को भेजा गया। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे आग लगने का पता चला। एक अधिकारी ने कहा, 'अब तक स्पष्ट नहीं है कि आग कैसे भड़की, जिसने मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जांच से आग लगने का कारण पता चलेगा।' उन्होंने बताया कि संपत्ति के नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ये मकान एक विशेष समुदाय से आने वाले लोगों के हैं और पिछले साल मई से ये खाली पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना क्षेत्र में शांति भंग करने की शरारती तत्वों की साजिश है। पिछले साल मई से पूर्वोत्तर राज्य में कुकी और मेइती समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के कारण 180 से अधिक लोग मारे गए और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
Jan 5, 2024 | 09:21 AM IST

ईडी ने दिलबाग सिंह के ठिकानों से बरामद किए करोड़ों नकद और हथियार

Jan 5, 2024 | 09:17 AM IST

कोहरे और कम दृश्यता के चलते कई ट्रेनें लेट, देखें लिस्ट

Jan 5, 2024 | 09:13 AM IST

जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़

जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर जिले के चोटीगाम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सुबह वहां इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान उस समय मुठभेड़ में तब्दील हो गया जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की और सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
Jan 5, 2024 | 09:12 AM IST

राजस्थान की करणपुर विधानसभा सीट पर मतदान शुरू

राजस्थान की करणपुर विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार सुबह शुरू हुआ। अधिकारियों ने कहा कि मतदान शुक्रवार सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यहां से चुनाव लड़ रहे अपने प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को पहले ही मंत्रिपरिषद में शामिल करते हुए राज्यमंत्री बना दिया है। गंगानगर के जिला कलेक्टर अंशदीप ने कहा, 'करणपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतदान शाम छह बजे तक होगा।' कलेक्टर ने कहा कि चुनाव परिणाम आठ जनवरी को घोषित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार करणपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,40,826 मतदाता हैं, जिनमें 125850 पुरूष व 114966 महिला तथा 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 249 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ। इसका परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किया गया। इसमें भाजपा को 115 व कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं।
Jan 5, 2024 | 09:11 AM IST

इंडोनेशिया में दो ट्रेन की भिड़ंत में कम से कम तीन लोगों की मौत

इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में शुक्रवार को दो ट्रेन की भिड़ंत होने से कई डिब्बे पलट गए और कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय रेलवे ‘पीटी केरेटा एपी इंडोनेशिया’ के प्रवक्ता आयेप हनापी ने बताया कि यह हादसा वेस्ट जावा के बांडुंग शहर में किकालेंग्का स्टेशन से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुआ। उन्होंने बताया कि ईस्ट जावा प्रांत की राजधानी सुराबाया से बांडुंग जा रही एक ट्रेन ने किकालेंग्का स्टेशन से पडालारांग जा रही एक यात्री ट्रेन को टक्कर मारी। वेस्ट जावा के पुलिस प्रवक्ता इब्राहिम टोम्पो ने बताया कि कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए हैं। टेलीविजन वीडियो में कई डिब्बे पलटे हुए या बुरी तरह क्षतिग्रस्त और एम्बुलेंस को घायलों को ले जाते हुए देखा गया। एक डिब्बा नजदीकी खेत में गिरा दिखायी दिया। हादसे की वजह की अभी जांच की जा रही है। इंडोनेशिया में ट्रेन दुर्घटनाएं आम हैं।
Jan 5, 2024 | 08:11 AM IST

पीएम मोदी का तीन दिवसीय जयपुर दौरा आज

58वें डीजीपी-आईजीपी राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जयपुर दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी कार्यालय को सजाया गया। आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं कि इस सम्मेलन में किन-किन मुद्दों पर चर्चा होगी। पढ़ें पूरी खबर
Jan 5, 2024 | 07:34 AM IST

कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल

Jan 5, 2024 | 06:47 AM IST

भारत-चीन के बीच सामान्य नहीं है संबंध

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि चीन के साथ संबंध सामान्य नहीं है। भारत का कहना है कि जब तक सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाल नहीं होगी, तब तक चीन के साथ उसके संबंध सामान्य नहीं हो सकते। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सवाल के जवाब में ये टिप्पणी की है। पढ़ें पूरी खबर
Jan 5, 2024 | 06:13 AM IST

भारत के इंद्र मणि पांडे बने बिम्सटेक के महासचिव

वरिष्ठ राजनयिक इंद्र मणि पांडे ने बृहस्पतिवार को सात देशों के संगठन 'बिम्सटेक' के नए महासचिव का कार्यभार संभाल लिया। यह पहली बार है जब किसी भारतीय अधिकारी को इस क्षेत्रीय समूह के प्रमुख पद की जिम्मेदारी मिली हो। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वर्ष 1990 बैच के अधिकारी पांडे इससे पहले जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत थे। बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (बिम्सटेक) में भारत के अलावा, श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमा, थाईलैंड, नेपाल और भूटान शामिल हैं।
Jan 5, 2024 | 06:11 AM IST

अमेरिका के पेरी के हाई स्कूल में गोलीबारी, कुछ लोग जख्मी: पुलिस

अमेरिका में आयोवा के पेरी की पुलिस ने बृहस्पतिार को कहा कि शहर के एक हाई स्कूल में गोलीबारी की घटना में कई लोग जख्मी हुए हैं। सालाना छुट्टियों के बाद बृहस्पतिवार को पहली बार स्कूल खुला था। डलास काउंटी के शेरिफ एडम इंफेंट ने बताया कि सुबह सात बजकर 37 मिनट पर पेरी हाई स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली और पुलिसकर्मी सात मिनट के अंदर ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कुछ लोग जख्मी मिले, लेकिन वह यह पुष्टि नहीं कर सके कि उनकी संख्या कितनी है या उनकी स्थिति कैसी है। घटनास्थल पर आपात सेवा के कई वाहन पहुंच गए हैं। उसी इमारत में शहर का मिडिल स्कूल भी है और हाई स्कूल भी। आयोवा का आपराधिक जांच प्रभाग इस घटना की जांच करेगा जिसमें मदद के लिए ‘एफबीआई’ अधिकारी भी पहुंच गए हैं। एक छात्रा रशेल कैरेस (18) ने बताया कि सुबह उसने जैज़ बैंड का अभ्यास खत्म किया था कि उसने और उसके बैंड के साथियों ने चार गोलियां चलने की आवाज़ सुनी। उसने कहा कि उसकी शिक्षक ने उनसे भागने के लिए कहा और वे सब भागने लगे। पेरी के मेयर डर्क कैवानुआघ ने कहा कि कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पेरी स्कूल बोर्ड के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।
Jan 5, 2024 | 06:09 AM IST

लोकसभा चुनाव को लेकर क्या है निर्वाचन आयोग की तैयारियां?

निर्वाचन आयोग (ईसी) अगले सप्ताह आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु का दौरा कर लोकसभा चुनाव के लिए राज्यों की तैयारियां की समीक्षा शुरू करेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे व अरुण गोयल 7 से 10 जनवरी के बीच आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। यात्रा से पहले, उप निर्वाचन आयुक्त छह जनवरी को दोनों राज्यों में तैयारियों के बारे में पूर्ण आयोग को जानकारी देंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारियों की निगरानी के लिए उप निर्वाचन आयुक्तों ने लगभग सभी राज्यों का दौरा किया है।
Jan 5, 2024 | 06:02 AM IST

नाबालिग से रेप के आरोप में उसके जीजा समेत दो लोग गिरफ्तार

गाजियाबाद जिले में 12 साल की एक लड़की के साथ बलात्कार के आरोप में उसके जीजा और उसके दोस्त को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) नरेश कुमार ने बताया, "हमने 12 साल की लड़की से बलात्कार के आरोप में फरदीन और उसके दोस्त मुजीब को गिरफ्तार किया है। पीड़िता मुजीब की पत्नी की बहन है।" पुलिस के मुताबिक घटना गत दो जनवरी की है। उस दिन दोनों आरोपी पीड़िता के घर गए थे। उस वक्त लड़की घर में अकेली थी। कुमार ने बताया, "लड़की को आरोपियों ने कथित तौर पर घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। लड़की ने अपने माता-पिता को तीन जनवरी को घटना के बारे में बताया।" उन्होंने बताया कि बुधवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Jan 5, 2024 | 05:57 AM IST

कांग्रेस ने तेज कीं लोकसभा चुनाव की तैयारियां

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी कमर कस ली है और तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस की गठबंधन समिति ने सीट-बंटवारे से जुड़ी स्थिति से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया। एक प्रमुख बैठक में घोषणापत्र, सीट बंटवारे पर चर्चा हुई। पढ़ें पूरी खबर
Jan 5, 2024 | 05:19 AM IST

एस. जयशंकर ने नेपाल के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को यहां नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ से मुलाकात की तथा इस दौरान दोनों पक्षों ने सदियों पुराने, विशिष्ट तथा बहुआयामी नेपाल-भारत संबंधों पर व्यापक चर्चा की। इस साल अपनी पहली विदेश यात्रा के तहत सुबह नेपाल पहुंचे जयशंकर ने प्रधानमंत्री प्रचंड से उनके कार्यालय सिंहदरबार में मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामना प्रेषित की। बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'प्रधानमंत्री प्रचंड से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। जून 2023 में हुई उनकी सफल भारत यात्रा का स्मरण किया जिसने हमारे संबंधों को नयी गति प्रदान की है।' उन्होंने कहा, 'भारत-नेपाल संबंध वास्तव में विशिष्ट हैं और हमारी साझेदारी क्रमिक रूप से सफलता की ओर बढ़ रही है।' प्रचंड ने कहा कि आज की बैठक में दोनों नेताओं ने सदियों पुराने, विशिष्ट और बहुआयामी नेपाल-भारत संबंधों पर व्यापक रूप से विचारों का आदान-प्रदान किया।
Jan 5, 2024 | 05:17 AM IST

आबकारी नीति 'घोटाला': हाईकोर्ट ने बढ़ाई अरुण पिल्लई की अंतरिम जमानत

दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली आबकारी नीति ‘घोटाले’ से संबंधित धनशोधन मामले में हैदराबाद के कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई की अंतरिम जमानत बृहस्पतिवार को आठ जनवरी तक बढ़ा दी। न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा की पीठ ने पिल्लई की याचिका पर यह आदेश पारित किया। आरोपी ने पत्नी की बीमारी के कारण राहत की मांग की थी। पिल्लई की ओर से पेश वकील नितेश राणा ने उच्च न्यायालय से उनकी अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया और दावा किया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी पत्नी की तबीयत और खराब हो गई है। पिल्लई को एक सुनवाई अदालत ने 18 दिसंबर को दो सप्ताह की अंतरिम जमानत दी थी। अदालत को बताया गया था कि उनकी पत्नी का ऑपरेशन होना है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिल्लई को छह मार्च को इन आरोपों के बाद गिरफ्तार किया था कि जब 2021 की आबकारी नीति तैयार और लागू की जा रही थी, तब उन्होंने अन्य आरोपियों के साथ बैठकों में "साउथ ग्रुप" का प्रतिनिधित्व किया था।
Jan 5, 2024 | 05:14 AM IST

आईआईटी-बॉम्बे के 85 छात्रों को मिला एक-एक करोड़ रुपये का 'पैकेज'

देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के 85 छात्रों ने ‘कैंपस प्लेसमेंट’ में एक-एक करोड़ रुपये के पैकेज वाली नौकरियां हासिल की हैं। 63 छात्रों को अन्य देशों में नौकरियों की पेशकश की गई। संस्थान ने बताया कि इस बार कैंपस में छात्रों को नौकरी की पेशकश करने वाली शीर्ष कंपनियों में एसेंचर, एयरबस, एयर इंडिया, एप्पल, आर्थर डी. लिटिल, बजाज, बार्कलेज, कोहेसिटी, दा विंची, डीएचएल, फुलर्टन, फ्यूचर फर्स्ट, जीई-आईटीसी, ग्लोबल एनर्जी एंड इनवायरॉन और गूगल शामिल है। संस्थान ने कहा, 'जापान, ताइवान, दक्षिण कोरिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों में नौकरियों के कुल 63 प्रस्ताव मिले।'