LIVE

हिंदी समाचार, 4 जुलाई 2024: हेमंत सोरेन ने ली झारखंड के सीएम पद की शपथ; लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से मिली छुट्टी

Shashank Shekhar MishraUpdated Jul 4, 2024, 18:33 IST

हिंदी समाचार, 4 जुलाई 2024: हेमंत सोरेन ने ली झारखंड के सीएम पद की शपथ; लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से मिली छुट्टी
हिंदी समाचार, 4 जुलाई 2024: हेमंत सोरेन ने ली झारखंड के सीएम पद की शपथ; लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से मिली छुट्टी

हिंदी न्यूज़ 4 जुलाई 2024 और बड़ी खबरें: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार की शाम यहां राजभवन में राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने राजभवन में हेमंत सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बुधवार की रात उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद आडवाणी की हालत आज स्थिर हो गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JUL 04, 2024 18:18 IST

वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से छुट्टी मिली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को बृहस्पतिवार शाम यहां अपोलो अस्पताल से छुट्टी मिल गयी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। आडवाणी (96) को बुधवार को यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया था। उन्हें एम्स में एक रात रखने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सूत्रों ने बताया कि आडवाणी को आज करीब पांच बजे अपोलो अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। सूत्रों ने कहा था कि बुधवार रात अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनकी (आडवाणी की) हालत स्थिर बनी रही । पूर्व उप प्रधानमंत्री को बुधवार रात करीब नौ बजे अपोलो अस्पताल लाया गया था। उनके साथ उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी थीं।
JUL 04, 2024 18:18 IST

छठी कक्षा की पाठ्यपुस्तकें जल्द उपलब्ध होंगी: शिक्षा मंत्रालय

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को यहां एक बैठक में राष्ट्रीय पाठ्यक्रम की रूपरेखा (एनसीएफ) के अनुरूप स्कूली पाठ्यपुस्तकें तैयार किए जाने की समीक्षा की। यह बैठक कक्षा 6 की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध होने में हो रही देरी की पृष्ठभूमि में हुई है, जिन्हें अप्रैल से पढ़ाया जाना था। ये पुस्तकें अब तक बाजार में नहीं आ पाई हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने पहले घोषणा की थी कि कक्षा 3 और 6 के लिए नयी पाठ्यपुस्तकें 2024-25 शैक्षणिक सत्र से पेश की जाएंगी। शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए कक्षा 3 और 6 में नयी व आकर्षक पाठ्यपुस्तकें पेश की जाएंगी। पाठ्यपुस्तक तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है। कक्षा 3 और 6 के लिए नौ पाठ्यपुस्तकें पहले से ही उपलब्ध हैं। शेष आठ बहुत जल्द उपलब्ध होंगी।” एनसीईआरटी का प्रारंभिक लक्ष्य इस वर्ष केवल कक्षा 3 और 6 के लिए एनसीएफ 2023 पर आधारित नयी पाठ्यपुस्तकें जारी करना है। कक्षा 3 की पाठ्यपुस्तकें बाजार में उपलब्ध हैं, जबकि कक्षा 6 की पाठ्यपुस्तकों में देरी हुई है।
JUL 04, 2024 18:16 IST

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने बृहस्पतिवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गृह मंत्री शाह से मुलाकात की। अमित शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री श्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने आज केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात की।
JUL 04, 2024 17:49 IST

बैंक ऑफ महाराष्ट्र का ऋण वितरण अप्रैल-जून में 19 प्रतिशत बढ़ा

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में ऋण वितरण 19 प्रतिशत बढ़कर 2.09 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने शेयर बाजार को यह जानकारी दी है। 30 जून, 2023 के अंत तक बकाया ऋण 1.75 लाख करोड़ रुपये था। बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने बताया कि उसकी कुल जमा सालाना आधार पर 9.44 प्रतिशत बढ़कर 2.67 लाख करोड़ रुपये हो गई है। यह पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 2.44 लाख करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की कुल जमा में चालू खाते और बचत खाते (कासा) का हिस्सा घटकर 49.86 प्रतिशत रह गया है। यह पिछले साल समान अवधि में 50.97 प्रतिशत था। बैंक का 30 जून 2024 के अंत तक ऋण जमा अनुपात बढ़कर 78.18 प्रतिशत हो गया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 71.89 प्रतिशत था।
JUL 04, 2024 17:48 IST

हेमंत सोरेन ने झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार की शाम यहां राजभवन में राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने राजभवन में हेमंत सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। हेमंत सोरेन के पिता और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, उनकी मां रूपी सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा की अगुवाई वाले गठबंधन के वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले चंपई सोरेन भी इस अवसर पर मौजूद थे। हेमंत सोरेन को झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में जमानत दिए जाने के बाद 28 जून को जेल से रिहा कर दिया गया था। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा 31 जनवरी को उनकी गिरफ्तारी से कुछ समय पहले ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। झामुमो ने इससे पहले दिन में बताया था कि राज्यपाल राधाकृष्णन ने हेमंत सोरेन को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और वह सात जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। झामुमो नीत गठबंधन ने बाद में फैसला किया कि सोरेन आज (बृहस्पतिवार) ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चंपई सोरेन ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और धनशोधन के एक मामले में जमानत पर रिहा हुए हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
JUL 04, 2024 15:46 IST

शादी के चंद घंटे बाद दूल्हे ने की फांसी लगाकर खुदकुशी

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में हुई एक अजीबोगरीब घटना में दुल्हन विदा कराकर आए एक व्यक्ति ने कुछ ही घंटे के अंदर दूल्हे की वेशभूषा में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। इटावा जिले के उसराहार थाना प्रभारी मंसूर अहमद ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के शिवरा पुरैला ताखा गांव के निवासी ज्ञान सिंह के बेटे सतेन्द्र कुमार (24) की शादी दो जुलाई को इसी थाना क्षेत्र के गांव रतनपुरा में विनीता कुमारी के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि शादी की सभी रस्में पूरी के बाद तीन जुलाई को बारात दुल्हन की विदाई कराकर गांव लौटी थी। उन्होंने बताया कि घर के लोग दुल्हन के स्वागत से जुड़े कार्यों में व्यस्त थे कि इसी बीच, सतेन्द्र ने दूल्हे की वेशभूषा में ही एक कमरे में फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सतेन्द्र के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
JUL 04, 2024 14:03 IST

टी20 विश्व कप टीम के मुंबई के खिलाड़ियों को विधान भवन में सम्मानित किया जाएगा

टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम के मुंबई के चार खिलाड़ियों को शुक्रवार को महाराष्ट्र विधान भवन परिसर में सम्मानित किया जाएगा। राज्य विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने गुरुवार को सदन में यह जानकारी दी।कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और यशस्वी जायसवाल भारत की टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा थे। ये सभी मुंबई के रहने वाले हैं। भारतीय क्रिकेट टीम ने 29 जून को देश को दूसरा टी20 विश्व खिताब दिलाया जिससे आईसीसी ट्रॉफी का 11 साल का इंतजार खत्म हुआ। भारत ने पिछला आईसीसी खिताब 2013 में जीता था जब उसने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी।
JUL 04, 2024 12:18 IST

झोपड़ी पर पलटा बेकाबू ट्रक : महिला और उसके दो बेटों की मौत

उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर क्षेत्र में चावल से लदे एक ट्रक के बेकाबू होकर, सड़क के किनारे झोपड़ी पर पलट जाने से एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (बांगरमऊ) अरविंद कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि बांगरमऊ—संडीला मार्ग पर बेहटा मुजावर क्षेत्र में बुधवार रात करीब दो बजे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि बांगरमऊ की ओर से आ रहा चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक झोपड़ी पर पलट गया। इस हादसे में झोपड़ी में सो रही सरला (35) और उसके बेटे करण (15) तथा विक्की (13) ट्रक के नीचे दब गये।
JUL 04, 2024 11:42 IST

NEET परीक्षा मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के सदस्यों को पुलिस ने लिया हिरासत में

JUL 04, 2024 11:39 IST

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने दिया इस्तीफा

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने मंत्रिपद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सौंपा। मीणा ने एक टीवी चैनल को यह जानकारी दी। दरअसल, लोकसभा चुनाव के दौरान मीणा ने कहा था कि अगर बीजेपी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तो वह इस्तीफा दे देंगे। नतीजे आने के बाद से ही उनके इस्तीफा देने की चर्चा थी। उन्होंने इसे लेकर ट्वीट करते हुए लिखा- रघुकुल रीति सदा चलि आई। प्राण जाई पर बचन न जाई।
JUL 04, 2024 11:36 IST

श्रीलंका ने बॉन्डधारकों के साथ किया निजी ऋण पुनर्गठन समझौता

श्रीलंका के वित्त मंत्रीशेहन सेमसिंघे ने बृहस्पतिवार को कहा कि लंबी बातचीत के बाद द्वीप राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय संप्रभु बॉन्डधारकों के साथ ऋण पुनर्गठन समझौते पर पहुंच गया है। उन्होंने इसे नकदी की कमी से जूझ रहे देश में ऋण स्थिरता को बहाल करने के प्रयासों में एक ‘‘महत्वपूर्ण कदम’’ बताया। वित्त राज्य मंत्री सेमसिंघे ने बयान में कहा कि पुनर्गठन शर्तों पर बुधवार को समझौता हो गया, जिससे श्रीलंका की ऋण पुनर्गठन प्रक्रिया पूरी हो गई। सेमसिंघे ने कहा, ‘‘ कुल 37 अरब अमेरिकी डॉलर के बाहरी ऋण में आईएसबी (अंतरराष्ट्रीय संप्रभु बॉन्ड) का हिस्सा 12.5 अरब अमेरिकी डॉलर है। यह समझौता ऋण स्थिरता को बहाल करने के हमारे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’
JUL 04, 2024 11:36 IST

केरल के मंत्री साजी चेरियन ने एसएसएलसी परीक्षा मानकों पर अपनी टिप्पणी दोहराई

केरल के मत्स्य पालन मंत्री साजी चेरियन ने बृहस्पतिवार को दोहराया कि राज्य में सेकेंडरी स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट (एसएसएलसी) परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी कुछ छात्र ठीक से पढ़ लिख नहीं पाते हैं। चेरियन ने पिछले सप्ताह कहा था कि एसएसएलसी परीक्षा पास करने वाले कई छात्र ठीक से पढ़ लिख नहीं पाते हैं। उनकी इस टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया था।
JUL 04, 2024 10:44 IST

मुंबई में टी20 विश्व चैंपियन टीम की विजय परेड के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस ने टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के गुरुवार शाम को मुंबई में होने वाले रोड शो के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों के एकत्रित होने की उम्मीद है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। गुरुवार सुबह देश लौटने वाली विश्व चैंपियन भारतीय टीम एक खुली बस में रोड शो में हिस्सा लेगी जिसके बाद दक्षिण मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक सम्मान समारोह होगा।
JUL 04, 2024 10:07 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामी विवेकानंद की 122वीं पुण्यतिथि पर बृहस्पतिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और एक समृद्ध व प्रगतिशील समाज के निर्माण के उनके सपने को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मैं स्वामी विवेकानंद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी शिक्षाएं लाखों लोगों को ताकत देती हैं।’’
JUL 04, 2024 09:33 IST

पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय अस्पताल में भर्ती

पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय को अपने घर के बाथरूम में गिरने और बेहोश होने के बाद शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि रॉय बुधवार शाम को बाथरूम में गिर गए थे जिससे उनके सिर में चोट लग गई थी। अस्पताल प्रशासन ने उन पर चौबीस घंटे निगरानी रखने के लिए चिकित्सकों की एक टीम गठित की है।
JUL 04, 2024 09:11 IST

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अस्ताना में अपने चीनी समकक्ष वांग यी से की मुलाकात

JUL 04, 2024 08:32 IST

गाजा संघर्ष विराम समझौते पर हमास के जवाब की समीक्षा कर रहा है इजरायल : मोसाद

गाजा में संघर्ष विराम के लिए एक प्रस्तावित समझौते के मसौदे पर इजरायल को हमास की प्रतिक्रिया मिली है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा मोसाद की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, इस प्रस्ताव में संघर्ष विराम सुनिश्चित करने और बंधकों की रिहाई का समझौता भी शामिल है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया कि मिस्र और कतर के मध्यस्थों द्वारा अमेरिका के समर्थन से तैयार किये गए प्रस्ताव पर हमास की ओर से प्रतिक्रिया दी गई है जिसकी इजरायल समीक्षा कर रहा है। बुधवार को बयान में कहा गया, "इजरायल हमास के प्रतिक्रिया की जांच कर रहा है और उचित समय पर मध्यस्थों को अपना जवाब भेजेगा।"
JUL 04, 2024 08:29 IST

यूके में संसद की वोटिंग आज, सुनक और स्टार्मर में होगा मुकाबला

यूके की जनता आज अपना नेता चुनेगी। यहां कंजर्वेटिव पार्टी के लीडर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक का सीधा मुकाबल लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर से है। अब तक जो एग्जिट पोल आए हैं, उनके मुताबिक इस बार सुनक के हाथ से सत्ता जाती नजर आ रही हैं।
JUL 04, 2024 07:37 IST

टी-20 वर्ल्ड कप के साथ दिल्ली पहुंची टीम इंडिया

टी-20 वर्ल्ड कप के साथ टीम इंडिया दिल्ली पहुंच गई है। एयरपोर्ट के बाहर जबरदस्त भीड़ जुटी है। एयरपोर्ट पर टीम इंडिया का जोरदारा स्वागत किया गया। भारतीय क्रिकेट सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगी। इसके बाद दोपहर में खिलाड़ी मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे। मुंबई में विक्ट्री परेड होगी।
JUL 04, 2024 05:26 IST

यूपी: उपचुनाव के लिए तैयार बीजेपी, विधानसभा की बनाएंगे खास रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश में दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा के योद्धा आज अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में उतर जाएंगे। करीब एक सप्ताह रहकर पूरी विधानसभा का सर्वे करेंगे, इसके बाद रिपोर्ट भाजपा प्रदेश मुख्यालय को सौपेंगे।