LIVE

आज की ताजा खबर, 4 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में दीजिए राय

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [संसद का बजट सत्र], [मौसम का अपडेट], [डोनाल्ड ट्रंप] [भारत-यूएस ट्रेड डील] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा- सेक्रेटरी मार्को रूबियो और भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुए व्यापार समझौते का स्वागत किया। सेक्रेटरी रूबियो और मंत्री जयशंकर ने क्वाड के माध्यम से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अपनी बैठक समाप्त की। वहीं, अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि भारत ने न सिर्फ रूस से तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है, बल्कि अमेरिका से तेल खरीदने की भी प्रतिबद्धता जताई है, और संभवतः वेनेजुएला से भी, जिसका सीधा लाभ अब अमेरिका और अमेरिकी जनता को मिलेगा। उधर, एथेंस में पूर्वी एजियन द्वीप चियोस के पास प्रवासियों को ले जा रही एक स्पीडबोट और ग्रीक तटरक्षक पोत की टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। लापता लोगों की तलाश के लिए गश्ती नौकाओं, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की मदद से खोज और बचाव अभियान जारी है। वहीं, संसद का बजट सत्र आज भी जारी रहेगा और धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। आज प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा में जवाब दे सकते हैं। वहीं, पिछले दो दिनों से राहुल के भाषण पर हंगामा मचा रहा। जानिए देश दुनिया की अहम खबरें-

Times Now Navbharat DigitalUpdated Feb 4, 2026, 14:50 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 4 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में दीजिए राय

आज की ताजा खबर, 4 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में दीजिए राय

  • अमेरिका में जयशंकर-रूबियो की अहम मुलाकात, सहयोग पर चर्चा
  • अमेरिका ने कहा, रूस से तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता से होगा फायदा
  • एथेंस में स्पीडबोट और ग्रीक तटरक्षक पोत की टक्कर में 14 लोगों की मौत
  • संसद का बजट सत्र जारी, आज पीएम मोदी का भाषण

FEB 04, 2026 14:50 IST

NDA विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह ने मणिपुर में सरकार बनाने का दावा पेश किया

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर में सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष ए. शरद देवी ने यह जानकारी दी। अशांत मणिपुर में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है। देवी ने बताया कि सिंह के नेतृत्व में राजग की एक टीम ने यहां लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। भल्ला से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चुराचंदपुर और फेरजॉल के कुकी-जो बहुल जिलों के दो विधायक शामिल थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा, हमने अपने नव निर्वाचित विधायक दल के नेता और भाजपा पर्यवेक्षक तरुण चुघ की मौजूदगी में राज्यपाल से मुलाकात की। राजग ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
FEB 04, 2026 13:53 IST

बंगाल में एसआईआर को लेकर 'सुप्रीम' सुनवाई; ममता बोलीं- लोगों के हित की करें सुरक्षा

Bengal SIR: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को चुनौती देने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में बुधवार को सुनवाई हुई। इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने शीर्ष अदालत से लोगों के हितों की रक्षा करने की अपील की। 'मतदाता सूची से काटे गए नाम'
ममता बनर्जी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम दीवान ने सुप्रीम कोर्ट में दलीलें पेश कीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे तार्किक विसंगति (Logical Discrepancy) के नाम पर पश्चिम बंगाल में लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए। साथ ही उन्होंने कोर्ट को यह भी बताया कि कैसे माता-पिता और बच्चों के सरनेम की वर्तनी में अंतर होने की वजह से नोटिस जा रहा है।
FEB 04, 2026 13:49 IST

नई अमेरिकी शुल्क नीति भारतीय किसानों के लिए चिंता का विषय: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) प्रमुख एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने बुधवार को कहा कि नई अमेरिकी शुल्क नीति में भारत में कृषि उत्पादों के निर्यात की अनुमति देने वाले प्रावधान शामिल हैं, जो भारतीय किसानों के लिए चिंता का एक विषय है। शरद पवार ने बारामती में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत-अमेरिका के हालिया व्यापार समझौते की स्पष्ट तस्वीर अगले दो दिनों में सामने आ जाएगी। राज्यसभा सदस्य पवार ने कहा, तस्वीर साफ होने के बाद ही हम कुछ कह सकते हैं। हालांकि, अमेरिका द्वारा घोषित भारत-अमेरिका शुल्क समझौते में एक प्रावधान है जो भारत में कृषि निर्यात करने की इजाजत देता है, जो भारतीय किसानों और घरेलू कृषि क्षेत्र के लिए चिंता की बात है। उन्होंने कहा, अमेरिका एक शक्तिशाली अर्थव्यवस्था है और वहां से बड़े पैमाने पर कृषि निर्यात अन्य देशों के स्थानीय उत्पादकों को नुकसान पहुंचा सकता है। मुझे उम्मीद है कि भारतीय कृषि क्षेत्र की रक्षा की जाएगी..।
FEB 04, 2026 13:20 IST

राहुल ने संसद परिसर में दिखाए जनरल नरवणे की किताब के अंश

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 के भारत-चीन संघर्ष के दौरान अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई और सारा दोष नरवणे पर डाल दिया। संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने नरवणे का अप्रकाशित संस्मरण दिखाते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि भारत के युवा यह जानें कि सरकार के दावों के बावजूद यह 'किताब' मौजूद है। राहुल ने कहा, अध्यक्ष ने कहा है कि यह किताब मौजूद नहीं है, सरकार ने कहा है कि यह मौजूद नहीं है, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने कहा है कि यह किताब मौजूद नहीं है। भारत के हर युवा को यह किताब देखनी चाहिए। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अगर लोकसभा में आए तो मैं उन्हें पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब भेंट करूंगा।
FEB 04, 2026 12:44 IST

अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया

एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप सुबह 8.57 बजे आया और इसकी गहराई 5 किलोमीटर थी। इटानगर स्थित पृथ्वी विज्ञान और हिमालय अध्ययन केंद्र के भूकंप विज्ञान विभाग के तकनीकी अधिकारी न्येलम सुनील ने बताया कि आज सुबह पश्चिम कामेंग जिले में हल्का भूकंप आया। अधिकारी ने कहा, अभी तक किसी के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
FEB 04, 2026 11:56 IST

'चक्रVIEW' के पोल में लीजिए भाग

FEB 04, 2026 11:54 IST

#ChakraViewWithSumitAwasthi: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं?

FEB 04, 2026 11:52 IST

UP: अतिक्रमण हटाने गई पुलिस, राजस्व कर्मियों पर पथराव, आठ लोग घायल

बलिया जिले में अतिक्रमण रोधी अभियान के लिए पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव किया। इस घटना में पांच पुलिस कर्मियों और तीन राजस्व अधिकारियों सहित आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। घटना मंगलवार को उस समय हुई जब पुलिस और राजस्व विभाग की टीम खेजुरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हथौज गांव में एक तालाब के किनारे अवैध अतिक्रमणों को हटाने गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि यह कार्रवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर की गई थी। उन्होंने बताया कि सिकंदरपुर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में तहसीलदार, राजस्व अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की एक संयुक्त टीम तालाब के किनारे अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए गांव पहुंची तभी कुछ स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर दूसरों के बहकावे में आकर अचानक टीम पर पत्थर फेंके और बलवा किया। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि इस घटना में पांच पुलिस कर्मी और तीन राजस्व कर्मी सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
FEB 04, 2026 10:28 IST

गैस टैंकर पलटने से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रात भर यातायात बाधित रहा

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलट जाने से रात भर यातायात बाधित रहा जिससे सैकड़ों वाहन फंसे रहे और दोनों मार्गों पर भारी जाम लग गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दुर्घटनास्थल के पास वाहन कई घंटों तक फंसे रहे और यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। एक्सप्रेसवे नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार शाम को हुई गैस टैंकर दुर्घटना के कारण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को लगभग दो किलोमीटर तक पुणे की ओर जाने वाले मार्ग की ओर भेज दिया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि टैंकर से लगातार गैस रिसाव के कारण सामान्य आवागमन बहाल नहीं हो सका जिसके परिणामस्वरूप पुणे जाने वाले यातायात सहित अन्य वाहन 12 घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे और मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। एक्सप्रेसवे नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टैंकर पलट गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास हुई जब तेज गति से चल रहा टैंकर ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा जिससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
FEB 04, 2026 10:09 IST

मुम्बई IIT पवई में पढ़ाई कर रहे छात्र ने आत्महत्या की

मुम्बई IIT पवई में पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र ने हॉस्टल की 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की। मृतक छात्र की पहचान नमन अग्रवाल के रूप में हुई है, जो सिविल इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष का छात्र था। नमन मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही पवई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
FEB 04, 2026 10:03 IST

उधमपुर में गुफा में छिपे आतंकवादियों पर अंतिम प्रहार की तैयारी

जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में एक गुफा में छिपे जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों पर सुरक्षा बल अंतिम प्रहार करने की तैयारी कर रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि रात के दौरान कोई गोलीबारी नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे रामनगर के जाफर वन क्षेत्र में सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दस्ते ने गुफा के अंदर आतंकवादियों का पता लगाया, जिसके बाद एक घंटे से अधिक समय तक मुठभेड़ होती रही। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी घायल हुआ, लेकिन अपने साथी के साथ गुफा में चला गया। अधिकारियों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े सात बजे आतंकवादियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद इलाके में फिर से गोलीबारी और जोरदार धमाके हुए। उन्होंने बताया कि इसके बाद घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए पैराट्रूपर्स और श्वान दस्ते सहित सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि रात में गोलीबारी नहीं हुई और सुरक्षा बलों ने ड्रोन के जरिये इलाके, खासकर गुफा के आसपास कड़ी निगरानी बनाए रखी। उन्होंने बताया कि गुफा में छिपे आतंकवादियों द्वारा आत्मसमर्पण करने से इनकार किए जाने के बाद उनके खिलाफ अंतिम प्रहार की तैयारी की जा रही है।
FEB 04, 2026 09:21 IST

पश्चिम बंगाल SIR पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

West Bengal SIR: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठे विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई होगी। प्रदेश में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से दाखिल याचिका पर भी शीर्ष अदालत सुनवाई करेगी। ममता बनर्जी एसआईआर अभियान पर आक्रामक अंदाज में सवाल उठा चुकी हैं और चुनाव आयोग पर खुलकर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर उन्होंने 2 फरवरी को दिल्ली में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात भी की थी। विरोध स्वरूप ममता और उनके सांसदों ने काले कपड़े पहनकर चुनाव आयुक्त से मुलाकात की थी।
FEB 04, 2026 09:06 IST

गाजियाबाद में तीन सगी नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक ऐसी त्रासदी हुई जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। एक रिहाइशी बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से तीन सगी बहनों ने एक साथ नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 2 बजे की है। जब पूरा शहर सो रहा था, तब इन तीनों बहनों ने यह घातक कदम उठाया। स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, तीनों बहनें एक खास मोबाइल गेम की आदी (Addicted) हो चुकी थीं। बताया जा रहा है कि वे अक्सर देर रात तक मोबाइल पर गेम खेला करती थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
FEB 04, 2026 09:03 IST

लीबिया में कर्नल गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम की हत्या

लीबिया के दिवंगत शासक कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की मंगलवार को हत्या कर दी गई। पश्चिमी लीबिया के जिंटान स्थित उनके घर पर हमलावरों ने धावा बोल दिया और उनकी हत्या कर दी।। उनके फ्रांसीसी वकील मार्सेल सेकाल्डी ने एएफपी को यह जानकारी दी। सेकाल्डी ने बताया कि आज दोपहर 2:00 बजे (1200 जीएमटी) जिटान स्थित उनके घर में चार कमांडो दस्ते ने उनकी हत्या कर दी। 53 वर्षीय सैफ अल-इस्लाम को कुछ लोग उनके पिता का उत्तराधिकारी मानते थे, हालांकि उन पर मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।
FEB 04, 2026 07:47 IST

कर्नाटक के विपक्ष के नेता आर. अशोक और भाजपा विधायकों ने अपना रात भर का विरोध प्रदर्शन जारी रखा और विधान सौधा के अंदर ही रहे। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आबकारी मंत्री आरबी तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग करते हुए भाजपा नेताओं ने रात भर धरना दिया।

FEB 04, 2026 07:42 IST

दिल्ली में आज भी ठंड और घना कोहरा

FEB 04, 2026 06:37 IST

संसद का बजट सत्र , पीएम मोदी देंगे भाषण

संसद का बजट सत्र आज भी जारी रहेगा और धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। आज प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा में जवाब दे सकते हैं। वहीं, पिछले दो दिनों से राहुल के भाषण पर हंगामा मचा रहा। राहुल ने एक पत्रिका का हवाला देते हुए चीनी सेना की घुसपैठ की बात उठाई, जिस पर भारी हंगामा मचा। राहुल ने सवाल उठाया कि उन्हें बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा है।
FEB 04, 2026 07:36 IST

स्पीडबोट और ग्रीक तटरक्षक पोत की टक्कर में 14 लोगों की मौत

तटरक्षक बल ने मंगलवार देर रात बताया कि पूर्वी एजियन द्वीप चियोस के पास प्रवासियों को ले जा रही एक स्पीडबोट और ग्रीक तटरक्षक पोत की टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। लापता लोगों की तलाश के लिए गश्ती नौकाओं, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की मदद से खोज और बचाव अभियान जारी है। तटरक्षक बल ने बताया कि 24 अन्य प्रवासियों को बचा लिया गया और उन्हें चियोस के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही, इस घटना में घायल हुए दो तटरक्षक अधिकारियों को भी अस्पताल ले जाया गया। यह स्पष्ट नहीं है कि अस्पताल ले जाए गए कितने जीवित बचे लोगों को चोटें आई थीं।
FEB 04, 2026 06:36 IST

रूस से तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता

अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा, भारत ने न सिर्फ रूस से तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है, बल्कि अमेरिका से तेल खरीदने की भी प्रतिबद्धता जताई है, और संभवतः वेनेजुएला से भी, जिसका सीधा लाभ अब अमेरिका और अमेरिकी जनता को मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा, परिवहन और कृषि उत्पादों सहित अमेरिका में 500 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
FEB 04, 2026 06:35 IST

अमेरिका में जयशंकर-रूबियो की मुलाकात

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा- सेक्रेटरी मार्को रूबियो और भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुए व्यापार समझौते का स्वागत किया। सेक्रेटरी रूबियो और मंत्री जयशंकर ने क्वाड के माध्यम से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अपनी बैठक समाप्त की। उन्होंने स्वीकार किया कि हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए एक समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है।