LIVE

आज की ताजा खबर, 4 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: बांकीपुर के लोगों ने भाजपा के 'अहंकार' को हराया, सभी 422 बूथों पर मिली बढ़त- प्रशांत किशोर, महाराष्ट्र में कल से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल

आज की ताजा खबर लाइव, 4 अगस्त 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [अमेरिका टैरिफ], [FSSAI एक्शन], [PoK Protest Update] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा भारत सहित 60 देशों पर लगाए गए 10% से 12.5% के नए आयात शुल्क के खिलाफ 25 अमेरिकी राज्यों ने न्यू यॉर्क की अदालत में याचिका दायर की है। इसके अलावा एफएसएसएआई ने डाबर इंडिया को अपने शहद, देसी घी और नारियल पानी जैसे उत्पादों पर '100% प्योर' और '100% नेचुरल' जैसे भ्रामक दावे करने से रोका है। वहीं, व्हाट्सएप ने बिना किसी पूर्व सूचना के भारत सहित कई देशों में कई उपयोगकर्ताओं के खातों को 24 घंटे के लिए 'Under Review' में डाला, फीचर्स हुए ब्लॉक। उधर पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) के रावलकोट में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 15 वर्षीय किशोरों की मौत के बाद जनाक्रोश चरम पर, चुनाव बहिष्कार जारी।
आज की ताजा खबर, 4 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: बांकीपुर के लोगों ने भाजपा के 'अहंकार' को हराया, सभी 422 बूथों पर मिली बढ़त- प्रशांत किशोर, महाराष्ट्र में कल से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [अमेरिका टैरिफ], [FSSAI एक्शन], [PoK Protest Update] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में बगावत जारी है। बुनियादी अधिकारों की मांग पर पाक सेना ने दागी गोलियां। रावलकोट के एक स्थानीय डॉक्टर ने बताया कि उन्होंने जुलाई के अंत से अब तक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए दर्जनों युवाओं का इलाज किया है, जिनमें से कई की उम्र महज 15-16 साल थी। भारत समेत दुनिया भर में व्हाट्सएप्प यूजर्स परेशान, 24 घंटे के लिए सर्विस ठप। बिना चेतावनी हजारों व्हाट्सएप्प अकाउंट्स 'Under Review', फीचर्स ब्लॉक हुए। इसके अलावा एफएसएसएआई द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डाबर द्वारा अपनी वेबसाइट और पैकेजिंग पर दिए जा रहे दावे अस्पष्ट, असत्यापित और आम उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले हैं। उधर डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ के खिलाफ 25 अमेरिकी राज्यों ने दर्ज कराया मुकदमा।
Aug 4, 2026 | 10:04 PM IST

महाराष्ट्र में पांच अगस्त से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल

होमियोपैथी चिकित्सकों को ’महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल’ (एमएमसी) में पंजीकरण देने के राज्य सरकार के प्रस्ताव के विरोध में ’महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स’ (एमएआरडी) ने चार अगस्त की मध्यरात्रि से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की मंगलवार को घोषणा की। एमएमसी ने 30 जून को एक अधिसूचना जारी कर होमियोपैथी डॉक्टरों को ’मॉडर्न फार्माकोलॉजी’ (आधुनिक औषध-विज्ञान) में छह महीने का सर्टिफिकेट कोर्स (सीसीएमपी) पूरा करने के बाद आधुनिक दवाएं लिखने की अनुमति दे दी थी। एमएआरडी ने एक बयान में कहा कि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में हड़ताल के शुरुआती 24 घंटे के दौरान आपातकालीन और आकस्मिक सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन ओपीडी सेवाओं, नियमित कार्य और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि सरकार और संबंधित अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत के बावजूद बीएचएमएस-सीसीएमपी नीति के क्रियान्वयन को लेकर कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है। उसने कहा कि स्पष्ट कानूनी और नियामक ढांचे के अभाव में तथा यह मामला फिलहाल अदालत में लंबित होने के कारण एमएआरडी ने चार अगस्त की आधी रात से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला किया है।
Aug 4, 2026 | 10:04 PM IST

बांकीपुर के लोगों ने भाजपा के 'अहंकार' को हराया, सभी 422 बूथों पर मिली बढ़त- प्रशांत किशोर

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उनकी जीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के "अहंकार" के खिलाफ जनता का जनादेश है और उन्हें सभी 422 मतदान केंद्रों पर बढ़त मिली, जो इस बात का प्रमाण है कि समाज के हर वर्ग ने उनका समर्थन किया। किशोर ने कहा, "नितिन नवीन मेरे बड़े भाई जैसे हैं। उनकी जीत भी मेरी खुशी होती। लोगों ने यह भी देखा होगा कि चुनाव प्रचार के दौरान मैंने उनके खिलाफ कभी कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं की।" गौरतलब है कि पिछले वर्ष लगातार पांचवीं बार बांकीपुर से विधायक चुने गए नितिन नवीन ने अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद यह सीट छोड़ दी थी। किशोर ने कहा, "मैंने कभी यह नहीं कहा कि नितिन नवीन ने विधायक के रूप में अच्छा काम नहीं किया, लेकिन भाजपा के उस अहंकार से लोग आहत थे, जो इस तरह के बयानों में झलकता था कि उसके टिकट पर बिल्ली या कुत्ता भी बांकीपुर से चुनाव जीत सकता है।" उनका इशारा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद की कथित टिप्पणी की ओर था। हालांकि, उपचुनाव में भाजपा की करारी हार के बाद से रविशंकर प्रसाद ऐसे किसी बयान से लगातार इनकार करते रहे हैं। भाजपा ने इस उपचुनाव में युवा मोर्चा के अपेक्षाकृत कम चर्चित नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। अभिषेक "बंटी" द्वारा "पारिवारिक कारणों" का हवाला देते हुए नामांकन वापस लेने के बाद नीरज सिन्हा को जल्दबाजी में मैदान में उतारा गया था। एक प्रश्न के उत्तर में किशोर ने कहा, "मुझे सभी 422 मतदान केंद्रों पर बढ़त मिली। यह इस बात का प्रमाण है कि समाज के हर वर्ग के लोगों ने मुझे वोट दिया। जो लोग मेरी जीत का श्रेय किसी एक सामाजिक वर्ग को दे रहे हैं, उनके अपने कारण हो सकते हैं। मेरी धारणा ऐसी नहीं है।" किशोर ने कहा कि चुनाव रणनीतिकार के रूप में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, नीतीश कुमार, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल जैसे विभिन्न नेताओं के साथ काम किया है, लेकिन बांकीपुर की जनता ने उन्हें प्रत्यक्ष जनसमर्थन देकर नई जिम्मेदारी सौंपी है।
Aug 4, 2026 | 10:02 PM IST

झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत

झारखंड के गिरिडीह, दुमका और लातेहार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मरने वाले 13 लोगों में से आठ गिरिडीह, तीन दुमका और दो लातेहार से हैं। खोरीमहुआ के उप-संभागीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, "गिरिडीह जिले में मेरे उप-संभाग के तहत आने वाले तीन पुलिस थानों के इलाकों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।" एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गिरिडीह जिले के बगोदर पुलिस थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुमका जिले के रामगढ़ ब्लॉक में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि लातेहार में अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।भाषा
Aug 4, 2026 | 10:01 PM IST

50 हजार जन्मों में एक को होने वाली दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 माह के शिशु को मिला नया जीवन

जयपुर के ’गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ के चिकित्सकों ने समय पर 10 माह के एक शिशु की जान बचाई है, जो ’मिथाइलमैलोनिक एसिडीमिया’ जैसी अत्यंत दुर्लभ और जानलेवा जन्मजात बीमारी से ग्रस्त था। अस्पताल के अनुसार सफल उपचार के बाद शिशु की हालत सामान्य हो गई है और वह जल्द ही अस्पताल से घर लौटेगा। चिकित्सकों के अनुसार शिशु को हर बार दूध पिलाने के बाद उल्टी होना, वजन नहीं बढ़ना, अत्यधिक सुस्ती और गंभीर कमजोरी की शिकायत थी तथा उसे गंभीर हालत में बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों का कहना है कि जांच के दौरान पता चला कि परिवार में पहले भी इसी तरह की बीमारी के कारण बच्चों की मौत हो चुकी थी, जिसके आधार पर उन्हें (चिकित्सकों को) दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी की आशंका हुई। चिकित्सकों ने बताया कि भर्ती के समय शिशु ’सेप्सिस’, इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन, श्वसन विफलता, उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर जटिलताओं से जूझ रहा था। विशेषज्ञ टीम ने आवश्यक दवाएं और विस्तृत जांच शुरू की। जांच में ’मिथाइलमैलोनिक एसिडीमिया’ की पुष्टि हुई। चिकित्सकों के अनुसार यह बीमारी लगभग 50 हजार जीवित जन्मों में एक बच्चे को होती है और समय पर इलाज नहीं मिलने पर जानलेवा साबित हो सकती है। चिकित्सकों का कहना है कि निदान के बाद शिशु को बीमारी के अनुरूप विशेष चिकित्सीय पोषण और आवश्यक उपचार दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उपचार का सकारात्मक असर तेजी से दिखाई दिया और अब बच्चा सामान्य रूप से भोजन ले रहा है, उसका वजन बढ़ रहा है तथा उसकी स्थिति स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना तथा केंद्र सरकार की विशेष स्वास्थ्य योजना से जोड़कर बीमारी के लिए आवश्यक महंगा चिकित्सीय पोषण उपलब्ध कराया, जिससे इलाज में आर्थिक बाधा नहीं आई। इस उपचार में डीन एवं प्राचार्य प्रो. डॉ. अशोक गुप्ता के मार्गदर्शन में बाल रोग विशेषज्ञों और नर्सिंग टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में डॉ. रामकेश मीणा, डॉ.डी. हरिणी, डॉ.ईशा, डॉ. विष्णु, डॉ. मयंक, डॉ. कंगना तथा बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई के नर्सिग इंचार्ज मुकेश वर्मा एवं उनकी टीम शामिल रही।
Aug 4, 2026 | 06:09 PM IST

दिल्ली में नौकरी दिलाने के बहाने ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने नौकरी दिलाने के बहाने बेरोज़गारों के साथ कथित रूप से ठगी करने वाले एक गिरोह का भड़ाफोड़ करते हुए पांच महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में अपंजीकृत ’प्लेसमेंट’ एजेंसी संचालित कर रहे थे और ऑनलाइन रोजगार पोर्टल के माध्यम से बेरोजगारों को लुभा रहे थे। इस मामले का भंडाफोड़ करोल बाग निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर हुआ। उसने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि पोर्टल पर नौकरी के लिए आवेदन करने के बाद उसे मानव संसाधन (एचआर) कर्मी होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति का संदेश आया और उसे 25 जुलाई को उत्तम नगर स्थित एजेंसी के दफ्तर में साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। यहां उससे पंजीकरण एवं खाता खोलने के शुल्क के तौर पर 4,800 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा गया। शिकायत के मुताबिक, उसने पैसे का भुगतान ऑनलाइन किया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसे आश्वासन दिया गया कि नौकरी शुरू करने के बाद उसे यह रकम वापस कर दी जाएगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उसे न तो नौकरी दिलाई गई और न ही उसका पैसा वापस किया गया और जिस मोबाइल नंबर के जरिए वह आरोपी के साथ संपर्क में था, वह नंबर बाद में बंद हो गया। उसकी शिकायत के आधार पर एक अगस्त को मामला दर्ज किया गया। पुलिस की एक टीम ने मोबाइल फोन रिकॉर्ड की जांच की और यह देखा कि पैसा किस बैंक खाते में भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने उत्तम नगर के जीवन पार्क स्थित ’प्लेसमेंट’ एजेंसी के दफ्तर पर छापा मारा। अधिकारी ने बताया कि टीम ने परिसर से सात लोगों को पकड़ा जिनकी पहचान गिरोह की कथित सरगना प्रीति मल्होत्रा (34), दिव्या (33), ललिता उर्फ पिंकी( 32), नैना (33), प्रियंका (28), कपिल कुमार शर्मा (30) और ललित कुमार (28) के तौर पर हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन पोर्टल पर आकर्षक नौकरियों के विज्ञापन देते थे और एचआर कर्मी बनकर बेरोज़गार लोगों से संपर्क करते थे। पुलिस ने बताया कि फर्जी साक्षात्कार लेने के बाद वह हरेक अभ्यर्थी से तीन से चार हजार रुपये पंजीकरण व खाता खोलने के शुल्क समेत अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर ऐंठते थे और वादा करते थे कि बाद में रकम वापस कर दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में पुलिस को राष्ट्रीय अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से जुड़ी पांच शिकायतें मिलीं। उन्होंने बताया कि इससे संकेत मिलता है कि संभवतः कुछ और लोग इस गिरोह का शिकार हुए हों। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
Aug 4, 2026 | 06:02 PM IST

दिल्ली में सोना 100 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ, चांदी स्थिर

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 100 रुपये बढ़कर 1,47,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिले-जुले रुझान के बीच चांदी की कीमतें स्थिर रहीं। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 1,47,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रही। व्यापारियों ने कहा कि घरेलू बाजार में सोने की मामूली खरीदारी देखी गई, जबकि चांदी का कारोबार सीमित दायरे में हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि मंगलवार को सोने की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई क्योंकि निवेशक अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे राजनयिक घटनाक्रम और फेडरल रिजर्व के नीतिगत दृष्टिकोण को लेकर अनिश्चितता के बीच सतर्क रुख अपनाए हुए थे। उन्होंने कहा कि पिछले दो सत्रों में कीमती धातुओं की कीमतें एक दायरे में रहीं, क्योंकि व्यापारी भू-राजनीतिक जोखिमों और अमेरिकी ब्याज दरों की भविष्य की दिशा के बारे में अधिक स्पष्टता का इंतजार कर रहे थे। वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 4,049.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि शुरुआती कारोबार में हाजिर सोने में तेजी आई, लेकिन बाद में कच्चे तेल की कीमतों में सुधार के कारण यह बढ़त खत्म हो गई और यह 4,050 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करने लगा। न्यूयॉर्क में ब्रेंट क्रूड वायदा लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 84.36 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 58.66 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध की एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा कि उम्मीद से बेहतर अमेरिकी विनिर्माण आंकड़े ने औद्योगिक मांग को लेकर आशावाद को मजबूत किया, जिससे हाजिर चांदी एक प्रतिशत बढ़कर 58 डॉलर प्रति औंस हो गई। उन्होंने कहा कि निवेशक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के नजरिये पर और स्पष्टता के लिए कई अमेरिकी वृहद आर्थिक अंकड़ों का इंतज़ार कर रहे हैं।
Aug 4, 2026 | 06:00 PM IST

दतिया उपचुनाव में हार पर मुख्यमंत्री ने की वरिष्ठ नेताओं संग बैठक की, समीक्षा समिति गठित

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के अगले दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पार्टी संगठन और सरकार में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक की, जिसके बाद हार की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि प्रदेश पार्टी महामंत्री गौरव रणदीवे एवं वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को समिति का सदस्य बनाया गया है। बयान के मुताबिक समिति चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर चुनावी हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और अपने निष्कर्षों की रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंपेगी। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया है। सोमवार को मतगणना के बाद घनश्याम सिंह को 66,757 मत मिले, जबकि तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा ने इस उपचुनाव में छह बार के विधायक नरोत्तम मिश्रा की जगह तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। राज्य के प्रमुख क्षेत्रीय नेताओं में शुमार मिश्रा को टिकट नहीं देने के भाजपा के फैसले के खिलाफ उनके गृह जिले दतिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ था। मिश्रा ने अपने दशकों लंबे राजनीतिक करियर में डबरा (ग्वालियर जिला) से तीन विधानसभा चुनाव और दतिया से इतने ही चुनाव जीते हैं। राज्य के पूर्व गृह मंत्री मिश्रा के सैकड़ों समर्थकों ने 10-11 जुलाई को दतिया में एक महत्वपूर्ण राजमार्ग को 12 घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध कर दिया, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पुलिस के साथ झड़प की, जिसमें जिला पुलिस अधीक्षक और कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में तिवारी ने उपचुनाव में कुछ पार्टी नेताओं की ओर से भीतरघात किये जाने की शिकायत की। सूत्रों के अनुसार तिवारी ने अपनी शिकायतों के साथ सबूत के रूप में कुछ वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपे है। इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र लोधी, तुलसी सिलावट, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, दिलीप जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव प्रभारी भरत कुशवाहा समेत संगठन से जुड़े कुछ अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। खंडेलवाल ने उपचुनाव परिणाम आने के बाद सोमवार को कहा था कि समीक्षा में अनुशासन को सर्वोपरि रखा जाएगा और उसके निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Aug 4, 2026 | 04:53 PM IST

आसाराम को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं :न्यायालय में पेश एम्स की रिपोर्ट

उच्चतम न्यायालय को मंगलवार को सूचित किया गया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी रिपोर्ट में राय दी है कि स्वयंभू बाबा आसाराम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं है, लेकिन उसे चौबीसों घंटे चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होगी। न्यायमूर्ति जस्टिस एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी बी वराले की पीठ को एम्स की रिपोर्ट की जानकारी तब दी गई जब वह आसाराम द्वारा स्वास्थ्य के आधार पर अंतरिम जमानत के लिए दाखिल याचिका पर सुनवाई कर रही थी। राजस्थान सरकार का पक्ष रखने के लिए पेश हुए एक अधिवक्ता ने कहा, ’’(एम्स की) की रिपोर्ट के मुताबिक, उसे अस्पताल में भर्ती कराने की कोई जरूरत नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ’’उसे (आसाराम को) सभी चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।’’ आसाराम का पक्ष रखने के लिए पेश हुए अधिवक्ता ने कहा कि रिपोर्ट को पूरे संदर्भ में देखना चाहिए। पीठ ने मामले की अगली सुनवाई छह अगस्त के लिए सूचीबद्ध कर दी। शीर्ष अदालत ने 21 जुलाई को एम्स से आसाराम की हालत का आकलन करने के लिए एक चिकित्सा बोर्ड गठित करने को कहा था। राजस्थान उच्च न्यायालय ने 2013 में एक नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में आसाराम को दोषी ठहराए जाने और उम्रकैद की सजा देने के निचली अदालत के फैसले को 27 मई को बरकरार रखा था।उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर 30 जून को राजस्थान सरकार से जवाब तलब किया था।
Aug 4, 2026 | 03:55 PM IST

पंचकूला में सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी मृत पाई गईं, घरेलू सहायिका संदेह के घेरे में

हरियाणा के पंचकूला में सेना के एक सेवानिवृत्त कप्तान की पत्नी का शव एक मकान की छत से बरामद हुआ है। पुलिस को संदेह है कि हत्या के पीछे दंपति की घरेलू सहायिका का हाथ हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय नीरा मेहता का शव सेक्टर-21 स्थित एक मकान की छत से बरामद किया गया। इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त सेना कप्तान मनमोहन अपनी पत्नी के साथ सेक्टर-21 में रहते हैं, जबकि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। पुलिस को सोमवार शाम मनमोहन की शिकायत मिली, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर नहीं लौटी हैं। शिकायत के अनुसार, घर से आभूषण गायब होने के बाद नीरा को शक था कि नौकरानी सुनीता ने चोरी की है। इसी सिलसिले में वह उससे पूछताछ करने के लिए पास के एक मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाली सुनीता के घर गई थीं। जब नीरा काफी देर तक वापस नहीं लौटीं तो उनके पति ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस जब सुनीता के घर पहुंची तो वह बंद मिला। इसके बाद पुलिस पड़ोसी मकान के रास्ते अंदर दाखिल हुई। उन्होंने बताया, "शव उसी मकान की छत से बरामद हुआ, जहां सुनीता रहती थी। शव को टाइलों के पीछे छिपाकर रखा गया था।" गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका संबंधी सवाल पर थाना प्रभारी ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने बताया कि शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
Aug 4, 2026 | 03:24 PM IST

युगांडा में ट्रक और टैक्सी की टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत

युगांडा में यात्रियों को ले जा रही एक टैक्सी और रेत से लदे ट्रक के बीच टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह हादसा सोमवार रात कलुंगु जिले के कामुंगा ट्रेडिंग सेंटर इलाके में एक राजमार्ग पर हुआ। पूर्वी अफ्रीकी देश के प्राधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। सड़क दुर्घटनाएं पूरे अफ्रीका में एक बड़ी समस्या हैं और युगांडा में आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इन हादसों के लिए अक्सर वाहनों के खराब रखरखाव, बेकाबू रफ्तार और सड़कों की बदहाल स्थिति को जिम्मेदार ठहराया जाता है। इससे पहले जुलाई में पूर्वी युगांडा में छात्रों को ले जा रही एक प्राथमिक विद्यालय की बस सड़क से फिसलकर पलट गई थी, जिसमें कम से कम 20 बच्चों समेत 21 लोगों की मौत हो गई थी।
Aug 4, 2026 | 03:23 PM IST

नीतीश बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के एक दिन बाद प्रधानमंत्री मोदी से मिले

जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के एक दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले। प्रधानमंत्री के साथ नीतीश की मुलाकात के दौरान जदयू नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार जी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।" नीतीश ने कहा कि उन्होंने यहां संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री के कार्यालय में उनसे शिष्टाचार भेंट की। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव इसलिए कराना पड़ा, क्योंकि नितिन नवीन के पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने और फिर राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया। दस बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश ने इस साल अप्रैल में इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद राज्य में पहली बार एक भाजपा नेता (सम्राट चौधरी) ने सरकार की कमान संभाली। बिहार में भाजपा और जदयू सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा हैं।
Aug 4, 2026 | 03:21 PM IST

राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव ने बैंक में रखे सोने, चांदी और अन्य रिकॉर्ड की समीक्षा की

अयोध्या स्थित राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव ने यहां एक बैंक लॉकर में रखे करोड़ों रुपये के सोने, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के साथ-साथ उनसे जुड़े रिकॉर्ड की समीक्षा की। मंदिर के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन सोमवार की शाम अयोध्या में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा गए और देर रात तक वहां रुके। उन्होंने बताया कि इस दौरान कीमती सामान की सूची तैयार की गई और बैंक लॉकर में जमा सोने, चांदी और अन्य कीमती धातुओं की तस्वीरें ली गईं। सूत्रों ने बताया कि कृष्ण मोहन पिछले तीन दिनों से ट्रस्ट के खाता-बही और अन्य रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल में लगे हुए थे, जिसके बाद कोष और कीमती धातुओं की अंतिम सूची तैयार की गयी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर बनाई गई नयी विशेष अन्वेषण टीम (एसआईटी) के मंगलवार को अपना काम फिर से शुरू करने की उम्मीद है। कृष्ण मोहन ने बैंक के अपने दौरे के बारे में मीडिया के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि राम मंदिर में व्यवस्थाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ’’आप आएं, दर्शन करें और खुद देखें... अगर कोई कमी हो, तो हमें बताएं।’’ राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष अन्वेषण टीम (एसआईटी) का गठन किया और शुरू में जांच के लिए 15 दिन का समय दिया। एसआईटी ने 23 जून को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी जिसके बाद, 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ आरोपियों - अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव को गिरफ्तार किया गया।
Aug 4, 2026 | 03:18 PM IST

विजयवाड़ा के गन्नवरम के पास बस पलटने से आठ लोग घायल

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर गन्नवरम के पास एक निजी बस के पलट जाने से कम से कम आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब ढाई बजे उंगुटुरु मंडल के पेड्डा आवुटपल्ली गांव के पास हुई जब चेन्नई से विशाखापत्तनम जा रही एक निजी बस के चालक ने कथित तौर पर राजमार्ग पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। कृष्णा जिले के पुलिस अधीक्षक विद्या सागर नायडू ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’सोमवार देर रात गन्नवरम के पास एनएच-16 पर चेन्नई से विशाखापत्तनम जा रही एक निजी बस सड़क के गीले हिस्से पर चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण पलट गई जिससे आठ यात्री घायल हो गए।’’ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस में 25 से ज्यादा यात्री सवार थे। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। नायडू ने बताया कि पीछे आ रहा एक मालवाहक वाहन भी बस से टकरा गया। उन्होंने बताया कि इस टक्कर में मालवाहक वाहन के चालक के पैर में गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस का करीब 400 लीटर डीजल सड़क पर फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने सड़क पर लकड़ी का बुरादा डालकर सफाई की और यातायात बहाल कराया। नायडू ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाएगा, जबकि जांच के सिलसिले में मोटर वाहन विभाग के अधिकारी बस का निरीक्षण करेंगे।
Aug 4, 2026 | 02:27 PM IST

दतिया उप चुनाव में हार के बाद बीजेपी ने लिया बडा फैसला

हार के कारणों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और पूर्व संगठन मंत्री अंबाराम कराडा को दी गई जिम्मेदारी। ये दोनों सदस्य चुनाव प्रचार में शामिल सभी मंत्रियों, विधायकों और बीजेपी पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। चर्चा के बाद अपनी रिपोर्ट बीजेपी हाईकमान को सौंपेंगे।
रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
Aug 4, 2026 | 01:12 PM IST

फिरोज शाह रोड पर धरने पर केजरीवाल

प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने से रोके जाने के बाद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता फिरोज शाह रोड पर धरने पर बैठे।
Aug 4, 2026 | 11:01 AM IST

पीएम आवास तक मार्च के लिए केजरीवाल की तैयारी, दिल्ली पुलिस ने नहीं दी परमिशन

पीएम आवास तक मार्च के लिए दिल्ली पुलिस से अरविंद केजरीवाल ने कोई परमिशन नहीं मांगी है और न ही दिल्ली पुलिस ने कोई पर परमिशन दी है। BNSS 163 लागू है।
पीएम बस तक कोई मार्च नहीं होने दिया जाएगा।
Aug 4, 2026 | 08:52 AM IST

रावलकोट में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में किशोरों की मौत, भड़का जनाक्रोश

पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट शहर में स्थिति बेहद खतरनाक और चिंताजनक बनी हुई है। क्षेत्र में जारी स्थानीय चुनाव और बुनियादी अधिकारों की मांग को लेकर 'जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' (JAAC) के नेतृत्व में हो रहे नागरिक प्रदर्शनों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा की गई सीधी गोलीबारी में 15 से 16 वर्ष के किशोरों की मौत हो गई है। इस खूनी दमन के बाद पूरे पीओके में भारी आक्रोश फैल गया है और नागरिक सड़कों पर उतरकर "हम आतंकवादी नहीं हैं" के नारे लगा रहे हैं।
Aug 4, 2026 | 08:52 AM IST

बिना चेतावनी हजारों व्हाट्सएप्प अकाउंट्स 'Under Review', फीचर्स ब्लॉक

इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप्प (WhatsApp) का इस्तेमाल करने वाले हजारों भारतीय यूजर्स को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा जब अचानक उनके अकाउंट्स को बिना किसी चेतावनी के 24 घंटे के लिए 'अंडर रिव्यू' (Under Review) में डाल दिया गया। मेटा (Meta) के स्वामित्व वाले ऐप द्वारा अकाउंट्स की समीक्षा शुरू किए जाने के कारण उपयोगकर्ताओं के मैसेज भेजने, प्राप्त करने और कॉलिंग सहित सभी फीचर्स पूरी तरह ब्लॉक हो गए।
Aug 4, 2026 | 08:51 AM IST

FSSAI ने डाबर के '100%' दावे वाले उत्पादों पर लगाई रोक

भारत के खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डाबर इंडिया लिमिटेड (Dabur India) के खिलाफ बड़ा कड़ा रुख अपनाते हुए उसके कई प्रमुख खाद्य उत्पादों पर '100%' शुद्धता और प्राकृतिक होने के दावों वाले विज्ञापनों और लेबलों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। खाद्य नियामक ने स्पष्ट किया है कि कंपनियों द्वारा उत्पादों की बिक्री के लिए '100% Pure', '100% Natural' या '100% Organic' जैसे शब्द लिखना खाद्य सुरक्षा कानूनों का सीधा उल्लंघन है।
Aug 4, 2026 | 08:51 AM IST

भारत समेत 60 देशों पर टैरिफ लगाने के खिलाफ अमेरिकी अदालत में पहुंचे 25 राज्य

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए व्यापारिक करों (Tariffs) के फैसले को लेकर अमेरिका के भीतर ही बड़ा कानूनी संग्राम छिड़ गया है। न्यू यॉर्क और ओरेगन सहित 25 अमेरिकी राज्यों के अटॉर्नी जनरल और राज्यपालों के एक गठबंधन ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ न्यू यॉर्क स्थित 'यूएस कोर्ट ऑफ इंटरनेशनल ट्रेड' में मामला दर्ज कराया है। यह मुकदमा ट्रम्प सरकार द्वारा भारत और यूरोपीय संघ समेत 60 व्यापारिक साझेदारों पर लगाए गए 10 प्रतिशत से 12.5 प्रतिशत तक के अतिरिक्त आयात शुल्क को रद्द करने की मांग को लेकर दायर किया गया है। मुकदमा दर्ज कराने वाले राज्यों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 (Section 301) का गलत इस्तेमाल कर रहा है।