LIVEआज की ताजा खबर, 31 अक्टूबर, 2022: मोरबी पुल हादसे की जांच के लिए SIT गठित, मंगलवार को PM मोदी जाएंगे मोरबी

आज की ताजा खबर, 31 अक्टूबर, 2022: मोरबी पुल हादसे की जांच के लिए SIT गठित, मंगलवार को PM मोदी जाएंगे मोरबी
आज की ताजा खबर 31 अक्टूबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News , Hindi Samachar Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार पटेल की जयंती पर) कहा- मैं एकता नगर में हूं, पर मेरा मन मोरबी के पीड़ितों से जुड़ा है। शायद ही जीवन में मैंने बहुत कम ऐसी पीड़ा अनुभव की होगी। एक तरफ करूणा से भरा पीड़ित दिल है तो दूसरी ओर कर्त्तव्य पथ है। जिन लोगों को अपना जीवन गंवाना पड़ा हैं, मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इससे पहले, बिहार की राजधानी पटना से लेकर अमेरिका (यूएसए) के विभिन्न शहरों में सोमवार सुबह (भारतीय समयानुसार) छठ महापर्व की छठा देखने को मिली। व्रतियों ने सुबह सवेरे घाट पर पहुंच कर सूर्य को अर्घ्य दिया। उधर, गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज गिरने से जुड़े हादसे में अब तक कुल 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 177 लोग रेस्क्यू कराए गए हैं। वहीं, 19 लोगों का इलाज चल रहा है। सोमवार (31 अक्टूबर, 2022) सुबह गुजरात सूचना विभाग की ओर से समाचार एजेंसी एएनआई को यह भी बताया गया कि सेना, नौसेना, वायु सेना, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड तलाशी अभियान चला रही हैं। वैसे, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर सोमवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वार्षिक सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान देंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा के आदमपुर में तीन नवंबर को हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार अभियान खत्म होने से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को रोडशो करेंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी एक नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एक रैली आयोजित करेंगे। पढ़ें, देश-दुनिया की ताजा खबरें, यहां:
Petrol-diesel Price: खुशखबरी! सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल
देश में पेट्रोल और डीजल के मोर्चे पर छोटी ही सही मगर एक खुशखबरी भरी खबर सोमवार को सामने आई, बताया जा रहा है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की बात कही है
PM मोदी के मोरबी दौरे पर AAP और कांग्रेस का तंज
PM Modi's visit to Morbi:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के मोरबी दौरे पर जा रहे हैं जहां पर अभी हैंगिंग ब्रिज टूटने की भयानक घटना सामने आई, पीएम के मोरबी दौरे पर कांग्रेस और AAP ने तंज कसा है।
पीएम मोदी ने मोरबी में स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की
10 अरब रुपए का नोटिस भेजेंगे पूर्व पाक इमरान खान
अपने ‘हकीकी आजादी मार्च’को लेकर आगे बढ़ रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI) के प्रमुख इमरान खान ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) पर बड़ा हमला बोला है। सोमवार को कमोक में प्रदर्शन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए इमरान खान ने कहा कि वह सीईसी सिकंदर सुल्तान रजा को 10 अरब रुपए का नोटिस भेजेंगे। सीईसी ने तोशाखाना मामले में इमरान खान को दोषी पाते हुए उनकी संसद की सदस्यता रद्द कर दी है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा
बीसीसीआई (BCCI) ने सोमवार को आगामी बांग्लादेश दौरे के लिए भारतीय टीम (India Cricket team) की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम दिसंबर में बांग्लादेश दौरे पर जाएगी, जहां वो तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। भारतीय टीम के प्रमुख ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) बांग्लादेश दौरे के माध्यम से राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे हैं। जडेजा घुटने में चोट के कारण एशिया कप से बाहर हैं और उन्होंने घुटने की सर्जरी कराई थी। वो इस कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए थे। जडेजा की वापसी से भारतीय टीम को मजबूती मिलेगी।
एससीओ बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की सरकार प्रमुखों की परिषद (सीएचजी) की ऑनलाइन बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। साल में एक बार आयोजित सीएचजी की बैठक में समूह के व्यापार और आर्थिक एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किया जाता है तथा उसके वार्षिक बजट को मंजूर किया जाता है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘एससीओ की सरकार प्रमुखों की परिषद की 21वीं बैठक एक नवंबर को वर्चुअल प्रारूप में होगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।’
मोरबी हादसा : चार व्यक्ति गिरफ्तार
गुजरात के मोरबी शहर में मच्छु नदी पर केबल पुल टूटने के मामले में सोमवार को चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।इस हादसे में करीब 134 लोगों की मौत हो गई। राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक यादव ने पीटीआई-भाषा को बताया, "हमने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है, मामले में जांच जारी है।"
पार्थ चटर्जी की न्यायिक हिरासत बढ़ी
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में आरोपी पार्थ चटर्जी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने टीएमसी के पूर्व नेता की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए और बढ़ा दी है।
यूक्रेन के प्रमुख शहरों पर रूस के ताबड़तोड़ हमले
रूस ने यूक्रेन में कीव, खारकीव और अन्य प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर सोमवार सुबह ताबड़तोड़ हमले किए। यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रूस के इन हमलों को यूक्रेन द्वारा कथित तौर पर इस सप्ताहांत काला सागर में रूसी बेड़े पर किए गए ड्रोन हमले को लेकर जवाबी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। यूक्रेन ने इन हमलों के आरोपों से इनकार किया है। यूक्रेन की राजधानी कीव के कई हिस्सों में तड़के सुबह धमाकों की तेज आवाजें सुनी गयीं। सुबह-सुबह अपने काम पर जाने की तैयारी कर रहे कई लोगों को आपातकालीन विभाग की ओर से मिसाइल हमलों के बारे में चेतावनी वाले संदेश मिले। शहर में इस दौरान करीब तीन घंटे तक हवाई हमलों के खतरे के सायरन बजते रहे।
63 पुलिसकर्मी गृह मंत्री के विशेष अभियान पदक से सम्मानित
देश के पांच राज्यों के 63 पुलिसकर्मियों को वर्ष 2022 के लिए 'केंद्रीय गृह मंत्री के विशेष अभियान पदक' के लिए नामित किया गया। गृह मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक पदक पाने वालों में दिल्ली के 19, पंजाब के 16, तेलंगाना के 13, महाराष्ट्र के 11 और जम्मू-कश्मीर के चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। विशेष अभियान पदक पाने वालों में दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रैंक के अधिकारी, दो पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रैंक के अधिकारी, दो सहायक पुलिस महानिरीक्षक रैंक के अधिकारी, दो पुलिस अधीक्षक (एसपी) और तीन पुलिस उपाधीक्षक रैंक के अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा सम्मानित होने वाले अन्य पुलिसकर्मियों में निरीक्षक, उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल रैंक के पुलिसकर्मी हैं।
यूपी : चंदौली में पुल गिरा, 6 लोग नहर में गिरे
उत्तर प्रदेश के चंदौली में बड़ा हादसा होने से बच गया। छठ पूजा के दौरान यहां पुल गिर गया। इस हादसे में छह लोग नहर में गिर गए। वहां मौजूद लोगों ने नहर में गिरे लोगों को काफी मशक्कत के बाद निकाला। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कुपवाड़ा में आतंकी मारा गया
सरदार पटेल देश के पहले PM होते तो कई समस्याएं होती ही नहीं: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि इस तरह की जन धारणा है कि यदि सरदार वल्लभभाई पटेल को भारत का पहला प्रधानमंत्री बनाया गया होता तो देश के सामने अनेक समस्याएं होती ही नहीं। शाह भारत के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल की 147वीं जयंती के अवसर पर राजधानी स्थित सरदार पटेल विद्यालय में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। स्कूल का संचालन गुजरात एजुकेशन सोसायटी करती है। सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के नाडियाड में हुआ था। शाह ने इस अवसर पर गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे में अनेक लोगों की मृत्यु पर दुख जताते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि पूरा देश इस भयावह दुर्घटना से सकते में है।
मंगलवार को मोरबी जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को गुजरात के मोरबी का दौरा करेंगे, जहां मच्छु नदी पर बना एक केबल पुल टूटने से कम से कम 134 लोग मारे गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय ने घोषणा की कि मोदी मंगलवार दोपहर को मोरबी का दौरा करेंगे। गुजरात की राजधानी गांधीनगर से करीब 300 किलोमीटर दूर मोरबी में बचाव अभियान जोरशोर से चल रहा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, भारतीय वायु सेना और नौसेना के साथ स्थानीय कर्मी बचाव अभियान में लगे हैं। इस समय गुजरात का दौरा कर रहे मोदी ने रविवार को पुल टूटने की घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक भावुक संदेश में कहा, ‘मैं केवडिया में हूं लेकिन मेरा मन मोरबी पुल हादसे में मरने वाले लोगों से जुड़ा हुआ है।’प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर के कलाकारों को केवडिया में पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति देनी थी लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया है।
गुजरात में दिल दहला देने वाली घटना हुई-शाह
दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि गुजरात में दिल दहला देने वाली घटना हुई। घटना में बच्चों समेत कई लोगों की जान चली गई। हादसों पर कोई नियंत्रण नहीं कर सकता लेकिन पूरे देश की भावनाओं को झकझोर देने वाली इस घटना ने लोगों को आहत और दुखी किया है।
पंजाब में 3 महीने में 70 से ज्यादा हत्या : ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि जैसे यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा फिर सत्ता में आई, हिमाचल और गुजरात में भी पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में फिर आएगी। AAP को पंजाब में देखना चाहिए कि 3 महीने में 70 से ज्यादा हत्या हुईं। पंजाब में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में आएंगी बड़ी परियोजनाएं -सीएम शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में बड़ी परियोजनाएं लाने का भरोसा दिया है। विपक्ष इस बात को लेकर शिंदे को घेरता रहा है कि विकास की बड़ी परियोजनाएं महाराष्ट्र में नहीं बल्कि गुजरात में लग रही हैं। शिंदे का बयान इसी संदर्भ में है।
बिहार : लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न
बिहार में चार दिवसीय महापर्व छठ चौथे और अंतिम दिन सोमवार को व्रतियों के राजधानी पटना में गंगा किनारे और राज्य के अन्य नदियों एवं तालाबों के किनारे पानी में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ संपन्न हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने आवास पर बनाए गए जल कुंड में अपने परिवार के व्रतियों के उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के समय उन्हें जल अर्पित करते दिखे। इस मौके पर उन्होंने राज्यवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। नहाय-खाय के साथ शुक्रवार को शुरू हुए सूर्य उपासना के चार दिवसीय इस महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ जो रविवार की शाम अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ संपन्न हो गया।
मजबूत वैश्विक रूझानों के बीच सेंसेक्स, निफ्टी में तेजी
मजबूत वैश्विक रूझानों और विदेशी कोषों की ताजा आवक के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी हुई। इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 563.09 अंक चढ़कर 60,522.94 पर पहुंच गया। इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी 161.55 अंक बढ़कर 17,948.35 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, मारुति, डॉ रेड्डीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, इंफोसिस, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर और महिंद्रा एंड महिंद्रा बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर एनटीपीसी और टाटा स्टील में गिरावट हुई।
सरदार पटेल ने देश को विभाजित करने वालों के मंसूबों को नाकाम किया: गृहमंत्री शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को विभाजित रखने के, विरोधी ताकतों के प्रयासों के बावजूद अपनी दूरदर्शिता से एक मजबूत और अखंड भारत के सपने को साकार किया। शाह ने कहा कि भारत एक मजबूत और समृद्ध देश बनने के स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को अगले 25 वर्ष में साकार कर लेगा और अपनी स्वतंत्रता के 100वें वर्ष का जश्न मनाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में भारत के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 147वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक दौड़ को हरी झंडी दिखाते हुए यह बात कही। दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू हुए ‘‘रन फॉर यूनिटी’’ में, खेल जगत की हस्तियों, खेलप्रेमियों और केंद्रीय पुलिस बलों के जवानों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शाह ने कहा, ‘‘आज़ादी के समय भी, भारत को विभाजित रखने के लिए कुछ ताकतों ने प्रयास किए थे। हमने देखा है कि कैसे सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और राजनीतिक सूझबूझ से जूनागढ़, जम्मू-कश्मीर और हैदराबाद को भारत संघ में शामिल किया था।’’