LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: NDA ने जारी किया संकल्प पत्र, देशभर में मनाया जा रहा सरदार पटेल जयंती

आज का दिन राजनीति और न्यायपालिका दोनों के लिहाज से बेहद अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी बीच बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए आज अपना साझा घोषणा पत्र भी जारी की।
Aaj Ki Taza Khabar
दिल्ली दंगा केस में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम समेत अन्य की जमानत याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यह मामला फरवरी 2020 में हुए दिल्ली दंगों से जुड़ा है, जिसे लेकर एक बार फिर सियासी और कानूनी हलचल बढ़ गई है। वहीं तेलंगाना की राजनीति में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजरुद्दीन आज राज्य की कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिससे राज्य की राजनीति में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।
Oct 31, 2025 | 06:16 PM IST

खराब मौसम के कारण सीतारमण की भूटान यात्रा रद्द

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भूटान की आधिकारिक यात्रा मौसम खराब होने के कारण रद्द कर दी गई है। सीतारमण पड़ोसी देश के साथ साझेदारी को मजबूत करने के लिए भूटान की चार दिनों की आधिकारिक यात्रा पर बृहस्पतिवार को रवाना हुई थीं। वह वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही थीं। वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि भूटान के पारो में खराब मौसम के कारण आधिकारिक यात्रा रद्द कर दी गई है। इससे पहले बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा गया था कि वित्त मंत्री अपनी आधिकारिक यात्रा के पहले दिन ऐतिहासिक सांगचेन चोखोर मठ का दौरा करेंगी। सांगचेन चोखोर मठ की स्थापना 1765 में हुई थी और यहां बौद्ध अध्ययन में लगे 100 से अधिक भिक्षु रहते हैं।
Oct 31, 2025 | 06:15 PM IST

वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने पूर्वी नौसेना कमान प्रमुख का पदभार संभाला

वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने शुक्रवार को भारतीय नौसेना की पूर्वी कमान के नए फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में पदभार ग्रहण किया। भल्ला ने वाइस एडमिरल राजेश पेंढारकर का स्थान लिया, जो आज ही सेवानिवृत्त हुए। पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘वाइस एडमिरल राजेश पेंढारकर के सेवानिवृत्त होने पर, 31 अक्टूबर को विशाखापत्तनम में आयोजित एक भव्य औपचारिक परेड में वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने पूर्वी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में पदभार ग्रहण किया।’’
Oct 31, 2025 | 06:15 PM IST

राजस्थान में कानून व्यवस्था रसातल में: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा

कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था रसातल में चली गई है। उन्होंने प्रशासन में नौकरशाही के हावी होने का भी आरोप लगाया। डोटासरा ने यहां पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा,‘‘राज्य में तो हालात बदतर हो गए...राज्य की कानून-व्यवस्था रसातल में चली गई और इसके लिये मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। क्योंकि वह अपने विवेक से कोई कार्य नहीं कर रहे हैं बल्कि केन्द्र से आई पर्ची के आधार पर ही निर्णय ले रहे हैं।’’ डोटासरा ने कहा,‘‘पुलिस मुख्यालय और पुलिस महानिदेशक (डीजी) का इकबाल होता था, उनके निर्देशन में ही सब कार्य करते थे लेकिन अब विभिन्न डीजी लगा दिये हैं और सारी व्यवस्था चौपट हो गई है।’’
Oct 31, 2025 | 10:42 AM IST

NDA का संकल्प पत्र जारी

बिहार चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शुक्रवार को पटना में बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। यह घोषणापत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया। इस मौके पर एनडीए के सभी बड़े नेता मौजूद थे।
Oct 31, 2025 | 06:50 AM IST

NDA का घोषणा पत्र आज

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए आज अपना साझा घोषणा पत्र (Manifesto) जारी करेगी। इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
Oct 31, 2025 | 06:50 AM IST

पीएम मोदी का गुजरात दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे।