आज की ताजा खबर, 31 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: माओवादी विद्रोह को खत्म करने की केंद्र की डेडलाइन आज, मोदी सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का उद्घाटन करेंगे...भारत में कई जगहों पर भारी बारिश, ओले गिरने का अलर्ट
आज की ताजा खबर लाइव, 31 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [माओवादी विद्रोह डेडलाइन], [सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का उद्घाटन], [मौसम का ताजा अपडेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: माओवादी विद्रोह को 'खत्म' करने के लिए भारत सरकार द्वारा दी गई डेडलाइन आज (31 मार्च) समाप्त हो रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (31 मार्च) सानंद में Kaynes Semicon की OSAT सुविधा का उद्घाटन किया। उधर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज (31 मार्च) से गुरुवार (2 अप्रैल) तक जापान की यात्रा पर रहेंगे। मैक्रों, जो कई बार जापान का दौरा कर चुके हैं, प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ बातचीत करेंगे। इस बीच, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी दक्षिण कोरिया का दौरा करेंगे। इस बीच खबर है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान से युद्ध खत्म करने को तैयार हो गए हैं। पढ़ें- देश विदेश की अन्य सभी खबरें
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [माओवादी विद्रोह डेडलाइन], [सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का उद्घाटन], [मौसम का ताजा अपडेट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: आज खबरों की दुनिया से आपके लिए बहुत कुछ होने वाला है। पहले तो ये कि राष्ट्रपति ट्रंप ईरान से युद्ध खत्म करने को तैयार हो गए हैं। 31 मार्च को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज से 2 अप्रैल तक जापान की यात्रा पर रहेंगे। इसके अलावा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल की यात्रा करेंगे। पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का उद्घाटन किया। वहीं, माओवादी विद्रोह को खत्म करने की केंद्र की डेडलाइन आज है। उधर, बताया गया कि मार्च का अंत ठंडा रहने के बावजूद, इस साल के मार्च की दिल्ली में पिछले 4 सालों का सबसे गर्म रहने की संभावना है। बात भारत के मौसम की करें तो आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है और ओले भी गिर सकते हैं। आइए जानते हैं कि आज के दिन और क्या-क्या होने वाला है।
-पश्चिमी विक्षोभ के असर से भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि होगी
-ट्रंप ईरान से युद्ध खत्म करने को तैयार हो गए
-मोदी सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का उद्घाटन करेंगे
- माओवादी विद्रोह को खत्म करने की केंद्र की डेडलाइन आज
बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में लगी भीषण आग
PM मोदी ने समंद में 3,300 करोड़ रुपये के Kayne Semiconductor Plant का उद्घाटन किया
इससे पहले आज, PM मोदी ने महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर में महावीर जैन आराधना केंद्र परिसर के कोबा तीर्थ में 'सम्राट संप्रति संग्रहालय' का भी उद्घाटन किया। अशोक के पोते सम्राट संप्रति के नाम पर रखे गए इस संग्रहालय में जैन धर्म की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है।
असम चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश, ‘लव जिहाद' पर कानून लाने का वादा
भाजपा के ’संकल्प पत्र’ में 31 वादे किये गए हैं, जिनमें ’’बांग्लादेशी मियां’’ द्वारा अतिक्रमण की गई जमीन की वापस लेना, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना शामिल है।
घोषणापत्र में असम के मूल निवासियों की जमीन, विरासत और गरिमा की हिफाजत का वादा किया गया है, जिसके लिए आप्रवासी (असम से निष्कासन) अधिनियम, 1950 को लागू कर अवैध प्रवासियों की पहचान और उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
भाजपा ने यह वादा भी किया कि वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर संविधान की छठी अनुसूची और जनजातीय क्षेत्रों को छोड़कर असम के लोगों की सभ्यता, विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए कानून को मजबूत करेगी, ताकि जातीय समुदायों के अधिकार सुनिश्चित किए जा सकें।
’मिशन वसुंधरा’ योजना के तहत पार्टी ने ’’अवैध प्रवासियों द्वारा किए गए हर इंच अतिक्रमण को हटाकर असम के सभी वास्तविक नागरिकों को भूमि अधिकार देने’’ का वादा किया है।
घोषणापत्र में यह आश्वासन भी दिया गया है कि अगर भाजपा असम में फिर से सरकार बनाती है, तो सत्रों, नामघरों, देवालयों और अन्य पूजा स्थलों की अतिक्रमित जमीन मुक्त कराई जाएगी।
घोषणापत्र के अनुसार, पार्टी ’लव जिहाद’ की समस्या को समाप्त करने के लिए प्रभावी कानून बनाएगी और ’लैंड जिहाद’ से निपटने के लिए कड़े कदम उठाएगी।
पार्टी ने वादा किया कि असम को भारत का ’’पूर्वी प्रवेश द्वार’’ बनाने के लिए असम गति शक्ति मास्टर प्लान के तहत पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके।
अमेरिका में पेट्रोल की कीमत चार डॉलर प्रति गैलन के पार, 2022 के बाद सबसे अधिक
वाहन कंपनियों के संघ ’एएए’ के अनुसार, नियमित पेट्रोल की राष्ट्रीय औसत कीमत अब 4.02 डॉलर प्रति गैलन हो गई है जो युद्ध शुरू होने से पहले की तुलना में एक डॉलर से अधिक है।
इससे पहले रूस के यूक्रेन पर हमला करने के दौरान करीब चार वर्ष पहले अमेरिका में पेट्रोल इतना महंगा हुआ था।
अमेरिका और इजराइन के 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव और बढ़ोतरी हुई है। कच्चा तेल, पेट्रोल का मुख्य घटक है।
इस संघर्ष के कारण आपूर्ति श्रृंखला में गंभीर व्यवधान उत्पन्न हुए हैं और पश्चिम एशिया के प्रमुख तेल उत्पादकों ने उत्पादन में कटौती भी की है जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
शाह ने 90 मिनट का भाषण ‘पसंदीदा अपशब्द' के बिना पूरा किया, यह चमत्कार है : कांग्रेस
मुख्य विपक्षी दल की यह टिप्पणी शाह के इस वक्तव्य के एक दिन बाद आई है कि मोदी सरकार में देश नक्सलवाद से मुक्त हो गया है और नक्सलियों का ढांचा लगभग पूरी तरह से नष्ट हो गया है, जबकि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में वामपंथी उग्रवादियों की हिंसा को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं किया था।
लोकसभा में शाह ने यह भी आरोप भी लगाया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कई बार सार्वजनिक रूप से नक्सलियों के प्रति सहानुभूति रखने वालों के साथ देखा गया था और यहां तक कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से माओवादियों के प्रति ’’सहानुभूति वाले वीडियो’’ भी पोस्ट किए थे।
शाह पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को ’एक्स’ पर पोस्ट किया, ’’कल, गृह मंत्री ने लोकसभा में एक चमत्कार किया। उन्होंने अपने उस पसंदीदा अपशब्द का इस्तेमाल किए बिना 90 मिनट तक भाषण दिया, जिसे पिछले कई मौकों पर कार्यवाही से हटाना पड़ा।’’
रमेश ने इस महीने की शुरुआत में अपने पोस्ट को भी टैग किया जिसमें उन्होंने शाह पर कटाक्ष किया था और कहा था कि लोकसभा में फिर से बोले गए उनके पसंदीदा शब्दों में से एक को कार्यवाही से हटा दिया गया है।
भाजपा की चौथी सूची: चौरंगी से संतोष पाठक और मतुआ बहुल बागदा से सोमा ठाकुर उम्मीदवार
पार्टी ने सामाजिक समीकरणों को साधने के तहत, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संतोष पाठक को चौरंगी से और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर को मतुआ बहुल बागदा सीट से मैदान में उतारा है।
भाजपा ने अब तक पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 288 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। केवल छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है।
उत्तर 24 परगना जिले की मतुआ बहुल बागदा सीट से भाजपा की उम्मीदवार सोमा ठाकुर, बनगांव के सांसद और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी हैं। उनकी उम्मीदवारी को चुनाव से पहले मतुआ वोट बैंक को मजबूत करने का प्रयास माना जा रहा है।
संतोष पाठक पांच बार कांग्रेस पार्षद रह चुके हैं। उन्हें मध्य कोलकाता की चौरंगी सीट से उतारा गया है। पाठक औपचारिक रूप से 23 मार्च को भाजपा में शामिल हुए थे।
भाजपा की चौथी सूची में हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाटी, नाटाबाड़ी से गिरिजा शंकर राय, सीताई से आशुतोष वर्मा, मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फाल्टा से देबांगशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देबाशीष धर, पांचला से रंजन कुमार पॉल, चंडीपुर से डॉ. पीयूष कांति दास, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा, बाराबनी से अरिजीत राय और मयनागुड़ी से दालिम रॉय को उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में जैन विरासत को समर्पित सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री ने जैन संतों के साथ महावीर जयंती के अवसर पर संग्रहालय का उद्घाटन किया।
श्री महावीर जैन आराधना केंद्र में स्थित इस संग्रहालय का नाम सम्राट संप्रति महाराज (224-215 ईसा पूर्व) के नाम पर रखा गया है, जो सम्राट अशोक के पोते और मौर्य वंश के एक शासक थे, जिन्होंने जैन धर्म और अहिंसा के सिद्धांत का प्रचार-प्रसार किया।
एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि संग्रहालय में सदियों पुरानी दुर्लभ जैन कलाकृतियां और पारंपरिक विरासत वस्तुएं हैं, जिनमें जटिल रूप से गढ़ी गई पत्थर और धातु की मूर्तियां, लघु चित्र, चांदी के रथ, सिक्के और प्राचीन पांडुलिपियां शामिल हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस संग्रहालय में कई विशाल हॉल हैं जिनमें 2,000 से अधिक वस्तुएं रखी गई हैं और यह संग्रहालय आगंतुकों को जैन धर्म के विकास और इसके गहन सांस्कृतिक प्रभाव के बारे में कालानुक्रम आधारित समझ प्रदान करता है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने महावीर जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सत्य, सद्भाव, सद्व्यवहार और समानता पर आधारित भगवान महावीर के संदेशों में अद्भुत प्रेरणा है और उनके महान विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के आदर्श आध्यात्मिक रूप से उत्थानकारी हैं और आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक हैं।
मैग्नम आइस क्रीम ने क्वालिटी वॉल्स (इंडिया) में 61.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी
केडब्ल्यूआईएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, ’’ 30 मार्च 2026 को नए प्रवर्तक ने शेयर खरीद समझौते (एसपीए) और अन्य लागू कानूनों के अनुसार पूर्व प्रवर्तकों से बिक्री के लिए निर्धारित शेयर का अधिग्रहण किया।’’
कंपनी ने कहा कि इस लेन-देन के बाद नए प्रवर्तक ने कंपनी पर नियंत्रण हासिल कर लिया है और सूचीबद्धता नियमों के अनुसार उन्हें कंपनी का ’’प्रवर्तक’’ वर्गीकृत किया गया है। वहीं पूर्व प्रवर्तकों को अब ’’प्रवर्तक’’ श्रेणी से हटाकर ’’सार्वजनिक’’ श्रेणी में पुनर्वर्गीकृत कर दिया गया है।
यह अधिग्रहण 25 जून 2025 को किए गए शेयर खरीद समझौते के तहत किया गया है जिसमें द मैग्नम आइस क्रीम कंपनी नीदरलैंड्स बीवी और यूनिलीवर पीएलसी सहित अन्य पक्ष शामिल रहे।
ठाणे में व्यक्ति पर गोली चलाने के आरोप में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 27 मार्च को पंचपाखाड़ी इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई।
नौपाडा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अभय महाजन ने बताया कि इंजमाम अमीरुद्दीन सिद्दीकी (26) पेट्रोल पंप पर स्कूटर में ईंधन भरवाने पहुंचा था तभी किसी विवाद को लेकर आरोपी जबीउल्लाह शफीकुर रहमान खान (39) की उससे बहस हो गई।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर सिद्दीकी की हत्या करने के इरादे से दो बार गोली चलाई और फिर उसकी प्रेमिका को भी धमकी दी।
इसके बाद वह सिद्दीकी की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। हालांकि, पुलिस ने 29 मार्च को उसे वागले एस्टेट इलाके से पकड़ लिया।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक और सात अन्य को 2013 के छेड़छाड़ मामले में बरी किया गया
अदालत ने पंजाब की खडूर साहिब विधानसभा सीट से विधायक लालपुरा और सात अन्य आरोपियों को पिछले सितंबर में तरन तारन की अदालत द्वारा सुनाई गई चार साल कैद की सजा सोमवार को रद्द कर दी।
न्यायमूर्ति त्रिभुवन दाहिया की पीठ ने याचिका स्वीकार करते हुए मार्च 2013 में तरन तारन थाने में भारतीय दंड सहिंता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी भी खारिज कर दी।
अनुसूचित जाति (एससी) से संबंधित महिला शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि तीन मार्च 2013 को तरन तारन में विधायक लालपुरा और कुछ पुलिसकर्मियों ने उनकी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की पिटाई की थी। उस समय लालपुरा एक टैक्सी चालक थे।
अदालत ने आदेश में कहा कि आठों आरोपियों को सभी आरोपों से बरी किया जाता है। अदालत ने इस बात पर भी गौर किया कि याचिकाकर्ताओं का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, आठ महिलाओं की मौत
अधिकारियों ने बताया कि दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित इस प्राचीन मंदिर में हुई घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने संवाददाताओं से कहा, "मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। भगदड़ के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।"
उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नया आयकर कानून एवं कई बजटीय प्रावधान एक अप्रैल से होंगे लागू;एफएंडओ सौदों पर एसटीटी बढ़ेगा
इसके अलावा, भारत में डेटा सेंटर सेवाएं लेने वाली विदेशी कंपनियों को 2047 तक 20 वर्ष की कर छूट और सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए ’सेफ हार्बर’ प्रावधानों की सीमा बढ़ाने से संबंधित बजट घोषणाएं भी वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ बुधवार से प्रभावी हो जाएंगी।
आयकर अधिनियम, 2025 एक अप्रैल 2026 से आयकर अधिनियम, 1961 का स्थान लेगा। नए कानून का उद्देश्य उसी कर नीति को अधिक तार्किक, सुलभ एवं पाठक-अनुकूल प्रारूप में प्रस्तुत करना है।
आयकर विभाग ने कहा कि बदलाव अवधि के दौरान उसका ई-फाइलिंग मंच पुराने और नए दोनों आयकर कानूनों के तहत अनुपालन की सुविधा देगा। साथ ही, पिछले वर्षों से संबंधित सभी आकलन, अपील एवं अन्य कार्यवाही अंतिम निपटान तक पुराने कानून के तहत ही जारी रहेंगी।
आकलन वर्ष 2026-27 (जो पुराने कानून की अवधि से संबंधित है) के लिए जुलाई 2026 में रिटर्न दाखिल करने वाले करदाता पुराने कानून के तहत निर्धारित प्रपत्रों का ही उपयोग करेंगे।
कर वर्ष 2026-27 के लिए अग्रिम कर भुगतान जो जून 2026 से शुरू होगा..उसे नए कानून के अनुसार किया जाएगा।
आयकर अधिनियम, 2025 में आकलन वर्ष और पूर्व वर्ष के अंतर को समाप्त कर एकल ’कर वर्ष’ व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही, समय सीमा के बाद आयकर रिटर्न दाखिल होने पर भी टीडीएस (स्रोत पर कर कटौती) की वापसी बिना किसी दंड शुल्क के लेने की अनुमति दी गई है।
स्मार्ट सिटी मिशन मोदी सरकार की कार्यशैली का उदाहरण, घोषणाएं बड़ी पर जवाबदेही शून्य: राहुल
उन्होंने लोकसभा में 19 मार्च को उनके द्वारा पूछे गए प्रश्न और सरकार के उत्तर का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि स्मार्ट सिटी मिशन धोखे के अलावा कुछ भी नहीं है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर एक पोस्ट में कहा, ’’कोई शहर ’स्मार्ट’ नहीं हो सकता, अगर वह अपने नागरिकों को बुनियादी गरिमा - साफ पानी, स्वच्छ हवा और सुरक्षा नहीं दे पाता। आपको मोदी सरकार का स्मार्ट सिटी मिशन तो याद ही होगा, जिसके तारीफों के पुल बांधते प्रधानमंत्री थकते नहीं थे।"
उन्होंने कहा, "अब जब यह योजना अपने समापन की ओर है तो मैंने संसद में सरकार से इसके वास्तविक परिणामों का हिसाब मांगा। और जो सच सामने आया उसे धोखे के अलावा कुछ और कह ही नहीं सकते, इस योजना का उद्देश्य कभी भी पूरे शहर का विकास करना ही नहीं था।"
रायबरेली से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश को एक आधी-अधूरी योजना को पूरे बदलाव की कहानी बनाकर बेचा गया।
उन्होंने कहा, "सवाल पूछे कि कैसे होते हैं स्मार्ट सिटी, सफलता किस आधार पर तय हुई, कितने शहर सच में बदले, लोगों के जीवन में क्या ठोस बदलाव आया? तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।"
उन्होंने कहा, "सिर्फ बताया गया की करीब 48,000 करोड़ रुपये खर्च हुए, और 97 प्रतिशत प्रोजेक्ट "पूरे" बता दिए, लेकिन अगर सब पूरा है, तो आपके शहर में क्या बदला?"
राहुल गांधी ने दावा किया, "जमीनी हकीकत अलग कहानी कहती है- दूषित पानी और खुले सीवर से मौतें हो रही हैं,गिरते पुल और धंसती सड़कें इस विफलता को और उजागर कर रही हैं।"
ईरान देश पर आक्रमण करने वालों के पैर काट देगा, IRGC ने अमेरिका को जारी की चेतावनी
बेंगलुरु के हाईग्राउंड्स ट्रैफिक थाने से संबद्ध तीन यातायात पुलिसकर्मियों को नियम उल्लंघन और अवैध वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों ने जानबूझकर अपने वर्दी पर लगे कैमरे बंद रखे और वाहन चालकों से नियम उल्लंघन के नाम पर पैसे वसूले।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोई स्पष्ट यातायात उल्लंघन न होने के बावजूद उन्होंने वाहन चालकों से पैसे लिए।
इस संबंध में लोगों की कई शिकायतों के आधार पर जांच की गई, जिसके बाद पुलिस उपायुक्त (यातायात पश्चिम) ने एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) और दो कांस्टेबल सहित तीन यातायात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
उन्हें उत्पीड़न, अनधिकृत वाहन जांच और जुर्माने के नाम पर पैसे वसूलने की शिकायतें मिली थीं।
अधिकारियों ने कहा कि तीनों कर्मियों ने नियमों का पालन नहीं किया, जो प्रवर्तन के दौरान वर्दी पर लगे कैमरे को सक्रिय रखने का निर्देश देते हैं।
रांची में महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर घुमाया, दो आरोपी गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार को सदर थाना क्षेत्र के भाभानगर कॉलोनी में हुई।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने कहा, "घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उनके चंगुल से छुड़ाया। इस मामले में एक युवक और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान पंकज सिंह उर्फ पंकज (25) और संतना कुमारी (23) के रूप में हुई है।"
उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि घटना से चार-पांच दिन पहले पीड़िता के पति ने पंकज की मोटरसाइकिल बिना बताए ले ली थी। दोनों एक ही कॉलोनी में किराये के मकानों में आस-पास ही रहते हैं।
पंकज पीड़िता के पति पर अपनी मोटरसाइकिल चोरी करने का आरोप लगा रहा था। हालांकि, पीड़िता ने स्वीकार किया कि उसके पति ने मोटरसाइकिल ली थी और उसे लौटाने का आश्वासन दिया था।
होर्मुज खुलवाए बिना युद्ध खत्म करने के इच्छुक हैं ट्रंप: वॉल स्ट्रीट जर्नल
वॉल स्ट्रीट जर्नल की खबर के अनुसार हालिया दिनों में ट्रंप और उनके सहयोगियों द्वारा यह अनुमान लगाया है कि जलडमरुमध्य को जबरन खुलवाने के लिए एक अभियान चलाने से संघर्ष ट्रंप की निर्धारित समयसीमा, यानी चार-छह सप्ताह से आगे बढ़ जाएगा।
खबर के अनुसार ट्रंप ने फैसला किया है कि अमेरिका को ईरान की नौसेना को कमजोर करने और उसके मिसाइल भंडार को नुकसान पहुंचाने जैसे अपने मुख्य उद्देश्यों को हासिल करने के बाद मौजूदा सैन्य संघर्ष को धीरे-धीरे समाप्त करना चाहिए, और साथ ही तेहरान पर कूटनीतिक दबाव डालकर व्यापार के मुक्त प्रवाह को फिर से शुरू करने के लिए मजबूर करना चाहिए।
खबर में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि अगर यह प्रयास विफल रहता है, तो अमेरिका यूरोप और खाड़ी क्षेत्र में अपने सहयोगियों पर दबाव डालेगा कि वे जलडमरूमध्य को फिर खुलवाने के लिए आगे आएं।
सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ’व्हाइट हाउस’ की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति और पेंटागन प्रमुख ने हमेशा सैन्य अभियान के लिए चार से छह सप्ताह की अनुमानित समयसीमा बताई है। उन्होंने कहा, "आज 30 दिन हो गए हैं।" लेविट ने यह संकेत भी दिया कि अरब देशों से भी ईरान में जारी सैन्य अभियान का बोझ साझा करने के लिए कहा जा सकता है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज, हल्की बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने का अनुमान है।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सोमवार से ही छिटपुट बारिश हो रही है। सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे के दौरान सफदरजंग में 0.5 मिमी, पालम में 0.2 मिमी, लोधी रोड में 0.7 मिमी, रिज में 0.2 मिमी और आयानगर में 0.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम केंद्रों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 18, रिज में 18.4 और आयानगर में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिम बंगाल चुनाव: भाजपा ने 13 और उम्मीदवार घोषित किए
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाटी, नटबाड़ी से गिरिजा शंकर राय और सीताई से आशुतोष वर्मा चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा, मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फाल्टा से देबांशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देवाशीष धर और पांचला सीट से रंजन कुमार पॉल मैदान में उतरेंगे।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को कराया जाएगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
असम चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश, मूल निवासियों के संरक्षण का वादा
भाजपा के ’संकल्प पत्र’ में 31 वादे किए गए हैं, जिनमें बांग्लादेशी मियांओं से अतिक्रमित जमीन वापस लेना, समान नागरिक संहिता लागू करना, राज्य का विकास सुनिश्चित करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना शामिल हैं।
सीतारमण ने कहा कि यह घोषणापत्र "राज्य के एक दशक के परिवर्तन पर आधारित है, जिसे कांग्रेस 60 वर्षों में हासिल नहीं कर पाई।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूर्वोत्तर के दीर्घकालिक विकास पर कोई ध्यान नहीं था।
सीतारमण ने दावा किया कि राज्य में भाजपा सरकार के दौरान व्यापक विकास हुआ और कई युवा असमियों ने "मजबूरी नहीं, बल्कि अवसरों के कारण" विदेश से नौकरी छोड़कर असम लौटना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने असम में शांति बहाल की और विकास केवल स्थिरता होने पर ही संभव है।
अमेरिका के सहयोगी खाड़ी देशों ने ईरान के खिलाफ युद्ध को जारी रखने का ट्रंप से किया अनुरोध
अधिकारियों के अनुसार सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन के प्रतिनिधियों ने निजी बातचीत में यह संकेत दिया है कि वे चाहते हैं कि सैन्य अभियान तब तक जारी रहे जब तक ईरान में नेतृत्व स्तर पर अहम बदलाव नहीं हो जाता या उसके रुख में बड़ा परिवर्तन नहीं आता।
इन अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर यह जानकारी दी। खाड़ी देशों की ओर से यह बात ऐसे वक्त में सामने आई है जब ट्रंप यह दावा कर रहे हैं कि ईरान का नेतृत्व कमजोर हुआ है और समझौते के लिए तैयार है। ट्रंप साथ ही ईरान को चेतावनी दे रहे हैं कि यदि जल्द कोई समझौता नहीं हुआ तो युद्ध को और तेज किया जा सकता है।
इस बीच, ट्रंप देश के भीतर उस युद्ध के लिए जनसमर्थन जुटाने में संघर्ष कर रहे हैं, जिसमें पूरे पश्चिम एशिया में 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और जिसने वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला कर रख दिया है।
