LIVEताजा खबर, 30 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़ : उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ी, अब 6 जनवरी को प्रकाशित होगा ड्राफ्ट रोल, बांग्लादेश में फिर एक हिंदू की गोली मारकर हत्या
ताजा खबर लाइव, 30 दिसंबर 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ (खालिदा जिया का निधन दिल्ली, यूपी, बिहार का मौसम, ट्रंप नेतन्याहू मुलाकात, बांग्लादेश चुनाव अपडेट) मुख्य समाचार Latest News in Hindi: बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया का ढाका में निधन हो गया है। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई राज्यों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। गाजा समझौते के अगले चरण के मुद्दों को फाइनल करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच मुलाकात हुई है। मुलाकात के बाद ट्रंप ने हमास को चेतावनी भी दी है। वहीं बांग्लादेश में अगले चुनाव को लेकर तैयारियां जारी है। आज की ताजा और अहम खबरों के लिए बने रहिए टाइम्स नाउ नवभारत के साथ

ताजा खबर, 30 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़ : उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ी, अब 6 जनवरी को प्रकाशित होगा ड्राफ्ट रोल, बांग्लादेश में फिर एक हिंदू की गोली मारकर हत्या
ताजा खबर (Taja Khabar), Latest Breaking Hindi News (दिल्ली, यूपी, बिहार का मौसम, ट्रंप नेतन्याहू मुलाकात, बांग्लादेश चुनाव अपडेट) के मुख्य समाचार (Mukhya Samachar) : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन हो गया है। वो 80 वर्ष की थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पड़ोसी देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इज़रायल का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘इज़रायल प्राइज’ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने “इज़रायल और यहूदी समुदाय के लिए असाधारण योगदान” दिया है। फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में ट्रंप के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने कहा, “हमने एक परंपरा तोड़ने का फैसला किया है। करीब 80 साल के इतिहास में पहली बार हम यह पुरस्कार किसी गैर-इज़रायली को दे रहे हैं।” नेतन्याहू ने बताया कि यह सम्मान औपचारिक रूप से इज़रायल के स्वतंत्रता दिवस पर प्रदान किया जाएगा और उन्होंने ट्रंप को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
दिल्ली, पंजाब, बिहार, यूपी, झारखंड में भीषण ठंड से कोई राहत नहीं मिली है। इन राज्यों में अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मंगलवार को भी ठंड बरकरार रखने की उम्ंमीद जताई गई है। यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की भी आशंका है।
बांग्लादेश में पिछले साल तत्कालीन सरकार को गिराने वाले हिंसक विद्रोह के मुख्य नेता महफूज आलम ने रविवार को नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) से खुद को अलग कर लिया, क्योंकि पार्टी के नेताओं ने जमात-ए-इस्लामी के साथ चुनावी गठबंधन करने के लिए कदम उठाया था। सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर पोस्ट में आलम ने खुद के ‘एनसीपी से जुड़े’ होने से इनकार कर दिया। पार्टी में गठबंधन के मुद्दे पर विवाद के कारण 30 वरिष्ठ नेताओं ने इस रुख का विरोध करते हुए हस्ताक्षरित एक पत्र जारी किया है और दो शीर्ष नेताओं ने अपने इस्तीफे की घोषणा की।
Angel Chakma Killing News: 'एंजल चकमा की हत्या 'नस्लीय हमला नहीं' उत्तराखंड के CM का बड़ा दावा
देहरादून में त्रिपुरा के एक छात्र की हत्या को लेकर देश भर में गुस्से के बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उन दावों को खारिज कर दिया कि यह हमला नस्लीय मकसद (racially motivated) से किया गया था। बढ़ती आलोचना और विरोध प्रदर्शनों पर जवाब देते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऐसी घटनाएं "कभी नहीं होतीं" और इस बात से इनकार किया कि अपराध का कोई नस्लीय एंगल था। धामी ने कहा, 'उत्तराखंड में ऐसी घिनौनी घटनाएं कभी नहीं हुई हैं। देवभूमि के लोगों ने हमेशा देश भर के लोगों का स्वागत और उन्हें स्वीकार किया है।'
SIR News: उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ी, अब 6 जनवरी को प्रकाशित होगा ड्राफ्ट रोल
उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ा दी गई है, ताजा अपडेट के मुताबिक अब 6 जनवरी को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा।जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट रोल में छूट जाएंगे, या उसमें किसी तरह के सुधार की जरूरत है वह 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं वहीं उत्तर प्रदेश के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च को होगा।
Bangladesh Breaking News: बांग्लादेश में फिर एक हिंदू की गोली मारकर हत्या
बांग्लादेश में जारी हिंसा की आग हर बीतते दिन के साथ और भड़कती जा रही है। अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की खबरें थमती नहीं दिख रही हैं। अब वहां एक बार फिर मयमनसिंह के भालुका उपज़िला में एक हिंदू युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस महीने किसी हिंदू की हत्या की यह तीसरी घटना है।
Today Breaking News: राष्ट्रपति मुर्मू ने तमिलनाडु विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक वापस किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तमिलनाडु मद्रास विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक को पुनर्विचार के लिए विधानसभा को वापस भेज दिया है। इसमें विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति का अधिकार राज्य सरकार को देने का प्रावधान किया गया था। एक आधिकारिक सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तमिलनाडु विधानसभा ने इस विधेयक को अप्रैल 2022 में पारित करके राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा था। इसका उद्देश्य 168 वर्ष पुराने विश्वविद्यालय पर नियंत्रण प्राप्त करना था। वर्तमान में विश्वविद्यालय पिछले दो वर्षों से अधिक समय से बिना किसी स्थायी कुलपति के संचालित हो रहा है।
West Bengal News: पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा 50 का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाएगी: तृणमूल
तृणमूल कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए उन पर झूठ फैलाने और 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के निराधार दावे करने का मंगलवार को आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने पत्रकारों से कहा कि शाह की टिप्पणियां खोखले दावों पर आधारित हैं। बसु ने दावा किया कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 50 सीट का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकेगी।
Budget 2026 Breaking: प्रधानमंत्री मोदी ने 2026-27 के बजट से पहले अर्थशास्त्रियों से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगामी बजट पर विचार-विमर्श करने के लिए प्रख्यात अर्थशास्त्रियों और क्षेत्र विशेषज्ञों से मंगलवार को मुलाकात की। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई जो अभी तक जारी है।
Rahul Gandhi News: राहुल ने खालिदा जिया के निधन पर दुख जताया
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने बांग्लादेश की राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं।
Noida Crime Breaking: नोएडा: पत्नी पर चाकू से हमला करने वाला पति गिरफ्तार
नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को थाना फेस-1 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टेंसिल चाकू भी बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से अंजाम दिया गया। थाना फेस-1 पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त प्रवीन कुमार उर्फ पिन्टू को सेक्टर-10 स्थित बिजली घर पार्क के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान प्रवीन कुमार उर्फ पिन्टू (32), पुत्र इन्द्रदेव प्रसाद, निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-10, थाना फेस-1, गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है।
PM Modi News: प्रधानमंत्री मोदी ने 1943 में पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराने के लिए नेताजी को याद किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1943 में आज ही के दिन पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद किया। मोदी ने कहा कि वह क्षण सभी को याद दिलाता है कि स्वतंत्रता केवल आकांक्षा से नहीं, बल्कि सामर्थ्य, परिश्रम, न्याय और संगठित संकल्प से आकार लेती है। आज़ाद हिंद फौज या ‘इंडियन नेशनल आर्मी’ के प्रमुख बोस ने 30 दिसंबर 1943 को पोर्ट ब्लेयर में पहली बार भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।
Middle East News: यमन में हूती विरोधी बलों ने आपातकाल की घोषणा की
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से यमन में अलगाववादियों के लिए भेजी गई हथियारों की खेप को निशाना बनाकर सऊदी अरब द्वारा किए गए हवाई हमलों के बाद यमन में हूती-विरोधी बलों ने मंगलवार को आपातकाल की घोषणा कर दी। इन बलों ने अपने नियंत्रण वाले इलाकों में सभी सीमा चौकियों को 72 घंटे के लिए बंद करने की घोषणा की। साथ ही, हवाई अड्डों और बंदरगाहों में प्रवेश पर भी रोक लगा दी है, केवल उन लोगों पर प्रतिबंध नहीं है जिन्हें सऊदी अरब ने अनुमति दी है।
PM Modi News: प्रधानमंत्री मोदी ने खालिदा जिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पड़ोसी देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और बांग्लादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
Delhi Weather Breaking: दिल्ली में छाया घना कोहरा
दिल्ली में मंगलवार तड़के घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई इलाकों में दृश्यता में भारी गिरावट आई। वायु गुणवत्ता में हालांकि मामूली सुधार हुआ और लेकिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 388 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोहरे को देखते हुए शहर के लिए सुबह नौ बजे तक ‘येलो’ अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग में सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता 100 मीटर थी, जो 8:30 बजे तक बढ़कर 200 मीटर हो गई। मौसम विभाग ने बताया कि पालम में मध्यम कोहरा छाया रहा और सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता लगभग 300 मीटर दर्ज की गई।
Air India Breaking: एअर इंडिया एक्सप्रेस का पायलट गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर एक यात्री पर हमला करने के आरोप में एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक ‘ऑफ-ड्यूटी’ पायलट को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल जांच में शामिल हुए और अधिकारी ने उनसे पूछताछ की थी। एक बयान में कहा गया, ‘‘मामला दर्ज होने के बाद जांच प्रक्रिया के दौरान, संबंधित सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए और बयान दर्ज किए गए। आरोपी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’
Trump Netanyahu Breaking: ट्रंप ने नेतन्याहू का स्वागत किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापक वार्ता के लिए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फ्लोरिडा स्थित अपने आवास में स्वागत किया और ईरान को उसका परमाणु कार्यक्रम फिर से शुरू करने के खिलाफ चेतावनी दी। ट्रंप ने यह चेतावनी ऐसे समय में दी है जब ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे हैं कि जून में ईरान के प्रमुख परमाणु संवर्धन स्थलों पर अमेरिकी हमलों से तेहरान की परमाणु क्षमताएं ‘‘पूरी तरह से खत्म’’ हो गई हैं। हालांकि, इजराइली अधिकारियों के हवाले से स्थानीय मीडिया में ऐसी रिपोर्ट हैं कि ईरान इजराइल पर हमला करने में सक्षम लंबी दूरी की मिसाइलें फिर से तैयार कर सकता है।
Naxal Breaking: मणिपुर में तीन नक्सली गिरफ्तार
मणिपुर में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (प्रोग्रेसिव) के एक सदस्य को थौबल में खंगाबोक में जिला अस्पताल के गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान चंदम चंद्रमणि सिंह (49) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को इंफाल पश्चिम जिले के सगोलबंद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक के सदस्य हैं।
Kerala Breaking: केरल कांग्रेस नेता पी एम मैथ्यू का निधन
केरल कांग्रेस नेता पी एम मैथ्यू का मंगलवार को इस जिले के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। मैथ्यू 75 वर्ष के थे। पूर्व विधायक मैथ्यू का निधन पाला के पास एक निजी अस्पताल में हुआ, जहां गुर्दे से संबंधित बीमारी के लिए उनका उपचार किया जा रहा था। मैथ्यू ने 1991 से 1996 तक विधानसभा में कदुथुरुथी का प्रतिनिधित्व किया। के. एम. मणि के नेतृत्व वाली केरल कांग्रेस (एम) के प्रत्याशी के रूप में सीट जीतने के बाद वह 1993 में टी. एम. जैकब नीत गुट में शामिल हो गए। बाद में वे पुनः अपनी पुरानी पार्टी केरल कांग्रेस (एम) में लौट आए।
Market Breaking: रुपया शुरुआती कारोबार में तीन पैसे की बढ़त के साथ 89.95 प्रति डॉलर पर
रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में तीन पैसे की बढ़त के साथ 89.95 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कमजोर डॉलर और औद्योगिक उत्पादन के मजबूत आंकड़ों से घरेलू मुद्रा को बल मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निकासी, कच्चे तेल की कीमतों में मामूली वृद्धि और घरेलू शेयर बाजारों की कमजोर शुरुआत ने हालांकि स्थानीय मुद्रा में तेज बढ़त को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.98 पर खुला। फिर बढ़कर 89.95 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.98 पर बंद हुआ था।
Bihar Breaking News: बिक्री कर विभाग का चपरासी 75,000 रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया
बिहार में सतर्कता विभाग का अभियान जारी है। सतर्कता विभाग की बार-बार की कार्रवाई के बावजूद भ्रष्ट अधिकारियों को लगातार पकड़ने का काम किया जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में सहरसा स्थित बिक्री कर विभाग के एक चपरासी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप का माहौल है। गिरफ्तार चपरासी की पहचान शंकर कुमार के रूप में हुई है, जिसे 75,000 रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। सतर्कता दल ने सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एसपी कार्यालय के पास राज्य कर आयुक्त कार्यालय के नजदीक यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई एक स्थानीय व्यापारी की शिकायत के बाद की गई।
Defence Breaking News: पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल उड़ान परीक्षण
देश की रक्षा क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। सोमवार को भारत की पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का प्रथम उड़ान परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है। यह परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में किया गया। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित यह उन्नत रॉकेट प्रणाली सटीक मारक क्षमता और लंबी दूरी तक प्रभावी प्रहार के लिए डिजाइन की गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ को बधाई दी।
Tami Nadu Breaking: चार नाबालिगों ने एक शख्स को बेरहमी से पीटा
पिछले दिनों तिरुवल्लूर जिले के तिरुट्टानी रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति पर हंसिया से बेरहमी से हमला करने के आरोप में चार नाबालिग लड़कों को सोमवार को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर नशे की हालत में पीड़ित पर हमला किया और हिंसा की घटना को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया, बाद में फुटेज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ित की पहचान महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी सूरज (34) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना तिरुट्टानी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टर के नजदीक हुई।