LIVE

आज की ताजा खबर, 29 मार्च 2026 हिंदी न्यूज LIVE: ईरान के खिलाफ जमीनी युद्ध की तैयारी कर रहा US; तेहरान ने दी अमेरिकी विश्वविद्यालयों को उड़ाने की धमकी

Nitin AroraUpdated Mar 29, 2026, 17:02 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 29 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान युद्ध], [मि़डिल ईस्ट में अमेरिकी सैनिक], [LPG Crisis], [Dhurandhar 2 box office day 10] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: वॉशिंगटन पोस्ट ने शनिवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि पेंटागन ईरान में हफ्तों तक चलने वाले जमीनी ऑपरेशन्स की तैयारी कर रहा है। IRGC ने शनिवार को मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी विश्वविद्यालयों को निशाना बनाने की धमकी दी। इससे पहले IRGC ने कहा था कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के दो विश्वविद्यालय तबाह हो गए हैं। इस बीच ईरान में युद्ध के पांचवें हफ्ते में पहुंचने के साथ ही, ट्रंप प्रशासन ने मध्य-पूर्व में अमेरिकी मरीन तैनात कर दिए हैं। साथ ही, वह इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना की 82वीं एयरबोर्न टुकड़ी से हजारों सैनिकों को भेजने की भी योजना बना रहा है। वहीं, 2 भारतीय LPG टैंकर बंदरगाहों पर पहुंच गए हैं और 2 और होर्मुज जलडमरूमध्य से रास्ते में हैं। उधर 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर अपनी जोरदार दौड़ जारी रखे हुए है।

आज की ताजा खबर, 29 मार्च 2026 हिंदी न्यूज LIVE: ईरान के खिलाफ जमीनी युद्ध की तैयारी कर रहा US; तेहरान ने दी अमेरिकी विश्वविद्यालयों को उड़ाने की धमकी
आज की ताजा खबर, 29 मार्च 2026 हिंदी न्यूज LIVE: ईरान के खिलाफ जमीनी युद्ध की तैयारी कर रहा US; तेहरान ने दी अमेरिकी विश्वविद्यालयों को उड़ाने की धमकी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [ईरान युद्ध], [मि़डिल ईस्ट में अमेरिकी सैनिक], [LPG Crisis], [Dhurandhar 2 box office day 10] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: वॉशिंगटन पोस्ट ने शनिवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि पेंटागन ईरान में जमीनी ऑपरेशन्स चलाने की तैयारी कर रहा है। पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इन योजनाओं में स्पेशल ऑपरेशन्स और पारंपरिक इन्फैंट्री सैनिकों द्वारा की जाने वाली छापेमारी शामिल हो सकती है। पोस्ट के मुताबिक, यह अभी भी अनिश्चित है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इनमें से किसी भी योजना को मंजूरी देंगे या नहीं। हालांकि, US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि USS Tripoli पर सवार होकर लगभग 3,500 अतिरिक्त सैनिक मध्य पूर्व पहुंच गए हैं। ये नाविक और मरीन 31वीं मरीन एक्सपीडिशनरी यूनिट के साथ हैं और 27 मार्च को इस क्षेत्र में पहुंचे, साथ में 'परिवहन और स्ट्राइक फाइटर विमान, साथ ही एम्फीबियस असॉल्ट और सामरिक संपत्तियां' भी थीं। यह तैनाती ऐसे समय में हुई है, जब ट्रंप का दावा है कि ईरान के साथ युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत चल रही है। अमेरिकी सेना से यह भी उम्मीद की जा रही है कि वह अपनी 82वीं एयरबोर्न डिवीजन से हजारों और सैनिकों को तैनात करेगी। वहीं, मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि भारत के झंडे वाले दो टैंकर, जो लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) ले जा रहे थे, ईरान से रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की मंजूरी मिलने के बाद देश में पहुंच गए। उधर 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त दौड़ जारी रखे हुए है। 10वें दिन फिल्म की कमाई में भारी उछाल देखने को मिला, क्योंकि शनिवार को दर्शक बड़ी संख्या में सिनेमाघरों में उमड़ पड़े। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने अब दुनिया भर में 1,200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और आगे कोई बड़ी टक्कर न होने के कारण यह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।

-धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस कमाई

-ईरान युद्ध

-अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में 3500 सैनिक उतारे

-भारत में LPG गैस आई

MAR 29, 2026 13:56 IST

हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में रविवार को बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
राजधानी चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश हुई, जिससे यहां तापमान में गिरावट आई।

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर और पंजाब के मोहाली, पटियाला, फगवाड़ा, जालंधर, होशियारपुर तथा लुधियाना सहित अन्य स्थानों पर भी बारिश हुई।

बारिश से क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि इससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
MAR 29, 2026 13:55 IST

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.75 लाख करोड़ रुपये घटा

कम कारोबारी सत्रों वाले बीते सप्ताह के दौरान सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से 1.75 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 949.74 अंक या 1.27 प्रतिशत नीचे आया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 294.9 अंक या 1.27 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 89,720.3 करोड़ रुपये घटकर 18,24,515.62 करोड़ रुपये रह गया।

एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 37,248.59 करोड़ रुपये घटकर 11,64,018.69 करोड़ रुपये रह गई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाजार पूंजीकरण में 35,399.42 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 9,41,569.15 करोड़ रुपये पर आ गया।

आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 8,121.76 करोड़ रुपये घटकर 8,83,551.30 करोड़ रुपये रह गया और भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 2,480.42 करोड़ रुपये घटकर 10,50,413.33 करोड़ रुपये पर आ गई।
MAR 29, 2026 11:50 IST

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने मार्च में भारतीय शेयर बाजार से 1.14 लाख करोड़ रुपये निकाले

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने मार्च में अब तक घरेलू शेयर बाजार से 1.14 लाख करोड़ रुपये (लगभग 12.3 अरब डॉलर) निकाले हैं। यह एफपीआई की भारतीय बाजार से सबसे बड़ी मासिक निकासी है। पश्चिम एशिया संघर्ष, कमजोर होता रुपया और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से भारत की वृद्धि पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर विदेशी निवेशक आशंकित हैं, जिससे वजह से वे बिकवाली कर रहे हैं।

इस महीने का एक कारोबारी सत्र अभी बचा है, जिससे निकासी का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इससे पहले अक्टूबर, 2024 में एफपीआई ने एक महीने में सबसे अधिक 94,017 करोड़ रुपये की निकासी की थी।

एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार, इसके साथ ही एफपीआई 2026 में अब तक भारतीय शेयर बाजार से 1.27 लाख करोड़ रुपये की निकासी कर चुके हैं।

आंकड़ों के अनुसार, 27 मार्च तक एफपीआई ने 1,13,380 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं।

इससे पहले फरवरी में एफपीआई ने भारतीय शेयर बाजार में 22,615 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जो 17 माह का उच्चस्तर है।
MAR 29, 2026 11:49 IST

देहरादून में पुलिस हिरासत में पीआरडी जवान की मौत, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

देहरादून में हंगामा करने के आरोप में पुलिस द्वारा हिरासत में लिये गए प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवान की रायपुर थाने में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने जांच के आदेश दिए और रायपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
उन्होंने बताया कि पीआरडी जवान की पहचान सुनील रतूड़ी (45) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलूनी ने बताया कि लाडपुर स्थित महादेव पेट्रोल पंप से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति वाहन में पेट्रोल भरवाने के बाद रुपये नहीं दे रहा है और नशे की हालत में कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर रहा है।

उन्होंने बताया कि सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन न मानने पर उसे थाने ले जाया गया और उसके वाहन को जब्त कर लिया।

बलूनी ने बताया कि थाने में उसका नाम-पता दर्ज करने के बाद एल्कोमीटर से जांच की गई, जिसमें रतूड़ी के नशे में होने की पुष्टि हुई जिसे बाद उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि थाने में भी लगातार शोर-शराबा करने और कार्य में बाधा डालने के कारण पुलिसकर्मियों ने उसे हवालात में बंद कर दिया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि कुछ देर बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जांच की तो वह बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत हवालात से निकालकर कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
MAR 29, 2026 11:49 IST

ब्रेक से तरोताजा होकर वापसी में मदद मिली : कोहली

आईपीएल के 2026 सत्र की शुरूआत नाबाद अर्धशतक से करने वाले महान बल्लेबाज विराट कोहली का मानना है कि नियमित अंतराल पर खेल से ब्रेक लेने से उन्हें थकान से बचने और मानसिक रूप से तरोताजा होकर वापसी करने में मदद मिली ।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल के इस सत्र के पहले मैच में गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से मिली जीत में कोहली ने 38 गेंद में पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाये ।

कोहली ने मैच के बाद कहा,’’ वापिस यहां आकर अच्छा लग रहा है ।

आखिरी मैच मैने पिछले साल आईपीएल फाइनल खेला था लेकिन हाल ही में वनडे श्रृंखलाओं में जिस तरह से बल्लेबाजी की , उससे मुझे लय हासिल करने में मदद मिली ।’’

अंतरराष्ट्रीय टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली ने कहा ,’’ मैं वह शॉट्स नहीं खेल रहा था जो आम तौर पर नहीं खेलता । मुझे पता है कि मैं लय में हूं और मैने फिटनेस पर भी काफी मेहनत की है तो प्रदर्शन अच्छा ही रहेगा । हमारे पास अच्छी शुरूआत का मौका था और हमने वही किया ।’’
MAR 29, 2026 11:48 IST

गोरखालैंड मुद्दे से लेकर शासन तक: दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र का नए राजनीतिक दौर में प्रवेश

दार्जिलिंग में सड़कों, पर्यटक स्थलों और कल्याणकारी योजनाओं के संकेत चिह्नों के साथ लगती दीवारों पर ’हमें गोरखालैंड चाहिए’ के नारे की अब धुंधली तस्वीरें ही दिखाई देती है, जो इस बात का साफ संकेत है कि कैसे पर्वतीय क्षेत्र की राजनीति अलग राज्य के सपने से हटकर अब शासन में रोजमर्रा की मांगों पर केंद्रीत हो रही है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कुर्सियोंग में दशकों से राजनीति एक अलग गोरखालैंड राज्य की मांग के वादे के इर्द गिर्द घूमती है जो दशकों से क्षेत्र के लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ी है। यह आकांक्षा आज भी जीवित है लेकिन अब यह पर्वतीय क्षेत्र में राजनीति की एकमात्र भाषा नहीं रह गई है।

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले पर्वतीय क्षेत्र में एक गहरा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजनीतिक मान्यता की पुरानी मांग अब कुछ अन्य मजबूत मांगों के साथ जुड़ गई है जैसे कि सड़कों की मरम्मत कौन करेगा, पर्यटन को कौन पुनर्जीवित करेगा, पीने के पानी की व्यवस्था कौन करेगा, स्कूलों और अस्पतालों में सुधार कौन करेगा, चाय बागानों में मजदूरी कौन बढ़ाएगा और कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन का प्रवाह कौन बनाए रखेगा?

नतीजतन पर्वतीय इलाकों में गोरखालैंड के सपने और उसे साकार करने की राजनीति के बीच टकराव के कारण वर्षों में सबसे जटिल चुनावी मुकाबला देखने को मिल रहा है।

एक स्तर पर यह चुनाव राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस - भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) गठबंधन और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच एक मुकाबला है।

तृणमूल समर्थित अनित थापा के नेतृत्व वाली बीजीपीएम मतदाताओं को यह समझाने की कोशिश कर रही है कि अंतहीन आंदोलनों का दौर समाप्त हो चुका है और अब पर्वतीय इलाकों को विकास की जरूरत है।

इसके उलट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर ’’स्थायी राजनीतिक समाधान’’ के भावनात्मक विचार में फिर जान डालने की कोशिश कर रही है और यह तर्क दे रही है कि सड़कें, कल्याण और पर्यटन परियोजनाएं गोरखा पहचान के अनसुलझे प्रश्न का विकल्प नहीं बन सकती हैं।
MAR 29, 2026 11:48 IST

लखीमपुर खीरी में वन विभाग ने तेंदुआ को पिंजरे में कैद किया

लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा बफर जोन में वन विभाग ने सिंगाही कोतवाली क्षेत्र के गांव में एक तेंदुए को सफलतापूर्वक पिंजरे में कैद कर लिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि तीन दिनों तक लगातार तलाशी, गश्त और नाइट-विजन कैमरों तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी करने के बाद वन विभाग ने शनिवार देर रात को तेंदुए को पकड़ने के लिए सिंहाउना गांव में पिंजरा रखा था।

बफर जोन के निघासन वन उप-मंडल के उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ) मनोज तिवारी ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’दुधवा के पशु चिकित्सक पकड़े गए तेंदुए को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बेलरायन रेंज मुख्यालय ले गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि तेंदुए को वन क्षेत्र में छोड़ने के संबंध में आगे की कार्रवाई सक्षम अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि माना जा रहा है कि यह वही तेंदुआ जिसने बुधवार रात को फूथा फार्म हाउस में सात साल की बच्ची सिमरन को मार डाला था। घटना के समय बच्ची घर के अंदर खाना खा रही थी।

इस घटना से बच्ची के परिवार और गांव वालों में भारी आक्रोश फैल गया था, जिन्होंने उस हिंसक तेंदुए को तुरंत पकड़ने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। हालांकि बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचीं दुधवा बफर जोन की उप-निदेशक कीर्ति चौधरी द्वारा तेंदुए को पकड़ने का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया।

तेंदुए का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए एसडीओ निघासन मनोज तिवारी के समन्वय में वन अधिकारियों की कई गश्ती और तलाशी टीम गठित की गई थी।
MAR 29, 2026 10:35 IST

नोएडा में बीटेक की छात्रा ने 28वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की

गौतम बुद्ध नगर जिले में बीटेक की एक छात्रा ने सेक्टर 24 थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी की 28वीं मंजिल से कूदकर रविवार सुबह कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकरी दी।

सेक्टर 24 के थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि सेक्टर 32 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली अर्पिता (21) ने 28 मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के मंडेरवा गांव की रहने वाली थी।

कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पंजाब के एक विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी और वह कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
MAR 29, 2026 10:35 IST

‘नो किंग्स' रैलियां: अमेरिका और यूरोप में ट्रंप की नीतियों व ईरान युद्ध के खिलाफ गूंजा विरोध

अमेरिका और यूरोप के इलाकों में शनिवार को ’नो किंग्स’ रैलियों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर ईरान युद्ध और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार्रवाइयों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

अमेरिका का मिनेसोटा प्रांत इस आंदोलन का मुख्य केंद्र बनकर उभरा, जहां हजारों लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए ट्रंप की सख्त आव्रजन नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई।

सेंट पॉल में कैपिटल लॉन में आयोजित मुख्य रैली में प्रसिद्ध गायक ब्रूस स्प्रिंगस्टीन भी शामिल हुए। ब्रूस और अन्य वक्ताओं ने भीषण सर्दी के बावजूद सड़कों पर उतरकर अमेरिकी आव्रजन एजेंसी की कार्रवाई का विरोध करने के लिए प्रांत के लोगों की सराहना की।
MAR 29, 2026 10:34 IST

प्रधानमंत्री मोदी पलक्कड और त्रिशूर में चुनाव प्रचार के लिए केरल का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के उद्देश्य से रविवार को केरल पहुंचेंगे और पलक्कड में एक रैली एवं त्रिशूर में एक रोड शो करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूत्रों ने बताया कि मोदी अपराह्न करीब ढाई बजे पलक्कड के फोर्ट मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे जिसमें हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्र के राजग उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री दिन में बाद में त्रिशूर जाएंगे जहां उनका एक विशाल रोड शो करने का कार्यक्रम है।

मोदी के त्रिशूर में कुट्टानेल्लुर के हेलीपैड पर उतरने पर केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और अन्य पार्टी नेता उनकी अगवानी करेंगे।

प्रधानमंत्री वहां से रोड शो करने के लिए स्वराज राउंड जाएंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर पलक्कड़ और त्रिशूर में यातायात संबंधी पाबंदियां लगायी गई हैं।
MAR 29, 2026 10:34 IST

दिल्ली की इमारत में लगी आग, पहली मंजिल से कूदने पर चार घायल

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में शनिवार देर रात एक इमारत में लगी आग से बचने के लिए पहली मंजिल से कूद जाने के कारण दो साल के बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि भूतल पर खड़े दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल में आग लगने के बाद छह मंजिला इमारत में धुआं भर गया और इमारत से आठ लोगों को बचाया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना भजनपुरा के पास चांद बाग इलाके के एफ ब्लॉक स्थित एक मकान में रात करीब ढाई बजे हुई। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले तीन महिलाएं और एक बच्चा इमारत की पहली मंजिल से कूद गए।

अधिकारी ने कहा, ’’उनकी पहचान निखत (22), रशीदा (50), सोनी (25) और आशिफ (दो) के रूप में की गई है। चारों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।’’
उन्होंने बताया कि दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे बच्चों समेत आठ अन्य निवासियों को बचा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, इमारत की संरचना के कारण उसमें तेजी से धुआं भर गया, जिससे निवासियों के लिए बाहर निकालना मुश्किल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, दमकल की कई इकाइयों को आग बुझाने के काम में लगाया गया और आग पर काबू पा लिया गया।
MAR 29, 2026 08:48 IST

इरबिल में ड्रोन हमले तेज, अमेरिकी ठिकाने निशाने पर

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच उत्तरी इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र की राजधानी इरबिल में शनिवार रात भर अमेरिकी वाणिज्य दूतावास एवं अन्य स्थानों को निशाना बनाकर कई ड्रोन हमले किए गए लेकिन उन्हें उनके लक्ष्य पर पहुंचने से पहले की रोक दिया गया।

मौके पर मौजूद ’एसोसिएटेड प्रेस’ के संवाददाताओं के अनुसार, पूरी रात तेज धमाके सुनाई देते रहे और कम से कम एक ड्रोन को अमेरिकी ठिकानों की ओर बढ़ते देखा गया।

इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों ने हाल के दिनों में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। इरबिल भी लगातार इन हमलों का निशाना बन रहा है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।

अमेरिका ने शनिवार को जारी एक बयान में ईरान समर्थित सशस्त्र समूहों के हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें "घृणित आतंकी हमले" बताया।
अमेरिका ने कहा कि इरबिल में कुर्द क्षेत्र के राष्ट्रपति नेचिरवान बरजानी के आवास को भी निशाना बनाया जाना "इराक की संप्रभुता, स्थिरता और एकता पर सीधा हमला" है।

इस हमले में संपत्ति को नुकसान पहुंचा, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के समय आवास खाली था।
MAR 29, 2026 08:48 IST

उत्तर कोरिया ने अमेरिकी मुख्यभूमि तक मार करने में सक्षम मिसाइल के इंजन का परीक्षण किया

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने उच्च शक्ति वाले ठोस ईंधन इंजन के परीक्षण का अवलोकन किया और इसे देश की सामरिक सैन्य क्षमता को बढ़ाने वाला घटनाक्रम बताया। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह परीक्षण संभवतः इस बात का संकेत है कि किम ऐसी मिसाइलों के जखीरे का विस्तार एवं आधुनिकीकरण करना चाहते हैं जो अमेरिका की मुख्यभूमि तक पहुंचने में सक्षम हो।

’कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के यह जानकारी देने से कुछ दिन पहले ही, किम जोंग उन ने संसद में अपने भाषण में कहा था कि वह उत्तर कोरिया को स्थायी तरीके से परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में स्थापित करेंगे और ’’सबसे बड़े दुश्मन’’ दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए रहेंगे।

किम ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए अमेरिका पर आतंकवाद और आक्रामकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।

केसीएनए के अनुसार, किम ने मिश्रित कार्बन फाइबर सामग्री से बनाए गए नए उन्नत इंजन का ’ग्राउंड जेट’ परीक्षण (इंजन का जमीन पर किया गया परीक्षण) देखा। एजेंसी ने बताया कि इंजन का अधिकतम थ्रस्ट 2,500 किलोटन है, जो सितंबर में इसी तरह के ठोस ईंधन इंजन के एक परीक्षण में बताये गये लगभग 1,971 किलोटन से अधिक है।
MAR 29, 2026 07:32 IST

पेंटागन जमीनी अभियानों की तैयारी कर रहा है; तेहरान ने क्षेत्र में अमेरिकी विश्वविद्यालयों को धमकी दी

वॉशिंगटन पोस्ट ने शनिवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि पेंटागन ईरान में हफ्तों तक चलने वाले जमीनी ऑपरेशन्स की तैयारी कर रहा है। पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इन योजनाओं में स्पेशल ऑपरेशन्स और पारंपरिक इन्फैंट्री सैनिकों द्वारा छापे मारना शामिल हो सकता है। पोस्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इनमें से किसी भी योजना को मंजूरी देंगे या नहीं, यह अभी भी अनिश्चित है।

ईरान में युद्ध के पांचवें हफ्ते में पहुंचने के साथ ही, ट्रंप प्रशासन ने मध्य पूर्व में अमेरिकी मरीन तैनात कर दिए हैं, और साथ ही अमेरिकी सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के हजारों सैनिकों को भी इस क्षेत्र में भेजने की योजना बना रहा है।

ईरान समर्थित हूथी विद्रोहियों के युद्ध में शामिल होने के एक दिन बाद, रविवार तड़के इजरायल की सेना ने बताया कि वह यमन से दागी गई एक मिसाइल को रोक रही है।

सेना ने एक बयान में कहा, 'इजरायल की सेना ने यमन से इजरायली क्षेत्र की ओर दागी गई एक मिसाइल का पता लगाया है; हवाई रक्षा प्रणालियाँ इस खतरे को रोकने के लिए काम कर रही हैं।' 'जनता से अनुरोध है कि वे होम फ्रंट कमांड के रक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें।'

दूसरी ओर, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने शनिवार को धमकी दी कि वह मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी विश्वविद्यालयों को निशाना बनाएगा; यह धमकी उसने तब दी जब उसने कहा कि अमेरिका-इजरायल के हमलों में दो ईरानी विश्वविद्यालय नष्ट हो गए हैं।

एक बयान में, IRGC ने मांग की कि अमेरिका सोमवार को स्थानीय समय अनुसार दोपहर तक विश्वविद्यालयों पर हुई बमबारी की निंदा करे।
MAR 29, 2026 07:30 IST

ईरानी संस्थानों पर हमलों के बाद, IRGC ने पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी और इजरायली विश्वविद्यालयों को 'वैध लक्ष्य' होने की चेतावनी दी

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रविवार को एक कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पश्चिमी एशिया क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी और इजरायली विश्वविद्यालयों को, ईरानी शैक्षणिक संस्थानों और विरासत से जुड़े बुनियादी ढांचे पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बदले में, वैध लक्ष्य माना जा सकता है।

ईरानी सरकारी मीडिया 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) द्वारा टेलीग्राम पर प्रसारित एक बयान में, IRGC ने ईरानी विश्वविद्यालयों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा की। इन हमलों में उसने तेहरान स्थित 'यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी' पर की गई बमबारी का भी जिक्र किया, और अमेरिकी-इजरायली सेनाओं पर ईरानी शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

बयान में चेतावनी दी गई कि पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल से जुड़ी सभी यूनिवर्सिटी वैध निशाने हैं, जब तक कि कुछ खास शर्तें पूरी नहीं हो जातीं।

IRGC ने इस क्षेत्र में अमेरिकी और इजरायली यूनिवर्सिटी कैंपस के पास रहने वाले कर्मचारियों, फैकल्टी, छात्रों और निवासियों से भी आग्रह किया कि वे अपनी सुरक्षा के लिए कम से कम एक किलोमीटर दूर रहें। साथ ही, यह भी मांग की कि अगर अमेरिकी सरकार चाहती है कि उन संस्थानों को जवाबी कार्रवाई से बख्श दिया जाए, तो वह सोमवार, 30 मार्च (तेहरान के समय के अनुसार) दोपहर तक ईरानी यूनिवर्सिटी पर हुई बमबारी की आधिकारिक तौर पर निंदा करे।
MAR 29, 2026 07:28 IST

3,500 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक मध्य-पूर्व में उतरे, पेंटागन ईरान में जमीनी कार्रवाई की तैयारी में जुटा

ईरान के साथ संघर्ष तेज होने के बीच, अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है और 3,500 से ज्यादा सैनिक तैनात किए गए हैं। U.S. सेंट्रल कमांड के मुताबिक, USS Tripoli, जिसमें करीब 2,500 मरीन सवार हैं, अब अपने ऑपरेशनल जोन में पहुंच चुका है। इस बीच, पेंटागन ईरान में हफ्तों तक चलने वाल ज़मीनी ऑपरेशन्स की तैयारी कर रहा है। हालांकि, U.S. अधिकारियों के हवाले से The Washington Post की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह अभी भी साफ नहीं है कि डोनाल्ड ट्रंप जमीनी सैनिकों की तैनाती को मंजूरी देंगे या नहीं।
MAR 29, 2026 07:26 IST

दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के 20 प्रतिशत पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित

दिल्ली पुलिस अपने कांस्टेबल के 20 प्रतिशत पदों को पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रखेगी और उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट देगी। इसके अलावा उन्हें अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी। गृह मंत्रालय ने अधिसूचना में यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस (नियुक्ति और भर्ती) नियम, 1980 में किए गए संशोधनों के तहत यह कदम उठाया गया है, जिसे शुक्रवार को अधिसूचित किया गया।

यह संशोधन केंद्र की उस व्यापक योजना के अनुरूप बल की भर्ती नीति को औपचारिक रूप देता है जिसके तहत अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सुरक्षा बलों में शामिल किया जाएगा।
लिखित परीक्षा और शारीरिक माप सहित भर्ती परीक्षणों के संचालन के लिए विस्तृत प्रक्रियाएं पुलिस आयुक्त द्वारा अलग से जारी की जाएंगी।

अधिसूचना के अनुसार, पूर्व अग्निवीरों को कांस्टेबल (कार्यकारी) पद पर भर्ती के लिए निर्धारित अधिकतम उम्र सीमा में तीन वर्ष की छूट मिलेगी और यह वर्तमान में 18-25 वर्ष है।

इसके अतिरिक्त, अग्निवीर योजना के पहले बैच के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी, जिससे उनके लिए अधिकतम उम्र सीमा बढ़कर 30 वर्ष हो जाएगी।
MAR 29, 2026 07:26 IST

सरकारी कर्मचारी की इलाज के दौरान मृत्यु होने पर कानूनी वारिस प्रतिपूर्ति का दावा कर सकते हैं: इलाहाबाद उच्च न्यायालय

इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने शनिवार को कहा कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी की इलाज के दौरान मृत्यु हो जाती है या वह चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति का दावा करने में असमर्थ हो जाता है, तो उसके कानूनी उत्तराधिकारी भी प्रतिपूर्ति का दावा कर सकते हैं।

न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय की पीठ ने चंद्रचूड़ सिंह की याचिका पर यह फैसला सुनाया।

याचिकाकर्ता के पिता सेवानिवृत्त डिप्टी रजिस्ट्रार थे। उनका इलाज लखनऊ के निजी अस्पतालों में कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। याचिकाकर्ता ने चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन किया, लेकिन विभाग ने यह कहते हुए दावा खारिज कर दिया कि नियमों के तहत केवल ’’लाभार्थी’’ ही दावा कर सकता है।

राज्य सरकार ने दलील दी कि उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (चिकित्सा उपस्थिति) नियम, 2011 के तहत दावा केवल लाभार्थी द्वारा ही किया जा सकता है और याची इस श्रेणी में नहीं आता। इसमें याचिकाकर्ता द्वारा प्रस्तुत उत्तराधिकार प्रमाण पत्र में निर्धारित 5,000 रुपये की सीमा का भी हवाला दिया गया।

अदालत ने इस तर्क को अस्वीकार करते हुए कहा कि नियम-16 की यह व्यवस्था मनमानी है और संविधान के अनुच्छेद-14 का उल्लंघन करती है। अदालत ने कहा कि यदि किसी लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है या वह दावा करने में अक्षम हो जाता है, तो उसके कानूनी वारिसों को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

अदालत ने "रीडिंग डाउन" के सिद्धांत को लागू करते हुए निर्देश दिया कि नियम-16 की व्याख्या इस प्रकार की जाए कि उसमें कानूनी वारिसों को भी शामिल माना जाए, विशेषकर तब जब कोई अन्य पात्र लाभार्थी मौजूद न हो।
MAR 29, 2026 07:25 IST

झारखंड: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में छह लोगों को उम्रकैद की सजा

झारखंड के लातेहार जिले की एक अदालत ने एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में छह लोगों को शनिवार को उम्रकैद की सजा सुनाई।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) सह विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) संजय कुमार दुबे की अदालत ने करीमन गंझू (38), मुकेश गंझू (27), सुरेश गंझू (29), पिंटू गंझू (25), बीरेंद्र गंझू (23) और रोहित गंझू (25) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

अदालत ने उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 376डी (सामूहिक दुष्कर्म के लिए सजा) के तहत दोषी पाया और उन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना न भरने की स्थिति में उन्हें दो साल की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।

इसके अलावा, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 6 (यौन उत्पीड़न के लिए दंड) के तहत, अदालत ने उन्हें 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई और प्रत्येक पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना न भरने की स्थिति में, उन्हें एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

सभी सजा एक साथ चलेगी। यह घटना 10 मई 2022 की है।
MAR 29, 2026 07:25 IST

धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस कमाई

'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने अपने 10वें दिन शानदार ग्रोथ दिखाई और बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। शुक्रवार की कमाई के मुकाबले फिल्म की कमाई में 50% का उछाल देखने को मिला, जिससे दर्शकों की जबरदस्त दिलचस्पी का पता चलता है; अब इसकी दुनिया भर की कुल कमाई 1,200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, राकेश बेदी, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह भारत में 1,000 करोड़ रुपये की नेट कमाई के आंकड़े के करीब पहुंचने वाली सबसे तेज बॉलीवुड फिल्मों में से एक बन गई है, और उम्मीद है कि दूसरे वीकेंड में भी बॉक्स ऑफिस पर इसकी यह जोरदार रफ्तार जारी रहेगी।