LIVEआज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 29 अप्रैल 2024 : लाल सागर में कंटेनर पर मिसाइल हमला, सत्ता में आने पर कांग्रेस जाति और आर्थिक सर्वेक्षण कराएगी

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 29 अप्रैल 2024 : लाल सागर में कंटेनर पर मिसाइल हमला, सत्ता में आने पर कांग्रेस जाति और आर्थिक सर्वेक्षण कराएगी
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 29 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में सोमवार को एक कंटेनर पोत को निशाना बनाकर कथित रूप से मिसाइल से हमला किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस अहम समुद्री मार्ग पर अंतरराष्ट्रीय पोतों के खिलाफ उनके अभियान की कड़ी में नया हमला है। ब्रिटेन की सेना की ‘यूनाइटेड किंगडम मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर’ ने कहा कि यह हमला यमन में मोखा के अपतटीय क्षेत्र में हुआ। इसके अलावा उसने और कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह दलितों, आदिवासियों, सामान्य श्रेणी के गरीबों तथा ओबीसी की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर पूरे देश में जाति और आर्थिक सर्वेक्षण कराएगी। उत्तर गुजरात के पाटण शहर में पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार चंदनजी ठाकोर के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक सघ (आरएसएस) की सत्ता में आने के बाद संविधान को बदलने की योजना है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के सभी अपडेट्स...
HP Board 12th Result 2024 Today
श्रीनगर में पांच प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर लोकसभा सीट से पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे 13 मई को होने वाले चुनाव के लिए 24 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "लोकसभा चुनाव-2024 के लिए श्रीनगर लोकसभा सीट से नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख पर पांच प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली।"
गुवाहाटी में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में अमित शाह ने किया रोड शो
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में यहां सोमवार को एक रोड शो किया। लोकसभा चुनाव के तहत असम में तीन चरणों में मतदान हो रहा है। तिनसुकिया और सिलचर के बाद, शाह का यह तीसरा रोड शो था। इसतरह, उन्होंने तीनों चरणों के मतदान के लिए एक-एक रोड शो किये हैं। शाह यहां शाम में पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच फतासिल अंबारी इलाके की साइकिल फैक्टरी से करीब 2.5 किलोमीटर तक रोड शो किया, जो लालगणेश में संपन्न हुआ।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई, जिसमें पश्चिम बंगाल की छह सीटें भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। छठे चरण के तहत 25 मई को मतदान होगा। अधिकारी ने बताया कि इस चरण में तामलुक, कांथी, घाटल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और बिष्णुपुर में मतदान होगा।
लाल सागर में कंटेनर पर मिसाइल हमला
यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में सोमवार को एक जहाज को निशाना बनाकर कथित रूप से मिसाइल से हमला किया। अधिकारियों ने यह सोमवार को जानकारी दी। ब्रिटेन की सेना की ‘यूनाइटेड किंगडम मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर’ (यूकेएमटीओ) ने कहा कि यह हमला यमन में मोखा के अपतटीय क्षेत्र में हुआ। उसने क्षेत्र से गुज़रने के दौरान पोतों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया।
बसपा की सूची जारी
बसपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशियों की दसवीं सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अमेठी में अपने मौजूदा प्रत्याशी रवि प्रकाश मौर्य को बदल दिया है। अब नन्हें सिंह चौहान को यहां से टिकट दिया गया है। बसपा ने प्रतापगढ़ से प्रथमेश मिश्रा और झांसी से रवि प्रकाश कुशवाहा को मैदान में उतारा है।
पतंजलि के 14 प्रोडक्ट्स पर लगा बैन
Patanjali Products Ban: बाबा रामदेव की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही है। सुप्रीम कोर्ट से लगातार फटकार खा रहे बाबा रामदवे की पतंजलि के 14 प्रोडक्ट्स पर अब बैन लग गया है। उत्तराखंड सरकार ने पतंजलि के इन प्रोडक्ट्स पर बैन लगाया है।
पश्चिमी केन्या में एक बांध के टूटने से कम से कम 45 लोगों की मौत
फ्रीकी देश केन्या के पश्चिमी इलाके में सोमवार को सुबह एक बांध के टूटने के कारण कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई है। केन्या के गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, बांध का पानी आस-पास के इलाके में स्थित लोगों के घरों में घुस गया और पानी के बहाव के परिणामस्वरूप एक प्रमुख सड़क से संपर्क कट गया। पुलिस अधिकारी स्टीफन किरुई ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि यह घटना सोमवार की सुबह ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र के माई माहिउ इलाके में स्थित 'ओल्ड किजाबे बांध' के ढहने के बाद हुई। ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र में अचानक बाढ़ आने का खतरा बना रहता है। बांध टूटने के बाद पानी नीचे की ओर बहने लगा।
जजपा के हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल
जननायक जनता पार्टी (जजपा) की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष निशान सिंह सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने हाल में जजपा से इस्तीफा दे दिया था। जजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव रमेश गोदारा और एक अन्य नेता राहुल मक्कड़ भी कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया और कहा कि पार्टी को विभिन्न वर्गों से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस हरियाणा में अगली सरकार बनाएगी।
दिल्ली की अदालत में केजरीवाल, आतिशी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दायर
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री आतिशी के खिलाफ सोमवार को यहां एक अदालत में आपराधिक शिकायत दायर कर उन पर भाजपा और पार्टी के सदस्यों की मानहानि का आरोप लगाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तान्या बामनियाल के समक्ष शिकायत दर्ज की। न्यायाधीश ने मामले को चार मई को समन-पूर्व साक्ष्य दर्ज करने के लिए सूचीबद्ध किया।
प्रज्वल रेवन्ना को जद (एस) से निलंबित करने का फैसला किया गया : कुमारस्वामी
जनता दल सेक्युलर के नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने सोमवार को कहा कि पार्टी ने कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोपों का सामना कर रहे प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित करने का फैसला किया है। कुमारस्वामी के भतीजे प्रज्वल रेवन्ना हासन से सांसद हैं और इसी सीट से लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार हैं।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया
केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता राव के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव के कार्यालय गए। राव गुरुग्राम लोकसभा सीट का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
अमित शाह के ‘फर्जी वीडियो' मामले में नोटिस से डरूंगा नहीं : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कें द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘फर्जी वीडियो’ के संबंध में दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें जांच के लिए नोटिस जारी किए जाने से वह डरने वाले नहीं हैं। पड़ोसी राज्य कर्नाटक के सेडम में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित करते हुए रेड्डी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब तक चुनाव जीतने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करते रहे हैं और अब वह दिल्ली पुलिस का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कथित ‘सेक्स स्कैंडल' को लेकर प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह पर निशाना साधा
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कथित ‘सेक्स स्कैंडल’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर सोमवार को निशाना साधा और कहा कि इस मामले में आरोपी सांसद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करके देश छोड़ने में कैसे कामयाब हो पाये? कलबुर्गी जिले के सेडम शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वाद्रा ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों को बचा रहे हैं।
मुंबई में लोकल ट्रेन की बोगी पटरी से उतरी
मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की हार्बर लाइन पर सोमवार को एक लोकल ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे तीन घंटे से अधिक समय तक रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। मध्य रेलवे के प्रवक्ता स्वप्निल नीला ने बताया कि हालांकि, घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
×तटरक्षक बल ने भारतीय नौका से 173 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया
तटरक्षक बल ने गुजरात अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका से 173 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है और उसमें सवार चालक दल के दो सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। तटरक्षक बल ने अहमदाबाद में जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि बल और गुजरात के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने रविवार दोपहर संयुक्त अभियान में समुद्र से मछली पकड़ने वाली एक नौका को पकड़ा। इससे एक दिन पहले तटरक्षक बल ने एटीएस और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के साथ मिलकर एक पाकिस्तानी नौका से 600 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की थी। पाकिस्तानी नौका पर 14 लोग सवार थे।
कांग्रेस नेता शरणकुमार मोदी के खिलाफ ‘रिश्वत' का मामला दर्ज : निर्वाचन आयोग
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बताया कि कांग्रेस नेता और पूर्व महापौर शरणकुमार मोदी और तीन अन्य के खिलाफ रिश्वत के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आयोग के मुताबिक यह कदम उनके पास से 1.99 करोड़ रुपये की नकदी बरामद होने के बाद उठाया गया।
प्रधानमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश प्रर्व पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को नौवें सिख गुरु तेग बहादुर को उनके प्रकाश प्रर्व के मौके पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका जीवन एक मार्गदर्शक की तरह कार्य करता है, जो धार्मिकता एवं भक्ति के मार्ग को रोशन करता है। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं श्री गुरु तेग बहादुर जी को उनके प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर नमन करता हूं। उन्हें दुनिया भर में लाखों लोगों द्वारा साहस, करुणा और निस्वार्थता के अवतार के रूप में याद किया जाता है। उनका जीवन एक मार्गदर्शक प्रकाश के रूप में कार्य करता है, जो धार्मिकता और भक्ति के मार्ग को रोशन करता है।’’
उत्तराखंड के जंगलों की आग बुझाने के लिए सेना की मदद ले रहे: मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि उत्तराखंड के जंगलों में भड़की आग बुझाने के लिए सेना की मदद ले रहे हैं और आग पर काफी हद तक काबू पाने की दिशा में हम लोग बढ़ रहे हैं। यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नामांकन में शामिल होने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने 'पीटीआई-भाषा' से एक विशेष बातचीत के दौरान कहा कि ''तीन दिनों से लगातार बैठक कर रहा हूं। आग पर काफी हद तक नियंत्रण की तरफ हम लोग बढ़ रहे हैं। कई जिलों में आग पर काबू पा लिया गया है।''
कांग्रेस ने सबसे अधिक बार संविधान में संशोधन किया- बीजेपी
दलितों और अन्य वंचित हिंदू समूहों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ गुमराह करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को दावा किया कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मुसलमानों को धार्मिक आधार पर आरक्षण देने के लिए संविधान को बदलना चाहते हैं।
आईएमडी ने केरल के पलक्कड़ के लिए ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भीषण गर्मी के अंदेशे के मद्देनजर केरल के पलक्कड़ जिले के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने कहा कि मौसम एजेंसी ने चिलचिलाती और भीषण गर्मी के अंदेशे के मद्देनजर कोल्लम और त्रिशूर जिलों के कुछ इलाकों के लिए भी ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।