LIVE

आज की ताजा खबर: दिग्गज फोटोग्राफर रघु राय का निधन, दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान भरते फेल हुआ जहाज का इंजन, मन की बात में PM ने की खास अपील

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध, ट्रंप, अमेरिका फायरिंग, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: गुजरात में स्थानीय और नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान होगा। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय टक्कर है,जबकि एआईएमआईएम भी मुकाबले को बहुकोणीय बनाने में जुटी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपनी एक बड़ी टीम के साथ पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में थे। पाकिस्तान दोनों देशों के बीच बिचौलिया यानी मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाला था। लेकिन, ईरान का डेलिगेशन बिना अमेरिकी प्रतिनिधित्व के इस्लामाबाद में आए हुए ही पाकिस्तान से चले गए।
वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम के दौरान गोलियों की आवाज सुनाई दी। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल होने वाले थे।
आज की ताजा खबर: दिग्गज फोटोग्राफर रघु राय का निधन, दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान भरते फेल हुआ जहाज का इंजन, मन की बात में PM ने की खास अपील
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: गुजरात में स्थानीय और नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान होगा।इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय टक्कर है,जबकि एआईएमआईएम भी मुकाबले को बहुकोणीय बनाने में जुटी है। ईरान और अमेरिका के बीच जंग और तनाव के बीच शनिवार को नई उम्मीद की किरण दिखी थी. लेकिन अब वह उम्मीद टूट गई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपनी एक बड़ी टीम के साथ पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में थे। पाकिस्तान दोनों देशों के बीच बिचौलिया यानी मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाला था. लेकिन, ईरान का डेलिगेशन बिना अमेरिकी प्रतिनिधित्व के इस्लामाबाद में आए हुए ही पाकिस्तान से चले गए।

वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम के दौरान गोलियों की आवाज सुनाई दी। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल होने वाले थे। जैसे ही बॉलरूम के ठीक ऊपर वाले कमरे में फायरिंग की आवाजें आई, सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप को मंच से सुरक्षित बाहर निकाला।
Apr 26, 2026 | 11:25 PM IST

रात्रिभोज में घुसने की कोशिश करने वाले आरोपी के निशाने पर थे प्रशासनिक अधिकारी : ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि व्हाइट हाउस संवाददाता संघ (डब्ल्यूएचसीए) के रात्रिभोज में हथियारों के साथ घुसने की कोशिश करने वाला आरोपी ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था और उसके परिवार ने पहले ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष इसे लेकर चिंता जताई थी।

’फॉक्स न्यूज चैनल’ को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने बताया कि आरोपी के परिवार ने कनेक्टिकट पुलिस को पहले ही सचेत किया था। यह घटना शनिवार रात वाशिंगटन के प्रतिष्ठित वार्षिक समारोह के दौरान हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे सोमवार को अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।

न्याय विभाग के कार्यवाहक प्रमुख टोड ब्लैंच ने बताया कि आरोपी ट्रेन से कैलिफोर्निया से वाशिंगटन आया था और कार्यक्रम से कुछ दिन पहले ही उस होटल में ठहरा था, जहां यह समारोह आयोजित किया गया था।
Apr 26, 2026 | 11:24 PM IST

राजस्थान : एजीटीएफ ने दो कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस के गैंगस्टर विरोधी कार्य बल (एजीटीएफ) ने संगठित अपराध से जुड़े दो कथित कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान चुरू जिला निवासी कृष्णा सिंह (31) और कुचामन-डीडवाना निवासी लक्ष्मण सिंह (34) के रूप में हुई है। दोनों को जयपुर के करधनी क्षेत्र से पकड़ा गया।

एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विकास कुमार ने बताया कि कृष्णा सिंह पिछले तीन वर्षों से फरार था और 2023 में सुजानगढ़ स्थित आभूषणों की दुकान में हुई गोलीबारी की घटना में संलिप्त था। उसके गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े होने और रंगदारी वसूली गतिविधियों में शामिल होने की भी आशंका है।

कुमार ने बताया कि लक्ष्मण सिंह पर लगभग 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, झपटमारी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वह कई थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहा था।
Apr 26, 2026 | 11:24 PM IST

तृणमूल को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह: नड्डा

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ’महाजंगल राज’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में तृणमूल सरकार को हटाने के लिए लोगों में ’जबरदस्त उत्साह’ है। भातर में एक रोड शो के दौरान ’पीटीआई-वीडियो’ से बात करते हुए नड्डा ने कहा, ’’आपको ममता दीदी की सरकार को उखाड़ फेंकने और भाजपा को सत्ता में लाने के लिए लोगों के बीच उत्साह, उमंग और इच्छा नजर आ सकती है।’’

उन्होंने कहा, ’’लोग इस ’महाजंगल राज’ को अलविदा कहना चाहते हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि रोडशो के दौरान सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की प्रबल इच्छा को दर्शाती है।
Apr 26, 2026 | 11:22 PM IST

भाजपा महिला सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर अपना हमला तेज करते हुए उस पर अराजकता की संस्कृति को बढ़ावा देने, महिलाओं की सुरक्षा करने में विफल रहने और प्रशासन चलाने के लिए आपराधिक तत्वों पर निर्भर रहने का आरोप लगाया, साथ ही विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा के सत्ता में आने पर व्यापक बदलावों का वादा किया।

राज्य चुनावों के लिए प्रचार के अंतिम दिन से एक दिन पहले उत्तर 24 परगना और हुगली जिलों में रैलियों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर "महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले गुंडों को पनाह देने" का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा द्वारा संदेशखलि की रेखा पात्रा और आर जी कर अस्पताल की पीड़िता की मां को चुनाव में टिकट देना महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
Apr 26, 2026 | 11:13 PM IST

शिवाजी महाराज पर टिप्पणी को लेकर बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी

महाराष्ट्र में विरोध के बीच बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज पर अपनी टिप्पणी को लेकर रविवार को "गहरा खेद" जताते हुए कहा कि उनके बयान को सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान शास्त्री के उस कथित बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि शिवाजी महाराज युद्ध से थककर अपनी जिम्मेदारियां छोड़ना चाहते थे और अपने ’गुरु’ समर्थ रामदास के पास मुकुट लेकर पहुंचे थे।

नागपुर में रविवार को संवाददाता सम्मेलन में शास्त्री ने कहा कि शिवाजी महाराज के बारे में उनकी बातों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। आध्यात्मिक उपदेशक ने कहा कि उन पर शिवाजी महाराज का अपमान करने के आरोप से उन्हें पीड़ा हुई है।
Apr 26, 2026 | 11:09 PM IST

व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी मामला: संदिग्ध के कथित घोषणापत्र में बड़े दावे

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध कोल एलन के कथित घोषणापत्र में कई गंभीर दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने ट्रंप प्रशासन से जुड़े लोगों को निशाना बनाने की बात लिखी थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
Apr 26, 2026 | 10:44 PM IST

मतदाता सूची से बाहर हुए मतदाताओं से तृणमूल को समर्थन देने की केजरीवाल की अपील

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा एवं निर्वाचन आयोग की साजिश के कारण विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद के तहत पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से 90 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए।

उन्होंने दावा किया कि यह उनके नागरिकता दस्तावेजों को निशाना बनाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा था। यहां रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विधानसभा चुनावों के लिए 3.5 लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात करके राज्य की जनता का "अपमान" करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने उन लोगों से तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की जिनके नाम कथित तौर पर मतदाता सूची से हटा दिए गए थे।
Apr 26, 2026 | 10:39 PM IST

भुवनेश्वर में एमबीए छात्रा से बलात्कार के आरोप में किराना दुकानदार गिरफ्तार

ओडिशा के भुवनेश्वर में पुलिस ने एक किराना दुकानदार को एक एमबीए छात्रा के साथ उसके किराए के मकान में बलात्कार करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात को उस समय हुई थी जब पीड़िता, अपने किराए के मकान में अकेली थी और उसके साथ रहने वाली उसकी साथी 24 अप्रैल को बाहर गई हुई थी।

पुलिस के अनुसार पीड़िता छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली है और वह एमबीए की द्वितीय वर्ष की छात्रा है। इसने बताया कि लगभग 20 वर्ष की छात्रा पास की दुकान से कुछ किराने का सामान लेने गई थी, जिसके लिए आरोपी उसके घर आया और उसे अकेला पाकर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया।
Apr 26, 2026 | 10:39 PM IST

बंगाल में भाजपा सत्ता में आने पर मवेशी तस्करी रोकने के लिए एक दस्ते का गठन करेगी : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो वह राज्य में ’’गुंडा राज’’ और ’’सिंडिकेट राज’’ का अंत करेगी।
नदिया जिले के तेहट्टा और राणाघाट में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने आतंकवाद
के प्रति नरम रुख अपनाया, और दावा किया कि उनके शासनकाल में "आतंकवादियों को बिरयानी परोसी गई थी।"

राणाघाट में शाह ने आरोप लगाया कि मवेशियों की तस्करी का अधिकांश हिस्सा नदिया जिले से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा, "इस जिले में मवेशियों की तस्करी सबसे अधिक होती है। यह इस तरह से हो रही है कि ममता बनर्जी को अपने पाप धोने में 71 साल लग जाएंगे। पश्चिम बंगाल में सरकार बनने के बाद, हम इस समस्या को रोकने के लिए एक विशेष दस्ते का गठन करेंगे।"

शाह ने कहा, ’’कांग्रेस और ममता बनर्जी की सरकारों के दौरान आतंकवादियों को बिरयानी खिलाई जा रही थी। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने आतंकी हमलों का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दिया।’’
Apr 26, 2026 | 10:37 PM IST

गोरखपुर में बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 45 मिनट के अंदर कराया मुक्त

गोरखपुर के गगहा इलाके में कुछ बदमाशों ने कथित रूप से एक तेज रफ़्तार कार से एक महिला को टक्कर मारने के बाद उसके डेढ़ साल के बच्चे का अपहरण कर लिया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को इस घटना के 45 मिनट के अंदर उसे सुरक्षित मुक्त करा लिया गया एवं दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

सूत्रों के अनुसार गजपुर गांव के राम आशीष यादव की पत्नी सुमन अपने बीमार बेटे अयांश के लिए दवा लेने पास के चौराहे पर गई थी तथा जब दोनों घर लौट रहे थे तब एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे वे सड़क पर गिर गए।
Apr 26, 2026 | 09:36 PM IST

रूस में पुतिन से मिलेंगे ईरान के विदेश मंत्री आराघची

रूस दौरे के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आराघची की राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात होगी। रूस में ईरान के राजदूत ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
Apr 26, 2026 | 06:59 PM IST

<b>कर्नाटक के उडुपी में सिटी बस स्टैंड के पास स्थित खादर कमर्शियल बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।</b>

Apr 26, 2026 | 06:54 PM IST

बुलंदशहर में विवाद के बाद तीन युवकों की गोली मारकर हत्या, तीन लोग गिरफ्तार

बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में कहासुनी के दौरान तीन युवकों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शनिवार देर रात खुर्जा नगर क्षेत्र के सुभाष रोड पर एक स्कूल के पास आपसी कहासुनी में तीन लोगों को गोली मार दी गई। जैन ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) के रूप में हुई है।
Apr 26, 2026 | 06:40 PM IST

बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले हावड़ा और हारोआ में पार्टी समर्थकों के बीच झड़प

पश्चिम बंगाल के हावड़ा और हारोआ क्षेत्रों में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। हावड़ा शहर में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच उत्तर हावड़ा से भाजपा उम्मीदवार उमेश राय के रोड शो के दौरान नारे लगाने को लेकर झड़पें हुईं।

जी. टी. रोड पर स्थित तृणमूल के चुनाव कार्यालय के नजदीक से होकर जब रोड शो गुजरा तो तृणमूल समर्थकों ने अपना चुनावी नारा ’जय बांग्ला’ लगाया, जिसका भाजपा समर्थकों ने "जय श्री राम" के नारे लगाकर जवाब दिया।
Apr 26, 2026 | 06:40 PM IST

असम: सड़क दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत

गुवाहाटी के मठघरिया इलाके में रविवार तड़के एक कार खड़े ट्रक से टकराने के बाद सड़क डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसमें सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।

अधिकारी के अनुसार, कार धीमाजी के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, जिसे उसने एक ट्रैवल एजेंसी को किराये पर दिया था। उन्होंने कहा, ’’हम चालक की तलाश कर रहे हैं।’’
Apr 26, 2026 | 06:39 PM IST

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी

उत्तर प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है लेकिन अगले दो-तीन दिन में मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल तक लगातार गर्मी रहने की चेतावनी दी है और 28 अप्रैल से बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने एवं गरज के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है।

विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कई जगहों पर भीषण तपिश और लू की स्थिति देखी गई। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि रविवार कुछ जगहों पर रात भी गर्म रहने की भी उम्मीद है और सोमवार को भी कुछ इलाकों में लू जारी रहने की आशंका है।

विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ और बलिया जैसे जिलों तथा पश्चिमी हिस्सों के लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, झांसी और आसपास के इलाकों में इस दौरान लू की स्थिति रहने की उम्मीद है।
Apr 26, 2026 | 06:39 PM IST

आप ने सात सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध राज्यसभा सभापति से किया

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने रविवार को राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन को एक पत्र भेजकर उच्च सदन के उन सात सांसदों को अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया है, जिन्होंने हाल ही में ’आप’ छोड़कर भाजपा में विलय की घोषणा की है।

सिंह ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्यसभा के सात सदस्यों द्वारा उठाया गया कदम दल-बदल के समान है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पार्टी इस मामले में कानूनी कदम उठाएगी।

’आप’ ने पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध राज्यसभा सभापति से किया है और दावा किया है कि वे (सांसद) आप की टिकट पर उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला किया।
’आप’ को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़ दी तथा भाजपा में शामिल हो गए। इन सांसदों ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से भटक गई है।
Apr 26, 2026 | 06:38 PM IST

ममता ने कोलकाता के भवानीपुर में पदयात्रा कर लोगों से बातचीत की

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को दक्षिण कोलकाता स्थित अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में हजारों पार्टी समर्थकों के साथ पदयात्रा का नेतृत्व किया। राज्य में दूसरे चरण के चुनाव के लिये प्रचार अब अपने अंतिम दौर में है।

’जोतोई कोरो हमला आबार जीतबे बांग्ला’ (चाहे आप कितना भी हमला करें, बंगाल की जीत होगी) गीत की धुन के बीच, बनर्जी ने लैंसडाउन क्रॉसिंग से कालीघाट फायर सर्विसेज स्टेशन तक एक किलोमीटर के क्षेत्र में लोगों से संवाद भी किया।
Apr 26, 2026 | 05:34 PM IST

दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय में जल्द ही महात्मा गांधी और वाजपेयी के जीवंत ‘एआई अवतार' नजर आएंगे

दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय में आने वाले आगंतुक जल्द ही महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के एआई से बने ’’अति-यथार्थवादी 3डी अवतारों’’ के साथ संवाद कर सकेंगे। इन दोनों प्रख्यात नेताओं को उनके एआई अवतारों में लाने की परियोजना ’’अंतिम चरण’’ में है, और यह पिछले सितंबर में सरदार वल्लभभाई पटेल पर पहली एआई-संचालित संवादपरक प्रदर्शनी की शुरुआत को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद शुरू की गई है।

प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) के निदेशक अश्विनी लोहानी ने ’पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ’’हम संग्रहालय में आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का व्यापक उपयोग करने पर काम कर रहे हैं। हमने सरदार पटेल के आदमकद ’एआई-संचालित होलोबॉक्स’ से शुरुआत की, और फिर पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम के एआई-संचालित होलोबॉक्स को पेश किया गया। जल्द ही, हम गांधी जी और अटल जी के भी इसी तरह के एआई अवतार पेश करेंगे।’’
Apr 26, 2026 | 05:34 PM IST

संत कबीर नगर में ब्रिटिश मूल के मौलाना के अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर

संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद कस्बे की मीट मंडी में ब्रिटिश मूल के मौलाना शमशुल हुदा के मदरसे पर रविवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मदरसे को आज ही ध्वस्त कर दिया जाएगा।

उप जिलाधिकारी (एसडीएम) हृदय राम तिवारी ने बताया कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की जा रही है क्योंकि मदरसे की जमीन सरकारी भूमि पर थी और उसका नक्शा भी स्वीकृत नहीं था।
Apr 26, 2026 | 05:33 PM IST

चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने बंगाल में मतुआ संप्रदाय के मुख्य मंदिर में प्रार्थना की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के ठाकुरनगर में चुनावी रैली से पहले मतुआ महासंघ के मुख्य मंदिर ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना की।मतुआ समुदाय के गढ़ में उनकी यात्रा को इस समुदाय के मतदाताओं तक पहुंचने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

मतुआ मतदाता कम से कम 34 विधानसभा सीटों और बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित दो दर्जन अन्य सीटों को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं। ठाकुरबाड़ी में इस संप्रदाय के संस्थापकों हरिचंद और गुरुचंद ठाकुर के मंदिर स्थित हैं।
Apr 26, 2026 | 04:43 PM IST

<b> उत्तराखंड के हरिद्वार के एक कारखाने में आग लग गई। दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का काम कर रही हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।</b>

Apr 26, 2026 | 04:24 PM IST

धौलपुर में बड़ा हादसा, पार्वती नदी में डूबे बच्चे

राजस्थान के धौलपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पार्वती नदी में नहाने गए बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया, जिसमें तीन मासूमों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और डर का माहौल है।
Apr 26, 2026 | 03:55 PM IST

आप ने पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध राज्यसभा सभापति से किया

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने रविवार को राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन को एक पत्र भेजकर उच्च सदन के उन सात सांसदों को अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया है, जिन्होंने हाल ही में ’आप’ छोड़कर भाजपा में विलय की घोषणा की है।

सिंह ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्यसभा के सात सदस्यों द्वारा उठाया गया कदम दल-बदल के समान है। उन्होंने कहा कि सदस्यों का कदम संबंधित कानून के प्रावधानों के विरुद्ध है।

’आप’ ने पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध राज्यसभा सभापति से किया है और दावा किया है कि वे (सांसद) आप की टिकट पर उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला किया।
Apr 26, 2026 | 03:54 PM IST

मैं और सिद्धरमैया नेतृत्व मुद्दे पर आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे : शिवकुमार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि वह और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया राज्य में नेतृत्व के मुद्दे पर कांग्रेस आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और वह उचित समय पर उचित निर्णय लेगा।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पार्टी और राजनीतिक गलियारों में चार मई के बाद संभावित नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। चार मई को ही चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे तथा कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव परिणाम घोषित होंगे।
Apr 26, 2026 | 03:16 PM IST

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सड़क हादसे में एक महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुलतानपुर इलाके में सीतापुर-गोला रोड पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसकी वजह से एक महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब हिमांशु (30), उसकी मां रेखा (50), और सुनिता (45) सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

तीनों रामकोट क्षेत्र के अरथाना गांव के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
Apr 26, 2026 | 03:12 PM IST

मशहूर फोटोग्राफर रघु राय का निधन

भारतीय फोटो पत्रकारिता के दिग्गज और विश्वप्रसिद्ध फोटोग्राफर रघु राय का रविवार को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले दो वर्षों से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन से कला, मीडिया और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके बेटे ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि दो साल पहले उन्हें प्रोस्टेट कैंसर का पता चला था। इलाज के बाद वह कुछ समय के लिए ठीक हो गए थे, लेकिन बाद में कैंसर पेट तक फैल गया और हाल ही में यह बीमारी उनके मस्तिष्क तक पहुंच गई थी। उम्र संबंधी परेशानियों के साथ यह बीमारी और गंभीर हो गई थी।
Apr 26, 2026 | 02:36 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पूर्वोत्तर के बांस के उत्पाद खरीदने की अपील की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे पूर्वोत्तर का कोई ना कोई बांस का उत्पाद अवश्य खरीदें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से उन लोगों का हौसला बढ़ेगा जो इन उत्पादों को बनाने में अपना पसीना बहाते हैं।
मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ’मन की बात’ में कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान बनाए गए कानून के अनुसार बांस को पेड़ की श्रेणी में रखा गया था और उससे जुड़े नियम बहुत सख्त थे। उन्होंने कहा कि बांस को कहीं भी ले जाना-लाना बहुत कठिन था, जिसके कारण लोग बांस से जुड़े व्यवसायों से दूर होने लगे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 2017 में कानून में बदलाव करके बांस को पेड़ की श्रेणी से हटाकर घास की श्रेणी में रखा। उन्होंने कहा, ’’इसके परिणाम सभी को दिखाई दे रहे हैं। आज पूरे पूर्वोत्तर में बांस क्षेत्र फल-फूल रहा है। लोग लगातार नवाचार कर रहे हैं और इसमें मूल्य संवर्धन कर रहे हैं।’’
मोदी ने कहा कि जिसे कभी बोझ समझा जाता था, वही आज रोजगार, व्यापार और नवाचार को नयी गति दे रहा है और इसकी सबसे बड़ी लाभार्थी महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि लोग यह जानकर हैरान होंगे कि केवल बांस की परिभाषा बदलने से कितना बड़ा बदलाव आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं आप सभी से आग्रह करूंगा कि पूर्वोत्तर से कोई ना कोई बांस का उत्पाद अवश्य खरीदें। आप इसे उपहार के रूप में भी दे सकते हैं। आपके प्रयास उन लोगों का हौसला बढ़ाएंगे, जो बांस उत्पाद बनाने में अपना पसीना बहाते हैं।’’
Apr 26, 2026 | 01:48 PM IST

यूपी में भीषण गर्मी के कारण राम मंदिर में श्रद्धालु घटे

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के कारण अयोध्या में राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तेज गिरावट दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सामान्य दिनों में मंदिर में एक लाख से अधिक भक्त आते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर 40 हजार से भी कम रह गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अयोध्या में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अगले 72 घंटों तक पारा 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए एयर‑कूल्ड वेटिंग हॉल बनाए गए हैं, जिनमें एक बार में करीब 3,000 लोग बैठ सकते हैं। नगर निगम ने राम पथ और आसपास के क्षेत्रों में फॉगिंग मशीनों से पानी का छिड़काव शुरू किया है। वहीं रामलला के लिए भी विशेष इंतज़ाम किए गए हैं—लस्सी, फलों का रस और हल्के भोजन को भोग में शामिल किया गया है। मूर्ति को ठंडे पानी से स्नान कराया जा रहा है और कपड़े हल्के सूती या रेशमी पहनाए जा रहे हैं।
Apr 26, 2026 | 01:09 PM IST

कल्पक्कम में ‘फास्ट ब्रीडर रिएक्टर' का ‘क्रिटिकैलिटी' हासिल करना ऐतिहासिक उपलब्धि: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ’कल्पक्कम फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ के क्रांतिकता (क्रिटिकैलिटी) हासिल करने को एक ’’ऐतिहासिक उपलब्धि’’ बताया और कहा कि भारतीय परमाणु वैज्ञानिकों ने देश को गौरवान्वित किया है।
मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम ’मन की बात’ में कहा कि भारतीय वैज्ञानिक असैन्य परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं और उनके प्रयास राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रहे हैं।
मोदी ने कहा कि ’क्रिटिकैलिटी’ वह चरण है, जिसमें रिएक्टर पहली बार स्वत: परमाणु श्रृंखला अभिक्रिया में सफलता हासिल करता है। इस चरण का मतलब है रिएक्टर का संचालन चरण में पहुंचना। भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा में यह एक ’’ऐतिहासिक उपलब्धि’’ है और बड़ी बात ये भी है कि परमाणु रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें मार्च 2024 में कल्पक्कम में रिएक्टर की कोर लोडिंग देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा, ’’मैं उन सभी को बधाई देता हूं, जिन्होंने, भारत के परमाणु कार्यक्रम में अपना अमूल्य योगदान दिया है।’’
मोदी ने कहा कि देशवासियों के जीवन को बेहतर और आसान बनाने के लिए वैज्ञानिकों के प्रयास वास्तव में सराहनीय हैं। इससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी एक नयी ऊर्जा मिलेगी।
भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि में, 500 मेगावाट ई के प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (पीएफबीआर) ने छह अप्रैल को सफलतापूर्वक पहली क्रिटिकैलिटी (नियंत्रित परमाणु विखंडन श्रृंखला अभिक्रिया) प्राप्त कर ली है, जो दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा प्रदान करने और स्वदेशी परमाणु प्रौद्योगिकी क्षमताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
Apr 26, 2026 | 11:56 AM IST

कोलंबिया में एक बस में हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत, 38 घायल

दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में शनिवार को एक बस में सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 38 लोग घायल हो गए।
देश के सेना प्रमुख ने इसे ’’आतंकी हमला’’ बताया है। इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी हिंसा लगातार बढ़ रही है।
काउका क्षेत्र के गवर्नर ऑक्टावियो गुजमान ने बताया कि यह विस्फोट काजिबियो नगर पालिका में पैनअमेरिकन हाईवे पर बस के गुजरने के दौरान किया गया।
काउका की स्वास्थ्य सचिव कैरोलिना कामार्गो ने बताया कि घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं।
कोलंबिया सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह ’’आतंकी कृत्य’’ है और इसके लिए ’’इवान मोर्दिस्को’’ नामक कुख्यात अपराधी के गिरोह तथा जैमी मार्टिनेज गुट को जिम्मेदार ठहराया।
दोनों गुट अब भंग हो चुके कोलंबिया के रिवॉल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज के असंतुष्ट धड़े हैं, जो अब भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन गुटों ने 2016 में सरकार के साथ हुए शांति समझौते को नहीं माना था।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि कई आदिवासी लोगों समेत निर्दोष नागरिकों को मारने वाले लोग आतंकवादी, फासीवादी और मादक पदार्थ के तस्कर हैं।
यह हाल के दिनों में सार्वजनिक ढांचे को निशाना बनाकर किए गए कई विस्फोटों की कड़ी में ताजा हमला है। पिछले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में कम से कम 26 हिंसक घटनाएं हुई हैं।
Apr 26, 2026 | 11:55 AM IST

दिल्ली में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और शाम तक कुछ स्थानों पर ऊष्म लहर जैसी स्थिति के लिए ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
आईएमडी ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे बजे सापेक्षिक आर्द्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 223 दर्ज किया गया, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ’अच्छा’, 51 से 100 ’संतोषजनक’, 101 से 200 ’मध्यम’, 201 से 300 ’खराब’, 301 से 400 ’बहुत खराब’ और 401 से 500 ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
Apr 26, 2026 | 11:53 AM IST

दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस एयर लाइन्स के जहाज का इंजन हवा में फेल

दिल्ली हवाई अड्डे से ज्यूरिख जाने के लिए निर्धारित ’स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स’ के एक विमान को उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया। विमान में 232 यात्री सवार थे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ए330 विमान से संचालित ज्यूरिख जाने वाली उड़ान एलएक्स147 के एक ’लैंडिंग गियर’ की बाईं ओर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद चालक दल ने उड़ान भरने की प्रक्रिया बीच में ही रोक दी और पूर्ण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू कर दी गई।
विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने विस्तृत बयान में बताया कि विमान में 228 यात्री और चार शिशु सवार थे।
प्रवक्ता ने कहा, "भारतीय समयानुसार शनिवार रात एक बजे के आसपास उड़ान भरने के दौरान इंजन में समस्या आई। चालक दल ने विमान को उड़ान भरने से रोक दिया और स्थिति का आकलन करने के बाद एहतियातन विमान खाली कराने का निर्णय लिया।"
उन्होंने बताया, "सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को ’इमरजेंसी स्लाइड’ के जरिए विमान से बाहर निकाला गया। छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है। जो यात्री स्लाइड का इस्तेमाल करने में असमर्थ थे, उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई।"
उन्होंने यह भी बताया कि स्विट्जरलैंड के तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम विमान की जांच के लिए दिल्ली आएगी। साथ ही सभी यात्रियों के लिए आगे की यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था करने पर तेजी से काम किया जा रहा है।
Apr 26, 2026 | 08:11 AM IST

White House Correspondents' Dinner Firing: गोलीकांड का संदिग्ध, अस्पताल में भर्ती

वॉशिंगटन पोस्ट के अनुसार एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हिल्टन होटल गोलीकांड का संदिग्ध जीवित है और उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। कई लॉ इन्फोर्समेंट अधिकारियों द्वारा दी गई ताजा जानकारी के अनुसार संदिग्ध हमलावर की पहचान 30 वर्षीय कैलिफोर्निया निवासी के रूप में की गई है।
Apr 26, 2026 | 07:57 AM IST

चारमीनार एक्सप्रेस ट्रेन में आग

तेलंगाना के यादद्री भुवनगिरी जिले में अलेर रेलवे स्टेशन के पास चारमीनार एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रेन के एस‑5 कोच में आग भड़की, जिसकी वजह और नुकसान का विवरण अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के समय यात्रियों ने धुआं निकलते देखा और कुछ ही देर में लपटें उठने लगीं, जिससे अफरा‑तफरी मच गई। लोग चीख‑पुकार करते हुए इधर‑उधर भागने लगे। ट्रेन को तुरंत रोककर यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी, हालांकि अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी के हताहत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और रेलवे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Apr 26, 2026 | 07:06 AM IST

आज की ताजा खबर: गुजरात में आज स्थानीय निकाय चुनाव

गुजरात में स्थानीय और नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान होगा।इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय टक्कर है,जबकि एआईएमआईएम भी मुकाबले को बहुकोणीय बनाने में जुटी है।
Apr 26, 2026 | 07:05 AM IST

Trump Firing: वॉशिंगटन के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप को सुरक्षित निकाला बाहर

अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' (WHCA) के दौरान गोलियों की आवाज सुनाई दी। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल होने वाले थे। जैसे ही बॉलरूम के ठीक ऊपर वाले कमरे में फायरिंग की आवाजें आई, सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप को मंच से सुरक्षित बाहर निकाला।