LIVEआज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 24 जून 2024: पीएम मोदी ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, द.कोरिया में आग लगने से 22 लोगों की मौत

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 24 जून 2024: पीएम मोदी ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, द.कोरिया में आग लगने से 22 लोगों की मौत
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 24 जून 2024 और बड़ी खबरें: 18 वीं लोकसभा के पहले सत्र की आज शुरुआत से पहले एक तरफ संसद भवन में सांसद शपथ ग्रहण कर रहे थे तो दूसरी तरफ संसद भवन के बाहर विपक्ष के लोग संविधान बचाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस सब के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले सदन में शपथ ली। इससे पहले पीएम मोदी ने सत्र शुरू होने से पहले अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश की जनता विपक्ष से भी अच्छे कदमों की अपेक्षा रखती है। विपक्ष की तरफ से अबतक तो निराशा मिली है। शायद इस 18वीं लोकसभा में विपक्ष से देश के नागरिक अच्छी भूमिका की अपेक्षा करते हैं। उन्होंने देश में आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि आज 24 जून है, जब हम मिले हैं। कल 25 जून है जिसे कोई भूल नहीं सकता। 50 वर्ष उस दिन को कल होने वाला है जब देश के लोकतंत्र पर काला धब्बा लगा था। पीएम मोदी की बातों पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जमकर निशाना साधा। खड़गे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने प्रथागत शब्द आज जरुरत से ज्यादा बोले। इसे कहते हैं, रस्सी जल गई, बल नहीं गया। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ('इंडिया') के कई घटक दलों के नेता 18वीं लोकसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन सोमवार को संविधान की प्रति लेकर सदन में पहुंचे और एकजुटता प्रकट की। उच्चतम न्यायालय ने कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत पर अंतरिम रोक लगाने के उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उनकी याचिका पर सुनवाई के लिए 26 जून की तारीख तय की है। न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी की अवकाशकालीन पीठ ने सोमवार को कहा कि वह इस मुद्दे पर उच्च न्यायालय के आदेश का इंतजार करना चाहेगी। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर रहेगी हमारी नजर, जानिए क्या हैं आज की बड़ी खबरें।
ओडिशा के बालासोर शहर में मंगलवार रात तक जारी रहेगा कर्फ्यू
ओडिशा के बालासोर के जिला प्रशासन ने सोमवार को कहा कि शहर के नगरपालिका क्षेत्रों में कर्फ्यू, कुछ ढिलाई के साथ मंगलवार रात तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने बताया कि नगर पुलिस थाना क्षेत्रों में मंगलवार सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी, जबकि सहदेवखुंटा पुलिस थाना क्षेत्र में सुबह पांच बजे से रात नौ बजे तक ढील दी जाएगी।
केंद्र ने प्रश्नपत्र लीक रोधी कानून के तहत नियमों को जारी किया
केंद्र ने हाल में अधिसूचित प्रश्नपत्र लीक रोधी कानून के तहत नियम सोमवार को सार्वजनिक कर दिए। इसके तहत राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (एनआरए) को कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए नियम, मानक और दिशानिर्देश तैयार करने का दायित्व सौंपा गया है।
18 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों में 14 की नीलामी रद्द की
सरकार ने दूसरे दौर की नीलामी में पेश किए गए 14 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी रद्द कर दी है। खान मंत्रालय ने फरवरी में दूसरे चरण में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की 18 खदानों को नीलामी के लिए रखा था। एमएसटीसी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक खान मंत्रालय ने हाल में एक नोटिस जारी कर बताया कि इन 14 ब्लॉकों में पांच के लिए कोई बोली नहीं मिली।
सात नक्सली हथियारों के साथ गिरफ्तार
झारखंड के लातेहार जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। इनके पास से कई हथियार और नक्सली पर्चे भी जब्त किए गए हैं।
प्रज्वल रेवन्ना को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
यहां की एक अदालत ने कई महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामलों की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत अवधि सोमवार को समाप्त होने के बाद प्रज्वल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नड्डा राज्यसभा में सदन के नेता नियुक्त किये गये
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता नियुक्त किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उच्च सदन में नड्डा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की जगह लेंगे। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में गोयल ने महाराष्ट्र से जीत दर्ज की है। गोयल ने आज निचले सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली।
चंडीगढ़ के मॉल में ‘टॉय ट्रेन' का डिब्बा पलटने से बच्चे की मौत
चंडीगढ़ के एक मॉल में ‘टॉय ट्रेन’ का डिब्बा पलट जाने से उसमें सवारी कर रहे एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात एलांटे मॉल में हुई, जहां पंजाब के नवांशहर के बलाचौर से यह बच्चा अपने परिवार के साथ घूमने आया था। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है।
द.कोरिया में आग लगने से 16 लोगों की मौत
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के समीप लिथियम बैटरी बनाने वाली फैक्टरी में सोमवार को आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी, सात घायल हो गए तथा छह लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्थानीय दमकल अधिकारी किम जिन-यंग ने बताया कि बचाव कर्मियों ने सियोल के दक्षिणी क्षेत्र ह्वासियोंग शहर में फैक्टरी की तलाशी के बाद शव बरामद किए।किम ने पहले बताया था कि ज्यादातर लापता लोग विदेशी हैं जिनमें चीनी नागरिक भी शामिल हैं।
कलबुर्गी हवाई अड्डे पर बम रखने की धमकी फर्जी निकली
कर्नाटक के कलबुर्गी हवाई अड्डे को सोमवार को ईमेल के जरिए बम रखे होने की धमकी मिली जो व्यापक तलाश अभियान के बाद फर्जी निकली। पुलिस ने बताया कि ईमेल मिलने के तुरंत बाद बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता हवाई अड्डा परिसर की तलाशी में लगाया गया। कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त चेतन आर. ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हवाई अड्डे के निदेशक चिलका महेश को आज सुबह एक अज्ञात आईडी से ईमेल मिला जिसमें दावा किया गया कि हवाई अड्डा परिसर में एक बम रखा गया है।
केजरीवाल की जमानत याचिका पर 26 जून को सुनवाई करेगी शीर्ष अदालत
सुप्रीम कोर्ट ने कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत पर अंतरिम रोक लगाने के हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ उनकी याचिका पर सुनवाई के लिए 26 जून की तारीख तय की है। न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी की अवकाशकालीन पीठ ने सोमवार को कहा कि वह इस मुद्दे पर उच्च न्यायालय के आदेश का इंतजार करना चाहेगी। केजरीवाल की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने जमानत आदेश पर अंतरिम रोक हटाने का अनुरोध किया। सिंघवी ने कहा कि केजरीवाल के फरार होने का जोखिम नहीं है। उन्होंने पीठ से उच्च न्यायालय का आदेश सुनाए जाने से पहले उस पर रोक लगाने का अनुरोध किया।
प्रधान के शपथ लेते समय विपक्षी दलों ने नीट परीक्षा को लेकर नारेबाजी की
नीट परीक्षा में कथित अनियमितता के मुद्दे की गूंज सोमवार को लोकसभा में भी सुनाई दी जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सदन की सदस्यता की शपथ ग्रहण करते समय विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी की। 18वीं लोकसभा के पहले सत्र की बैठक सोमवार को शुरू हुई जिसमें कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब सदस्यों को शपथ ग्रहण करा रहे हैं। जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेने के लिए अपने स्थान से उठे तो विपक्षी दलों के कुछ सदस्य ‘नीट-नीट’ और ‘शेम-शेम’ के नारे लगाने लगे। ‘राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा -स्नातक’ (नीट-यूजी) 2024 में कथित अनियमितता और कथित रूप से प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में विपक्ष सरकार को घेर रहा है। संसद के मौजूदा सत्र में विपक्षी सदस्य जोरदार तरीके से इस मुद्दे को उठा सकते हैं।
नीट विवाद में हाई कोर्ट में सुनवाई
जयपुर- नीट परीक्षा विवाद मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस अशोक कुमार जैन ने एनडीए और केंद्र सरकार से जवाब मांगा। हाई कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है। सुप्रीम कोर्ट में 8 जुलाई को मामले की सुनवाई होगी। ऐसे में 10 जुलाई को अदालत ने मामले को अगली सुनवाई तय की गई। याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा रद्द करने की अदालत से गुहार लगाई है ।
राहुल का मोदी सरकार पर हल्लाबोल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह को संविधान के मुद्दे पर फिर निशाने पर लिया। राहुल ने पीएम मोदी और अमित शाह पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि यह उन्हें स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह संविधान पर हमला कर रहे हैं। हम संविधान पर वह हमला नहीं होने देंगे। यह हमला हमें स्वीकार्य नहीं है।
संसद सत्र से पहले पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा
आजादी के बाद पहली बार, नव निर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण नए संसद भवन में हो रहा है। ‘श्रेष्ठ भारत’, ‘विकसित भारत’ बनाने के संकल्प के साथ आज 18वीं लोकसभा की शुरुआत हो रही है : प्रधानमंत्री मोदी ।
भृर्तहरि महताब ने ली प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ
आज संसद का पहला सत्र, ऐसा हुआ स्वागत
आगे बढ़ा मानसून
कई दिनों तक ठहर जाने के बाद अब मानसून आगे बढ़ने लगा है। यह गुजरात सहित अन्य राज्यों को ओर बढ़ गया है और अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। दक्षिण-पश्चिमी मानसून दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में 11 जून को जल्दी पहुंचने और कई दिनों तक ठहर जाने के बाद रविवार को राज्य में आगे बढ़ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने रविवार शाम अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले तीन-चार दिन में गुजरात और इससे सटे उत्तरी अरब सागर के कुछ और हिस्सों में पहुंचने के लिए मानसून को लेकर स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
एनटीए पर उच्चस्तरीय समिति आज करेगी बैठक
सूत्रों ने बताया कि परीक्षा सुधारों को लेकर सुझाव देने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के कामकाज की समीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की उच्चस्तरीय समिति सोमवार को बैठक करेगी।मंत्रालय ने शनिवार को एनटीए के माध्यम से परीक्षाओं के पारदर्शी, सुचारू और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पूर्व भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख के राधाकृष्णन की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति गठित की थी। वहीं, एनटीए ने रविवार को यह भी स्पष्ट किया कि उसकी वेबसाइट और उसके सभी अन्य वेब पोर्टल पूरी तरह से सुरक्षित हैं, और इनसे छेड़छाड़ और हैक होने की खबरें गलत व भ्रामक हैं।